विधायक धरमू सिंह और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मंगल सिंह ने की विशेष पूजा-अर्चना, आखिर क्या था इसका उद्देश्य..?
बैतूल जिले की भैंसदेही विधानसभा से विधायक (MLA) धरमू सिंह सिरसाम और घोड़ाडोंगरी के पूर्व विधायक (Former legislator) मंगल सिंह जल्द ही एक आदिवासी गीत में नजर आएंगे। इसकी शूटिंग पूरी हो चुकी है और जल्द ही इसे रिलीज किया जाएगा।
बहुत कम समय में आदिवासी गीतों के माध्यम से देश भर में अपना एवं बैतूल जिले का नाम रोशन करने वाले आदिवासी गीतकार राजेश सरियाम द्वारा हाल ही में आदिवासी संस्कृति पर आधारित गीत देव दरबार लागल पढ़ा पेन देव दरबार तैयार किया गया है। आदिवासी संस्कृति पर आधारित इस गीत में भैंसदेही विधायक धरमू सिंह सिरसाम एवं पूर्व विधायक मंगल सिंह धुर्वे पूजा पाठ करते नजर आएंगे। इस गीत में विधायक द्वारा पूजा पाठ करते हुए आदिवासी संस्कृति एवं रीति-रिवाज को दिखाया जा रहा है।

गीतकार राजेश सरियाम ने बताया कि आदिवासी समाज में जिन रीति-रिवाजों से पूजा अर्चना की जाती है, उसे विधायक धरमू सिंह सिरसाम और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक मंगल सिंह धुर्वे द्वारा दर्शाया गया है। राजेश सरियाम के गीतों में जिले के उभरते कलाकारों को राष्ट्रीय स्तर पर कुछ ही समय में मिलियन दर्शकों द्वारा पसंद किया गया है।

पारंपरिक रीति-रिवाजों को संजो रहे राजेश
राजेश पारंपरिक गीतों को संगीत के साथ समूचे देश में संस्कृतिक और कला को आदिवासी फोक स्टूडियो के माध्यम से यूट्यूब पर दिखा रहे हैं। राजेश ने बताया कि उनका एक ही उद्देश्य है आदिवासी संस्कृति को जीवित रखना और जिले के लोक कलाकारों को मंच प्रदान करना। इसमें उन्हें काफी कामयाबी भी मिल रही है। उन्होंने बताया कि आगामी समय में वह आदिवासी संस्कृति पर आधारित छोटी छोटी चीजों को गीतों के माध्यम से दर्शकों के लिए प्रस्तुत करेंगे।




