बैतूल में बोर्ड परीक्षा शुरू: मास्क लगाकर पहुंचे बच्चे, प्रवेश से पहले थर्मल स्क्रीनिंग

माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल (MP Board) द्वारा ली जाने वाली बोर्ड परीक्षा गुरुवार सुबह बैतूल जिले के 128 परीक्षा केंद्रों पर शुरू हुई। पहले दिन हायर सेकंडरी (12Th) का अंग्रेजी का पेपर है। इसके चलते परीक्षार्थियों में थोड़ी घबराहट और मायूसी भी देखी जा रही है।
बोर्ड परीक्षा के पहले दिन व्यवस्था बनाने में थोड़ी मशक्कत करना पड़ा, लेकिन परीक्षाएं विधिवत शुरू हो गई हैं। परीक्षा केंद्रों में सुबह 10 बजे तक विद्यार्थी पहुंचते रहे। परीक्षा कक्ष में प्रवेश देने से पहले बाकायदा परीक्षार्थियों की थर्मल स्क्रीनिंग की गई।

मास्क लगाकर और सैनिटाइजर लेकर पहुंचे बच्चे
बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थी कोविड-19 के प्रोटोकाल का पालन करते हुए केंद्रों में पहुंचे। इनके चेहरे पर मास्क था और हाथ में सैनिटाइजर भी था। ड्यूटी पर तैनात शिक्षक भी मास्क लगाए हुए नजर आए। नकल पर अंकुश लगाने के लिए छापामार दलों का गठन किया गया है।

इतने परीक्षार्थी हो रहे परीक्षा में शामिल
जिले में 128 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। हाई स्कूल प्रमाण पत्र परीक्षा अंतर्गत 25899 एवं हायर सेकेंडरी प्रमाण पत्र परीक्षा अंतर्गत 17045 परीक्षार्थी सम्मिलित हो रहे हैं। प्रायोगिक परीक्षाएं भी सैद्धांतिक परीक्षाओं के साथ बीच बीच में ली जाएंगी। नियमित परीक्षार्थियों की प्रायोगिक परीक्षाएं उनकी अध्ययनरत शाला में, इसी प्रकार स्वाध्याई परीक्षार्थियों की परीक्षाएं उनके परीक्षा केंद्रों में संचालित की जाएंगी।
जिले में दस केंद्र हैं अति संवेदनशील
परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन के नेतृत्व में व्यापक व्यवस्थाएं की गई है। जिसके अंतर्गत जिले के 10 अति संवेदनशील केंद्र जहां से स्वाध्याई परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। साथ ही 5 अन्य संवेदनशील केंद्रों पर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था के साथ पूरे परीक्षाकाल के लिए ऑब्जर्वर की तैनाती रहेगी। वहीं प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर 100 मीटर तक का क्षेत्र परीक्षा से असंबंधित व्यक्तियों के लिए प्रतिबंधित रहेगा।
यह भी पढ़ें… 17 फरवरी से शुरू होगी बोर्ड परीक्षा, इस बार कई नए निर्देशों का करना होगा पालन
कलेक्टर अमनबीर सिंह बैंस, सीईओ अभिलाष मिश्र एवं जिला शिक्षा अधिकारी एलएल सुनारिया द्वारा परीक्षार्थियों को शांत चित्त से स्वाभाविक रहते हुए परीक्षा में सम्मिलित होने की हिदायत के साथ शुभकामनाएं प्रेषित की गई हैं।



