New Car : ब्रेजा के बाद मार्केट में धमाल मचाने आ रही Maruti Vitara, क्रेटा से होगी सीधी टक्कर

नई दिल्ली. इंडो-जैपनीज कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी (Maruti Suzuki) ने हाल ही में अपनी बेहद पॉप्युलर एसयूवी Maruti Suzuki Brezza को भारतीय बाजार में उतारा है. इस कार की शुरुआती कीमत 7.99 लाख रुपये है. वहीं इसका टॉप मॉडल खरीदने के लिए आपको 13.96 लाख रुपये खर्च करने होंगे. नया मॉडल कई नए फीचर्स के साथ आता है. इसके अलावा कार की डिजाइन में भी कुछ बदलाव देखने को मिलते हैं.
अब कंपनी नई मारुति ब्रेजा 2022 के बाद टोयोटा के साथ मिलकर नई मिड साइज एसयूवी लाने की तैयारी कर रही है. टोयोटा ने हाल ही में टोयोटा अर्बन क्रूजर (Toyota Urban Cruiser) लॉन्च की है. अब टोयोटा के साथ अपनी पार्टनरशिप के तहत मारुति इस कार को अपनी ब्रैंडिंग के साथ भारतीय बाजार में लॉन्च करेगी.
आ रही मारुति विटारा
ICN की एक रिपोर्ट के मुताबिक मारुति इस मॉडल को मारुति विटारा (Maruti Vitara) नाम से बाजार में उतार सकती है. कंपनी जुलाई के तीसरे हफ्ते में इस कार से पर्दा उठा देगी. वहीं फेस्टिव सीजन के आस पास इस कार को इंडियन मार्केट में लॉन्च किया जा सकता है. अर्बन क्रूजर की तरह यह कार भी हाइब्रिड पावरट्रेन के साथ आ सकती है.
क्रेटा से सीधी टक्कर
मारुति विटारा की लंबाई 4.3 मीटर होगी और भारतीय बाजार में इस कार की सीधी टक्कर ह्यूंदै क्रेटा (Hyundai Creta) से होगी. इसके अलावा किआ सेल्टॉस और टोयोटा अर्बन क्रूजर हाईराइडर से भी यह कार टक्कर लेगी. इस नए मॉडल के लॉन्च के साथ मारुति सुजुकी भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार के मिड साइज एसयूवी सेगमेंट के 50 फीसदी हिस्से पर कब्जा करना चाहती है. इस कार का मास प्रॉडक्शन अगस्त में शुरू किया जा सकता है.



