भीमपुर में बड़ा उपद्रव: दुकानों में आग, पथराव में पुलिसकर्मी घायल

बैतूल के भीमपुर में शनिवार शाम को बड़ा बवाल हो गया है। अतिक्रमण हटाए जाने की मांग को लेकर वहां दिन भर शांतिपूर्ण प्रदर्शन चला, लेकिन शाम होते ही हालात बिगड़ गए। कुछ लोगों ने यहां दुकानों में आग लगा दी और वाहनों में तोड़फोड़ शुरू कर दी। इस पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया तो पुलिस पार्टी पर भी पथराव हो गया। बताते हैं कि इसमें कुछ पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। इसके बाद पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े। घटनाक्रम को देखते हुए आला अधिकारी भी भीमपुर पहुंचे हैं।

बताया जाता है कि भीमपुर के खारीढाना में शनिवार को आदिवासी संगठनों द्वारा एक आम सभा का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी तादाद में क्षेत्रवासी शामिल हुए। यहां से रैली भीमपुर पहुंची। रैली के पहुंचते ही दुकानदारों ने दुकानें बंद कर दी। रैली में शामिल लोगों ने भीमपुर में चक्काजाम और प्रदर्शन शुरू कर दिया। रैली और प्रदर्शन को देखते हुए भैंसदेही एसडीएम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद थे।

तत्काल अतिक्रमण हटाने की मांग को लेकर शाम तक शांतिपूर्ण प्रदर्शन चलता रहा। बताया जाता है कि शाम होते ही कुछ लोगों ने कुछ दुकानों में आग लगा दी। साथ ही वाहनों में भी तोड़फोड़ शुरू कर दी। यह देख कर पुलिस ने लाठीचार्ज शुरू किया। इसके बाद पुलिस पर भी पथराव हो गया। इसमें कुछ पुलिसकर्मियों के भी घायल होने की खबर है। हालांकि पुलिस उपद्रव कर रहे लोगों को तितर बितर करने में सफल रही।
इधर हालात बिगड़ते ही आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। साथ ही अतिरिक्त पुलिस बल भी बुलावाया है। इसके बाद भीमपुर में स्थिति सामान्य करने की कवायद शुरू हुई। रात 9.30 बजे के लगभग अपर कलेक्टर श्यामेंद्र जायसवाल और पुलिस विभाग ने बताया कि भीमपुर में स्थिति अब शांतिपूर्ण और नियंत्रण में है। पुलिस ने स्थिति सामान्य दिखाते हुए वीडियो भी जारी किए हैं।



