इस हाइवे पर सफर कर रहे हो तो सावधान, कदम-कदम पर है मौत का इंतजाम

यदि आप खेड़ी-परतवाड़ा स्टेट हाइवे (State Highway) पर सफर कर रहे हैं तो बेहद सावधानी बरतने की जरूरत है। इस हाइवे पर मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम (MPRDC) की लापरवाही से कदम-कदम पर मौत का इंतजाम है। आपकी थोड़ी सी भी असावधानी सीधे मौत के मुंह में पहुंचा सकती है।

कहते हैं कि वाहन चलाने वालों को सतर्कता बरतनी चाहिए। वाहन चलाने वाले तो सतर्कता बरतते भी हैं, लेकिन सुरक्षित यात्रा के लिए जरा भी ध्यान संबंधित विभाग ना दें तो तमाम सतर्कता के बावजूद हादसे हो सकते हैं। खस्ताहाल सड़क भी दुर्घटनाओं का कारण बनती है। यही स्थिति लंबे समय से परतवाड़ा स्टेट हाइवे के खेड़ी से झल्लार तक के हिस्से में बन रही है।

इस मार्ग पर सड़क किनारे पटरी में गहरे-गहरे गड्ढे थोक में हो चुके हैं। लोहे की रेलिंग दुर्घटनाओं में जगह-जगह टूटी हुई है। रेलिंग में लगाई गई धारदार लोहे की पट्टियां और खम्भे खतरनाक तरीके से खुले पड़े हैं। यदि कोई हादसा हो और कोई यात्री इन पर गिरे तो उसकी सीधे मौत होना निश्चित है। रेलिंग को सुधारना तो दूर, इन्हें सुरक्षित एक ओर तक नहीं रखा गया है।

सड़क में हुए गड्ढों में कुछ को भरा गया है, लेकिन वह भी बेहद लापरवाही से। इससे सड़क का कुछ हिस्सा ऊंचा हो गया तो बाकी जगह गड्ढों की भरमार है। इससे हिचकोले खाते हुए सफर पूरा हो पाता है। ऊंची-नीची सड़क के चलते कई वाहनों का संतुलन नहीं बन पाता। जिसके चलते मोटर सायकल, ऑटो, कार जैसे वाहन आए दिन दुर्घटना का शिकार होते हैं।
यह सड़क एमपीआरडीसी की देखरेख में है मगर लगता नहीं कि निगम इस सड़क पर जरा भी ध्यान दे रहा है। निगम की लापरवाही हादसों को न्योता दे रही है। क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्सों को शीघ्र सुधारा जाएं और टूटी-फूटी रेलिंग को भी दुरुस्त किया जाएं ताकि वह लोगों की जान बचाने के काम आए ना कि खुद ही जानलेवा बन जाए।



