Accident : बैतूल-परासिया स्टेट हाइवे पर मकान में घुसा ट्रक, मेहकार गांव की घटना, देखें कितना हुआ नुकसान
• प्रकाश सराठे, रानीपुर
बैतूल-परासिया स्टेट हाइवे पर स्थित ग्राम मेहकार में सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। यहां तेज रफ्तार से सड़क से गुजर रहा एक ट्रक एक मकान में घुस गया। खैरियत रही कि उस समय परिवार के सभी सदस्य घर में पीछे की ओर थे। इससे कोई हताहत नहीं हुआ। हालांकि ट्रक घुसने से दो मकान जरूर बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हुए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आज सुबह एक खाली ट्रक बैतूल से सारनी की ओर जा रहा था। तेज रफ्तार से जा रहा यह ट्रक सुबह 7.30 बजे मेहकार बस स्टैंड पर दो मकानों में घुस गया। इन मकानों में एक देवानंद और मोहन विश्वकर्मा का और दूसरा सुनील और अनिल विश्वकर्मा का है।
सुबह होने के कारण परिवार के सभी सदस्य उस समय घर में पीछे की ओर थे। यही कारण है कि किसी सदस्य को इस घटना में कोई नुकसान नहीं हुआ। अन्यथा बड़ी घटना हो सकती थी। हाइवे से तेज रफ्तार से गुजरते वाहनों के कारण इस तरह के हादसों का हमेशा डर बना रहता है।
तीन साल पहले चली गई थी एक जान
इस स्टेट हाइवे पर इसी गांव में 3 साल पहले भी इसी तरह का एक हादसा हो चुका है। इस समय एक रेत से भरा ट्रक इसी तरह एक मकान में घुस गया था। उस हादसे में एक वृद्ध महिला की घटना स्थल पर ही जान चली गई थी।



