मोबाइल चोरी के संदेह में दो को पकड़ते ही हुआ कुछ ऐसा कि पहुंचाना पड़ा अस्पताल
आमला पुलिस ने रविवार शाम को मोबाइल चोरी के दो संदेहियों को पकड़ा। बैतूल कोतवाली पुलिस द्वारा उपलब्ध कराए गए एक सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने इन्हें पकड़ा। दोनों संदेही पकड़ने के पहले तक तो पूरी तरह ठीक थे, लेकिन पकड़ाते ही उन्हें मिर्गी के दौरे जैसे आने लगे। इस पर पुलिस ने आमला अस्पताल ले गई। वहां काफी देर तक मशक्कत के बाद वे ठीक नहीं हो सके तो दोनों को जिला अस्पताल लाया गया है। हालांकि पुलिस का मानना है कि वे केवल ड्रामा कर रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक बैतूल में एक मोबाइल दुकान से कुछ मोबाइल चोरी हुए थे। कुछ संदेहियों के सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को मिले थे। जिन्हें पुलिस ने वायरल किया था। इस आधार पर आमला पुलिस ने आमला बस स्टैंड पर मोबाइल बेचने का प्रयास कर रहे दो लोगों को पकड़ा और कोतवाली पुलिस को सूचना दी थी।

इधर दोनों संदेहियों को जैसे ही आमला पुलिस ने पकड़ा तो अचानक उन्हें मिर्गी के दौरे जैसे आने लगे। पहले लगा कि उन्होंने कोई जहरीला पदार्थ तो नहीं खा लिया। यह सब देख कर पुलिस भी घबरा गई। उन्हें तत्काल ही आमला अस्पताल ले जाया गया। वहां काफी मशक्कत के बाद भी दोनों ठीक नहीं हुए तो दोनों को रात करीब 11 बजे बैतूल जिला अस्पताल लाया गया है।
संदेहियों के पकड़ाने की सूचना पर कोतवाली टीआई अपाला सिंह भी आमला पहुंची। संदेहियों के पास से जो बैग मिला है उसमें दो मोबाइल मिले हैं जो बैतूल की एक दुकान से चुराए गए हैं। उनसे और भी चोरियों का खुलासा हो सकता है।
टीआई अपाला सिंह ने बताया कि संदेहियों ने जहर नहीं खाया है। दोनों को मिर्गी जैसे दौरे पड़ रहे हैं। संभावना है कि यह पूछताछ से बचने केवल ड्रामा है। दोनों का इलाज करवाया जा रहा है। उनके ठीक होने पर पूछताछ की जाएगी।



