CM Mohan Betul: सीएम मोहन यादव का बैतूल दौरा: 443 करोड़ की सौगातें मिलीं, लेकिन नगर निगम की घोषणा का बना रहा इंतजार
CM Mohan in Betul: CM Mohan Yadav’s visit to Betul brings gifts worth ₹443 crore, but the announcement regarding the Municipal Corporation remains awaited.

CM Mohan Betul: बैतूल। तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस वितरित करने बैतूल पहुंचे प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल के आग्रह पर बैतूल जिले को कई सौगातें दे गए। इन सौगातों के मिलने का जिलेवासी लंबे समय से इंतजार कर रहे थे। इन सौगातों के मिलने से एक ओर जहां जिलेवासियों की सुविधाओं में इजाफा होगा, वहीं अन्य कई तरह के लाभ भी प्राप्त हो सकेंगे।
बैतूल में आयोजित तेंदूपत्ता संग्राहक सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आज बैतूल में चार जिलों के 3.69 लाख तेंदूपत्ता संग्राहकों को 30 करोड़ रुपये से अधिक की बोनस राशि मिली है। यह दक्षिण बैतूल, पश्चिम बैतूल, उत्तर बैतूल, पांढुर्णा (दक्षिण छिंदवाड़ा), पूर्व छिंदवाड़ा, पश्चिम छिंदवाड़ा एवं नर्मदापुरम वन मंडल के तेंदूपत्ता संग्राहकों के अथक परिश्रम के सम्मान और उनके वाजिब हक की राशि है। प्रदेश के तेंदूपत्ता संग्राहकों को अब तक 80 करोड़ रुपए से अधिक राशि दी गई है।
नैसर्गिक सौंदर्य में बैतूल जिला अतुलनीय
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अद्भुत वन सम्पदा और नैसर्गिक सौन्दर्य के मामले में बैतूल जिला अतुलनीय है। जिले के समग्र विकास को और गति देने के लिए जिलेवासियों को इसी जगह पर 443 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात मिली है। बैतूल में जनजातीय बेटियों के लिए 50 करोड़ की लागत से कन्या शिक्षा परिसर और छात्रावास का भूमि-पूजन किया गया है।
24 करोड़ के नए कारखाने खोले जाएंगे
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बैतूल के कुकरू खामला का सौंदर्य दर्शनीय है। यहां 15 करोड़ रुपए की लागत से पर्यटन सुविधाओं को विस्तार दिया जा रहा है। यहां कॉफी के बागान लगाए जाएंगे। बैतूल-मुलताई में 24 करोड़ के नए कारखाने लगाए जाएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित सम्पत्तियों की नि:शुल्क रजिस्ट्री कराई जा रही है।

बैतूल को मिली बड़ी उपलब्धियां : हेमंत खंडेलवाल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल ने तेंदूपत्ता संग्राहकों के मानक बोरा की दर को बढ़ाकर 4 हजार रुपये किए जाने तथा बैतूल जिले सहित नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा के लगभग 3 लाख 69 हजार संग्राहकों को 30 करोड़ रुपये से अधिक की बोनस राशि के अंतरण के लिए मुख्यमंत्री डॉ यादव का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह राशि मेहनतकश और जनजातीय परिवारों के परिश्रम एवं योगदान के सम्मान का प्रतीक है।
श्री खंडेलवाल ने बैतूल जिले के विकास के लिए विभिन्न मांगें मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं। इनमें बैतूल नगर की पेयजल समस्या के समाधान के लिए 48 करोड़ रुपये की परियोजना, गीता भवन एवं हाट बाजार के लिए 17 करोड़ रुपये, स्कूलों के अधोसंरचना विकास के लिए 47 करोड़ रुपये, अंतरराज्यीय स्तर के क्रिकेट स्टेडियम एवं इंडोर स्टेडियम, विभिन्न सिंचाई परियोजनाओं, सड़कों और सौंदर्यीकरण कार्यों की मांग शामिल है। उन्होंने ताप्ती कंजर्वेशन रिजर्व में सफारी के लिए 7 करोड़ रुपये और बैतूल में बटरफ्लाई पार्क के लिए 3 करोड़ रुपये की मांग भी रखी। इस सभी मांगो को मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्वीकृत करने की घोषणा की।
विधायक श्री खंडेलवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा लगभग 145 करोड़ रुपये के 55 विकास कार्यों का लोकार्पण तथा 297 करोड़ रुपये के 52 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया जा रहा है। इनमें सांदीपनी विद्यालय, पेयजल योजनाएं, सड़क एवं पुल निर्माण, जनजातीय कन्या शिक्षा परिसर, औद्योगिक क्षेत्र तथा कुकरू में इको-टूरिज्म सुविधाओं का विकास किया जाएगा। उन्होंने ताप्ती बेसिन मेगा परियोजना के लिए महाराष्ट्र सरकार के साथ हुए एमओयू, बैतूल के उत्पादों की जीआई टैगिंग तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 35 हजार मकानों की नि:शुल्क रजिस्ट्री के लिए मुख्यमंत्री डॉ यादव का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के सहयोग से बैतूल में ट्राइबल म्यूजियम विकसित किया जाएगा। यह जनजातीय संस्कृति, इतिहास और विरासत के संरक्षण एवं अध्ययन का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। श्री खंडेलवाल ने कहा कि सरकार के प्रयासों से हमारा जनजातीय बाहुल्य कृषि, वन, जनजातीय विकास, पर्यटन और उद्योग के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रहा है।
- यह भी पढ़ें : Jain Diksha Betul: सिविल जज बनीं गोल्ड मेडलिस्ट प्रखरश्री दीदी लेंगी जैनेश्वरी दीक्षा, बैतूल में 1 नवंबर को भव्य बिनौली समारोह
तेंदूपत्ता संग्राहकों को परिश्रम को सम्मान : केंद्रीय मंत्री श्री उईके
केन्द्रीय राज्यमंत्री एवं सांसद दुर्गादास उईके ने कहा कि बैतूल की पहचान समृद्ध वन संपदा, जनजातीय संस्कृति और मेहनतकश समाज से है। जनजातीय समाज पीढ़ियों से जंगलों का संरक्षण करते हुए तेंदूपत्ता सहित विभिन्न वनोपजों का संग्रहण कर अपनी आजीविका चला रहा है। बोनस राशि का अंतरण उनके परिश्रम और योगदान के प्रति सरकार के सम्मान एवं संवेदनशीलता का प्रतीक है।
कार्यक्रम में लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्यमंत्री तथा बैतूल जिले के प्रभारी मंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल, राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीतासरन शर्मा, विधायक डॉ योगेश पंडाग्रे, विधायक श्रीमती गंगा सज्जन सिंह उईके, भैंसदेही विधायक महेंद्र सिंह चौहान, विधायक प्रेमशंकर वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष राजा पंवार, जिला विकास सलाहकार समिति सदस्य सुधाकर पंवार, सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक गण उपस्थित थे।
नहीं हुई नगर निगम की घोषणा
मुख्यमंत्री के शनिवार को हुए बैतूल दौरे के चंद दिनों पहले से जिले के नागरिकों को यह उम्मीद थी कि सीएम डॉ. मोहन यादव बैतूल को नगर निगम बनाने की घोषणा करेंगे, लेकिन श्री यादव ने जिले के लिए करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की घोषणा तो की परंतु नगर निगम बनाने का कहीं जिक्र ही नहीं किया। नगर निगम की घोषणा नहीं होने से नागरिकों को निराशा हुई है। हालांकि बैतूल को नगर निगम बनाने की प्रक्रिया काफी बढ़ गई है और शासन स्तर पर मामले का परीक्षण चल रहा है, जिसके बाद घोषणा होना तय है क्योंकि बैतूल का नगर निगम बनना और पीपीपी मोड के मेडिकल कॉलेज का 2028 के विधानसभा चुनाव के पहले पूरा होना भाजपा के लिए चुनाव में फायदे का सौदा रहेंगे।
- यह भी पढ़ें : MP DA Hike: मध्य प्रदेश के कर्मचारियों का बढ़ा 2% महंगाई भत्ता, 60% हुआ डीए, जानें एरियर की 3 किश्तों का पूरा शेड्यूल
बैतूल के लिए सीएम ने की यह घोषणाएं
- नल जल योजना के कार्यों के लिए 50 करोड़ राशि दी जाएगी।
- बैतूल में 15 करोड़ रुपए की लागत से गीता भवन और हाट बाजार बनेगा।
- सड़क चौड़ीकरण के लिए 47 करोड़ रुपए दिए जाएंगे।
- बैतूल में 70 करोड़ रुपए की लागत से चार जलाशयों का निर्माण किया जाएगा।
- 154 करोड़ की लागत से रामघाटी मध्यम सिंचाई परियोजना विकसित की जाएगी।
- घोड़ाडोंगरी में बैराज और जलाशय बनाएं जाएंगे।
- बैतूल के शासकीय हाईस्कूलों में 50 करोड़ की लागत से सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी।
- 100 करोड़ रुपए से अधिक लागत से फुटबॉल टर्फ, इनडोर और आउटडोर स्टेडियम बनाएं जाएंगे।
- बैतूल में जनजातीय संग्रहालय बनाया जाएगा।
- प्रदेश के पहले ताप्ती कंजर्वेशन रिजर्व फॉरेस्ट में 7 करोड़ की लागत से सफारी गेट का निर्माण किया जाएगा।
- ताप्ती कंजर्वेशन रिजर्व फॉरेस्ट के पास 3 करोड़ की लागत से बटर फ्लाई पार्क विकसित किया जाएगा।
सोशल मीडिया पर बैतूल अपडेट की खबरें पाने के लिए फॉलो करें-
- हमारे यूट्यूब चैनल पर खबरें देखने के लिए : यहां क्लिक करें
- वाट्सअप चैनल पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक ग्रुप पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक पेज पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- एक्स पर खबरें पाने के लिए: यहां क्लिक करें
देश–दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com



