Accident : खड़ी पिकअप से टकराया बारातियों से भरा वाहन, मुलताई के चिखलीखुर्द में हादसा

बैतूल। जिले में शुक्रवार-शनिवार की रात करीब एक बजे शादी समारोह में शामिल होकर टेमनी से आमला चार पहिया वाहन में सवार होकर वापस जा रहे बाराती दुर्घटना का शिकार हो गए। एक खड़ी पिकअप पर बारातियों से भरा वाहन चढ़ गया। इससे बारातियों को चोटें आईं। हादसा मुलताई क्षेत्र के ग्राम चिखली खुर्द के पास हुआ।
बताया जाता है कि बारातियों वाले वाहन में 9 लोग सवार थे। दुर्घटना में सभी को आंशिक चोटें आई हैं। ड्राइवर को नींद का झोंका आ जाने से यह दुर्घटना होने की बात कही जा रही है। हादसे के बाद तुरंत ही दूसरा वाहन बुलाकर सभी को आमला रवाना कर दिया गया।
आमला निवासी सुनील मुदफले के अनुसार वह लोग अपने मित्रों के साथ टेमनी एक विवाह समारोह में शामिल होने गए थे। विवाह संपन्न होने के बाद वे आमला वापस जा रहे थे। उसी बीच ये हादसा हुआ, जिससे वाहन के सामने का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। गाड़ी में बैठे लोग भी आंशिक रूप से घायल हए। हालांकि किसी को गंभीर चोट नहीं आई। इससे सभी ने राहत की सांस ली।



