waah kya railly hai : राजा भैया की रैली में शामिल हुईं इतनी गाड़ियां कि देख कर हैरत में पड़ गए लोग, योगी जी ने बांध दिया समां

◼️ उत्तम मालवीय, बैतूल
पंचायत चुनावों में किसी प्रत्याशी के पक्ष में इतना बड़ा शक्ति प्रदर्शन शायद ही किसी ने देखा हो। बैतूल जिला पंचायत के भैंसदेही क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 18 में मंगलवार को इतनी बड़ी वाहन रैली निकली जिसने लोगों को हैरत में डाल दिया। इस रैली में लगभग 300 चारपहिया वाहन शामिल हुए। वाहनों की कतार इतनी लंबी थी कि खत्म होने का नाम ही नहीं ले रही थी। दूसरी ओर इस क्षेत्र में प्रचार के लिए आए शिवेंद्र योगी जी ने भी समां बांध दिया। वे हू-ब-हू यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ नजर आते हैं।
जिला पंचायत के वार्ड क्रमांक 18 से भाजपा समर्थित प्रत्याशी दुर्गाचरण सिंह ठाकुर (राजा भैया) चुनाव लड़ रहे हैं। वे अपने समर्थकों के साथ लगातार जनसंपर्क कर रहे हैं। उनका प्रचार अन्य प्रत्याशियों के मुकाबले काफी हटकर और अनूठे अंदाज में चल रहा है। आज उनका प्रचार करने इंदौर से शिवेंद्र योगी पहुंचे। वे बिल्कुल योगी आदित्यनाथ की तरह दिखते हैं। वहीं उनका पहनावा भी वैसा ही है। यही वजह है कि वे सहज ही आकर्षण का केंद्र बन गए। हर जगह उनके साथ सेल्फी लेने की सभी में होड़ लग गई।

दूसरी ओर आज राजा भैया के समर्थन में निकली रैली भी आकर्षण का केंद्र रही। इस क्षेत्र में आने वाली 27 पंचायतों के सभी 93 बूथों से वाहन रवाना हुए और झल्लार में आकर मिले। यहां से यह सभी करीब 300 वाहन रैली के रूप में निकले। इसके बाद विजयग्राम, कोयलारी, कालडोंगरी, निपान्या, गुदगांव, धामनगांव, घोघामा, जामझिरी, चिचोली, पाड़ली होते हुए भैंसदेही पहुंची। यहां बड़ी सभा हुई। इसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। इन सभी से राजा भैया (ठाकुर) के पक्ष में अच्छा खासा माहौल बनता हुआ दिखाई दे रहा है। देखें विशाल वाहन रैली का वीडियो…
भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक शिवप्रसाद राठौर ने भी राजा भैया के पक्ष में मोर्चा संभाल लिया है। वे कई ग्रामीण क्षेत्रों में सघन जनसंपर्क कर राजा भैया को जिताने की अपील कर रहे हैं। स्वयं श्री ठाकुर ने अभी तक क्षेत्र के मालेगांव, कोलगांव, बरहापुर, पाड़ली, बासनेरखुर्द, विजयग्राम, कोयलारी, केरपानी, मच्छी, लायवानी, चिचोलाढाना, गुदगांव, धामनगांव, खेमगांव, कालडोंगरी, निपान्या सहित अन्य गांवों में जनसंपर्क कर लिया है। इस दौरान वे अपने चुनाव चिन्ह दो पत्ती पर मोहर लगाने की अपील कर रहे हैं।



