Betul Crime News: बैतूल में गोवंश तस्करी का बड़ा भंडाफोड़: टवेरा में पर्दे और प्लाईवुड के पीछे बांधकर ले जा रहे थे पांच गोवंश
Betul Crime News: Major bust in cattle smuggling in Betul; five head of cattle were being transported in a Tavera, hidden behind curtains and plywood.

Betul Crime News: बैतूल। गोवंश तस्करी के खिलाफ राष्ट्रीय हिंदू सेना और भैंसदेही पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र नंबर की एक टवेरा सवारी गाड़ी पकड़ी है। वाहन के अंदर पांच गोवंश को रस्सियों से एक-दूसरे के ऊपर बांधकर बेहद अमानवीय तरीके से भरा गया था। तस्करी के लिए वाहन में विशेष बदलाव किए गए थे। पुलिस और संगठन की संयुक्त टीम की घेराबंदी देखकर वाहन में सवार दो संदिग्ध मौके से फरार हो गए। टीम ने सभी पांच गोवंश को सुरक्षित बाहर निकालकर मां पूर्णा गौशाला भैंसदेही पहुंचाया, जहां घायल एवं अस्वस्थ गोवंश का पशु चिकित्सकों द्वारा उपचार शुरू कर दिया गया है।
रात्रि 1 बजे मिली सूचना, तत्काल बनाई योजना
राष्ट्रीय हिंदू सेना के जिला अध्यक्ष राज यादव ने बताया कि संगठन को रात्रि करीब 1 बजे सूचना मिली थी कि भैंसदेही थाना क्षेत्र के ग्राम जामझिरी के निकट नाले के पास महाराष्ट्र नंबर की टवेरा गाड़ी में गोवंश भरकर महाराष्ट्र की ओर ले जाने की तैयारी की जा रही है। सूचना मिलते ही राष्ट्रीय हिंदू सेना के प्रदेश अध्यक्ष दीपक मालवीय ने भैंसदेही थाना प्रभारी राजेश सनातन को मामले से अवगत कराया। इसके बाद पुलिस और संगठन के सदस्यों ने संयुक्त रूप से योजनाबद्ध तरीके से मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
पुलिस को देखकर वाहन छोड़कर भागे दो संदिग्ध
राष्ट्रीय हिंदू सेना के जिला युवा संयोजक सोमेश सोनी ने बताया कि महाराष्ट्र की ओर जाने वाले मार्ग पर एक संदिग्ध टवेरा वाहन आता दिखाई दिया। टीम ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस और संगठन के सदस्यों को देखकर वाहन में सवार दो व्यक्ति गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गए। इसके बाद टीम ने वाहन की तलाशी ली तो उसमें गोवंश तस्करी के लिए किए गए बदलाव सामने आए। टवेरा की बीच की सीटें निकाल दी गई थीं। वहीं, खिड़कियों पर प्लाईवुड और पर्दे लगाए गए थे, ताकि बाहर से वाहन के अंदर की गतिविधियां दिखाई न दें।
- यह भी पढ़ें : Betul Collector News: बैतूल में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर कलेक्टर सख्त, भूमि पूजन हो चुके काम जल्द शुरू करने के निर्देश
एक के ऊपर एक बांधकर भरे थे पांच गोवंश
राष्ट्रीय हिंदू सेना के जिला कार्यालय मंत्री सत्यम विश्वकर्मा ने बताया कि वाहन क्रमांक MH.12.KE.4426 में पांच गोवंश को एक के ऊपर एक रस्सियों से बांधकर भरा गया था। वाहन के अंदर गोवंश के साथ क्रूरतापूर्ण व्यवहार किया गया था। पुलिस और राष्ट्रीय हिंदू सेना के सदस्यों ने संयुक्त प्रयास से सभी पांच गोवंश को सुरक्षित बाहर निकाला और मां पूर्णा गौशाला भैंसदेही पहुंचाया। गौशाला में घायल एवं अस्वस्थ गोवंश का पशु चिकित्सकों द्वारा उपचार प्रारंभ कर दिया गया है।
पुलिस और संगठन के सदस्य रहे मौजूद
इस संयुक्त कार्रवाई में पुलिस विभाग की ओर से एएसआई बलिराम बमले, आरक्षक सुरजीत जाट, आरक्षक नारायण जाट और आरक्षक मोहित मालवीय मौजूद रहे। वहीं, राष्ट्रीय हिंदू सेना की ओर से प्रदेश अध्यक्ष दीपक मालवीय, प्रांत सह संगठन मंत्री शुभम इगले, जिला अध्यक्ष राज यादव, विभाग अध्यक्ष दीपक कोसे, जिला युवा संयोजक सोमेश सोनी और जिला कार्यालय मंत्री सत्यम विश्वकर्मा सहित अन्य सदस्य शामिल रहे।
- यह भी पढ़ें : Betul Court News: बैतूल कोर्ट का बड़ा फैसला: किराना दुकान पर हुए विवाद में गला दबाकर हत्या करने वाले आरोपी को आजीवन कारावास
गौ माता की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर रहेगा संगठन
राष्ट्रीय हिंदू सेना के पदाधिकारियों ने कहा कि गोवंश की सुरक्षा एवं संरक्षण संगठन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। गोवंश के साथ क्रूरतापूर्ण व्यवहार और अवैध तस्करी करने वालों के विरुद्ध संगठन पुलिस-प्रशासन के सहयोग से लगातार कार्रवाई की मांग करता रहेगा। संगठन ने पुलिस प्रशासन से फरार संदिग्धों की पहचान कर उन्हें शीघ्र गिरफ्तार करने और मामले में कठोर वैधानिक कार्रवाई करने की मांग की है। राष्ट्रीय हिंदू सेना ने स्पष्ट किया कि गौ माता का संरक्षण, गोवंश की सुरक्षा और गौ तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए संगठन सदैव तत्पर रहेगा।
सोशल मीडिया पर बैतूल अपडेट की खबरें पाने के लिए फॉलो करें-
- हमारे यूट्यूब चैनल पर खबरें देखने के लिए : यहां क्लिक करें
- वाट्सअप चैनल पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक ग्रुप पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक पेज पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- एक्स पर खबरें पाने के लिए: यहां क्लिक करें



