Betul Collector News: बैतूल में कलेक्टर ने चखा मिड-डे मील, जर्जर स्कूल भवन तोड़ने और वर्धा प्रोजेक्ट से जोड़ने के निर्देश
Betul Collector News: Collector in Betul tastes mid-day meal; issues directives to demolish dilapidated school building and integrate the school with the Wardha Project.

Betul Collector News: बैतूल। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने शुक्रवार को मुलताई विकासखंड के ग्राम बरई, महतपुर एवं खड़कवार का भ्रमण कर आंगनवाड़ी भवन, शासकीय विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
स्व-सहायता समूह की महिलाओं एवं ग्रामीणों से किया संवाद
ग्राम बरई में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्रयोगशाला कक्ष में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजा पवार और कलेक्टर डॉ.सौरभ संजय सोनवणे ने स्व-सहायता समूह की महिलाओं एवं ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने स्व-सहायता समूहों के माध्यम से संचालित गतिविधियों एवं उनसे होने वाली आय की जानकारी ली। साथ ही ग्रामीणों से पेयजल एवं राशन वितरण की स्थिति के संबंध में भी चर्चा की।
ग्रामीणों द्वारा पेयजल की समस्या बताए जाने पर कलेक्टर ने वर्धा प्रोजेक्ट से गांव को जोड़ने तथा पानी की टंकियों का निर्माण निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। साथ ही पंचायत भवन निर्माण के लिए 16वें वित्त आयोग से स्वीकृति की कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
- यह भी पढ़ें : Betul Mandi Bhav: बैतूल और भैंसदेही मंडी 20 नवंबर 2026: मक्का, गेहूं और सोयाबीन के ताजा भाव जानें
आंगनवाड़ी की व्यवस्थाएं मिली बेहतर
ग्राम बरई में आंगनवाड़ी केंद्र के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बच्चों की दर्ज संख्या की जानकारी ली तथा बच्चों से कविता सुनकर उनकी शैक्षणिक गतिविधियों को परखा। उन्होंने बच्चों को रोचक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के निर्देश दिए। साथ ही आंगनवाड़ी भवन की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया।
आंगनवाड़ी केंद्र में सभी व्यवस्थाएं बेहतर पाए जाने पर उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ता हीरा बोबडे को प्रशंसा पत्र प्रदान कर सम्मानित करने के निर्देश दिए। उन्होंने एसडीएम को निर्देशित किया कि विकासखंड के ऐसे अन्य बेहतर व्यवस्थाओं वाले आंगनवाड़ी केंद्रों को भी चिन्हित कर वहां की कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया जाए।
- यह भी पढ़ें : Betul Crime News: बैतूल में गोवंश तस्करी का बड़ा भंडाफोड़: टवेरा में पर्दे और प्लाईवुड के पीछे बांधकर ले जा रहे थे पांच गोवंश
विद्यार्थियों से संवाद कर परखी शैक्षणिक गुणवत्ता
उन्होंने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण कर कक्षा पांचवीं के विद्यार्थियों से संवाद किया और उनकी शैक्षणिक गुणवत्ता परखी। उन्होंने शिक्षिका को विद्यार्थियों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के निर्देश दिए। कक्ष की छत से प्लास्टर झड़ने की स्थिति पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए।
इस दौरान उन्होंने विद्यालय के रसोई कक्ष का भी निरीक्षण किया तथा बच्चों के लिए तैयार किए जा रहे भोजन को चखकर उसकी गुणवत्ता परखी। विद्यालय परिसर में स्थित जर्जर भवन को शीघ्र डिस्मेंटल कराने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने ग्राम खड़कवार में ग्रामीणों की मांग पर पुलिया और सड़क मरम्मत कराए जाने के निर्देश जनपद पंचायत सीईओ और संबंधित इंजीनियर को दिए।
सोशल मीडिया पर बैतूल अपडेट की खबरें पाने के लिए फॉलो करें-
- हमारे यूट्यूब चैनल पर खबरें देखने के लिए : यहां क्लिक करें
- वाट्सअप चैनल पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक ग्रुप पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक पेज पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- एक्स पर खबरें पाने के लिए: यहां क्लिक करें



