अजूबा: बैतूल में मिली ऐसी जंगली बिल्ली, जिसकी लंबाई है महज 14 इंच

उत्तर वन मंडल बैतूल के अंतर्गत आने वाली सारनी रेंज में स्थित मध्य प्रदेश पॉवर जेनरेटिंग कंपनी के जंगल में दुनिया की सबसे छोटी बिल्ली रस्टी स्पॉटेड कैट (Rusty Spotted Cat) मिली है। सतपुड़ा टाइगर रिजर्व (STR) में भी इसकी मौजूदगी दर्ज की जा चुकी है। इसकी तस्वीरें सारनी निवासी और वन्य प्राणियों के संरक्षण का कार्य कर रहे आदिल खान ने 21 फरवरी को अपने कैमरे में कैद की है।
आदिल ने बताया कि यह देखने में छोटे तेंदुए की तरह नजर आती है और रात के समय ही एक्टिव होती है। अंतर्राष्ट्रीय प्रकृति संरक्षण संघ ने इसे संकटासन्न प्राणी की श्रेणी में रखा है। संकटासन्न (Near Threatened) एक संरक्षण श्रेणी है। जिसमें वो जीव या प्रजातियां आती हैं जो भले ही आज संकटग्रस्त प्रजातियों की सूची में ना आते हों पर निकट भविष्य में जिनके विलुप्त होने का खतरा बना हुआ है।
इसका अधिकतम वजन एक किलो तक हो सकता है। वहीं, पूर्ण वयस्क बिल्ली 14 से 19 इंच तक लंबी व साढ़े पांच से साढ़े 11 इंच तक ऊंची हो सकती है। आदिल ने बताया कि यह संकटासन्न है और मध्यप्रदेश पॉवर जनरेटिंग कंपनी के जंगलों में हो रही बड़े पैमाने पर अवैध कटाई से इसके हैबिटेट को गंभीर नुकसान पहुंच रहा है। कंपनी को इनके संरक्षण के लिए कार्य करना चाहिए और कंपनी के जंगलों की सुरक्षा सुनिश्चित करना चाहिए।



