Betul traffic plan: बैतूल में ट्रैफिक सुधार के लिए बड़े कदम: 3 टोइंग वाहन आएंगे, अवैध अतिक्रमण पर चलेगा अभियान
Betul traffic plan: Major steps to improve traffic in Betul — 3 towing vehicles to be introduced, and a drive against illegal encroachment to be launched.

Betul traffic plan: बैतूल। शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने, बाजारों को व्यवस्थित करने और नागरिकों को जाम की समस्या को लेकर विधायक हेमंत खंडेलवाल ने बुधवार को पुलिस कंट्रोल रूम में अधिकारियों एवं व्यापारियों के साथ बैठक की। बैठक में शहर के प्रमुख मार्गों, बाजारों और व्यस्त चौराहों पर यातायात व्यवस्था सुधारने के साथ ही अतिक्रमण हटाने, हॉकर जोन विकसित करने और पार्किंग प्रबंधन को प्रभावी बनाने के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई।
विधायक श्री खंडेलवाल ने कहा कि शहर के विकास के साथ यातायात और बाजारों का सुव्यवस्थित होना भी जरूरी है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें, ताकि आम नागरिकों, व्यापारियों और राहगीरों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने नगर में अव्यवस्थित रूप से संचालित फल एवं सब्जी के ठेलों को चिन्हित हॉकर जोन में व्यवस्थित रूप से शिफ्ट करने के निर्देश दिए। साथ ही नवीन गंज कॉम्प्लेक्स में दुकानों का शीघ्र आवंटन कर पात्र दुकानदारों को व्यवस्थित रूप से शिफ्ट करने को कहा। शिफ्ट किए जाने वाले दुकानदारों को पहचान एवं आवंटन संबंधी कार्ड उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए, ताकि भविष्य में व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
अतिक्रमण हटाने चलेगा अभियान, दुकानों की सीमा होगी निर्धारित
विधायक श्री खंडेलवाल ने शहर के प्रमुख मार्गों एवं बाजार क्षेत्रों में किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दुकानदारों के लिए दुकानों के सामने सामान रखने की निर्धारित सीमा तय की जाए, ताकि सड़क और आवागमन के स्थान पर अनावश्यक कब्जा न हो। फुटपाथों को भी व्यवस्थित कर उनका उपयोग पैदल यात्रियों के आवागमन के लिए सुनिश्चित किया जाए। साथ ही नियमानुसार प्रभावित अतिक्रमणकारियों के पुनर्वास एवं स्वरोजगार संबंधी सहायता के लिए फाइनेंस कैंप आयोजित करने के निर्देश दिए।
- यह भी पढ़ें : Betul mandi bhav: बैतूल और भैंसदेही मंडी के 25 नवंबर के भाव: सोयाबीन 7751 और मक्का 2880 रुपये बिका, देखें पूरी लिस्ट
तीन टोइंग वाहन होंगे क्रय, नो पार्किंग में खड़े वाहनों पर होगी कार्रवाई
शहर में यातायात प्रबंधन को प्रभावी बनाने के लिए नो पार्किंग जोन चिन्हित करने और वहां नियमों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए गए। इसके लिए नगरपालिका को तीन टोइंग वाहन क्रय करने के निर्देश दिए गए, जिनका संचालन ट्रैफिक पुलिस के साथ समन्वय से किया जाएगा। इससे नो पार्किंग में खड़े वाहनों को हटाने और व्यस्त मार्गों पर यातायात सुचारू बनाए रखने में मदद मिलेगी।
विधायक श्री खंडेलवाल ने सदर एवं रानीपुर रोड पर लगने वाले जाम की समस्या के समाधान के लिए भी नगरपालिका को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। केंद्रीय विद्यालय के सामने बाउंड्रीवाल निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने तथा रानीपुर रोड, कॉलेज चौक से हमलापुर चौक और गणेश चौक पर रंबल स्ट्रिप लगाने के निर्देश दिए, ताकि यातायात व्यवस्था अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित हो सके।
शहर के आधारभूत ढांचे को भी किया जाएगा व्यवस्थित
बैठक में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में यातायात एवं विकास कार्यों में बाधा बन रहे विद्युत ट्रांसफार्मर और पोल की शिफ्टिंग के निर्देश भी दिए गए। विधायक श्री खंडेलवाल ने आश्रय योजना के तहत निर्धारित स्थान पर मल्टी निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने तथा नवीन कॉम्प्लेक्स विकसित करने के संबंध में भी आवश्यक कार्यवाही करने को कहा।
बैठक में कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे, पुलिस अधीक्षक अमित सक्सेना, सीईओ जिला पंचायत गणेश जायसवाल, एसडीएम डॉ. अभिजीत सिंह, सीएमओ नवनीत पांडे, थाना प्रभारी देवकरण डेहरिया सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं व्यापारी उपस्थित रहे।
सोशल मीडिया पर बैतूल अपडेट की खबरें पाने के लिए फॉलो करें-
- हमारे यूट्यूब चैनल पर खबरें देखने के लिए : यहां क्लिक करें
- वाट्सअप चैनल पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक ग्रुप पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक पेज पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- एक्स पर खबरें पाने के लिए: यहां क्लिक करें



