बैतूल अपडेट

Betul Fake Doctor: बैतूल पुलिस की बड़ी कार्रवाई: जिला अस्पताल में ठगी करने वाला शातिर ठग गिरफ्तार, एसपी ने की अपील

Fake Doctor in Betul: Major action by Betul Police; cunning fraudster who duped people at the District Hospital arrested; SP issues an appeal.

Betul Fake Doctor: बैतूल पुलिस की बड़ी कार्रवाई: जिला अस्पताल में ठगी करने वाला शातिर ठग गिरफ्तार, एसपी ने की अपील
Betul Fake Doctor: बैतूल पुलिस की बड़ी कार्रवाई: जिला अस्पताल में ठगी करने वाला शातिर ठग गिरफ्तार, एसपी ने की अपील

Betul Fake Doctor: जिला अस्पताल बैतूल में प्रसव एवं सीजर डिलीवरी के दौरान बेहतर इलाज कराने का झांसा देकर मरीजों के परिजनों से ऑनलाइन रुपये ऐंठने वाले आरोपी को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी स्वयं को डॉक्टर बताकर मरीजों के परिजनों को फोन करता था और ऑपरेशन एवं बेहतर उपचार के नाम पर क्यूआर कोड भेजकर यूपीआई के माध्यम से रुपये ट्रांसफर करवाता था। इस प्रकार की वारदातों की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश खरपुसे एवं एसडीओपी बैतूल अन्नपूर्णा सिरसाम के मार्गदर्शन में थाना कोतवाली पुलिस की विशेष टीम का गठन किया गया था।

कैसे देता था धोखाधड़ी को अंजाम

घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 19 अक्टूबर 2026 को फरियादी विजय नागले निवासी मंडई खुर्द, थाना कोतवाली बैतूल ने अपनी पत्नी मीरा नागले को प्रसव हेतु जिला अस्पताल बैतूल के महिला वार्ड में भर्ती कराया था। चिकित्सकीय परीक्षण के बाद जब उनकी पत्नी को सीजर डिलीवरी के लिए ऑपरेशन वार्ड में ले जाया गया, तब फरियादी के मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। उस व्यक्ति ने स्वयं को डॉक्टर बताते हुए कहा कि वह सीजर ऑपरेशन बहुत अच्छी तरह कर देगा और टांके भी ठीक से लगाएगा, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की कोई परेशानी न हो। इस काम के लिए उसने पांच हजार रुपये की मांग की और क्यूआर कोड भेजकर ऑनलाइन भुगतान करने को कहा।

फरियादी के पास कीपैड मोबाइल होने के कारण उसने अपने भाई संजय नागले को इसकी जानकारी दी। संजय नागले ने आरोपी से बात करने के बाद उसके द्वारा भेजे गए क्यूआर कोड पर फोन-पे के माध्यम से पांच हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसी तरह जिला अस्पताल में भर्ती अन्य महिला रेसु आरसे के परिजन से भी बेहतर डिलीवरी कराने के नाम पर पांच हजार रुपये मांगे गए, जिनमें से तीन हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए गए।

इससे पहले 14 अक्टूबर 2026 को जिला अस्पताल में प्रसव हेतु भर्ती कविता पिपरदे के परिजनों से भी इसी मोबाइल नंबर के माध्यम से सीजर डिलीवरी अच्छी तरह कराने के नाम पर छह हजार रुपये मांगे गए थे, जिनमें से तीन हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवाए गए थे। इस तरह अज्ञात व्यक्ति द्वारा लगातार प्रसूता महिलाओं के परिजनों को विश्वास में लेकर धोखाधड़ी की जा रही थी।

Betul Fake Doctor: बैतूल पुलिस की बड़ी कार्रवाई: जिला अस्पताल में ठगी करने वाला शातिर ठग गिरफ्तार, एसपी ने की अपील
Betul Fake Doctor: बैतूल पुलिस की बड़ी कार्रवाई: जिला अस्पताल में ठगी करने वाला शातिर ठग गिरफ्तार, एसपी ने की अपील

अपराध दर्ज और आरोपी की गिरफ्तारी

फरियादी की शिकायत पर 22 अक्टूबर 2026 को थाना कोतवाली बैतूल में अपराध क्रमांक 911/2026, धारा 308(2) भारतीय न्याय संहिता, 2023 के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। इसके अतिरिक्त एक अन्य मामले में आरोपी द्वारा फरियादी के बच्चे के गले में नाल फंसने पर हमीदिया अस्पताल भोपाल रेफर किए जाने के नाम पर चौबीस हजार रुपये की धोखाधड़ी की गई थी, जिसमें थाना कोतवाली में पृथक से प्रकरण दर्ज किया गया है।

पुलिस द्वारा तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल नंबरों की जांच के आधार पर आरोपी की पहचान जितेंद्र खाकरे, पिता दीनदयाल खाकरे, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम खापा, थाना आठनेर, जिला बैतूल के रूप में की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक देवकरण डेहरिया के नेतृत्व तथा उप निरीक्षक छत्रपाल धुर्वे के हमराह पुलिस टीम ने दबिश देकर दिनांक 27 अक्टूबर 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

इंदौर और भोपाल में भी सामने आए धोखाधड़ी के मामले

पुलिस जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि आरोपी के विरुद्ध मध्य प्रदेश के अन्य बड़े शहरों जैसे इंदौर और भोपाल में भी इसी प्रकार की धोखाधड़ी के कई मामले दर्ज हैं। इंदौर के थाना संयोगितागंज में वर्ष 2025 में अपराध क्रमांक 406/2025, धारा 318(4) भारतीय न्याय संहिता के तहत प्रकरण दर्ज हुआ था, जिसमें आरोपी पर एक व्यक्ति से उसकी मां के ऑपरेशन और बेहतर इलाज के नाम पर आठ हजार रुपये तथा दो अन्य व्यक्तियों से क्रमशः पांच हजार और नौ हजार रुपये ऑनलाइन ठगने का आरोप है।

इसी तरह भोपाल के थाना कोहेफिजा में अपराध क्रमांक 66/2026, धारा 318(4) एवं 319(2) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया था, जिसमें आरोपी ने स्वयं को हमीदिया अस्पताल का डॉक्टर बताकर प्रसव के दौरान बेहतर इलाज के नाम पर लोगों से यूपीआई के माध्यम से रुपये ठगे थे। इन सभी मामलों में पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

पुलिस अधीक्षक की आमजन से अपील

पुलिस अधीक्षक बैतूल वीरेंद्र जैन ने जिले के समस्त नागरिकों से अपील की है कि अस्पताल में भर्ती मरीजों, विशेषकर प्रसव कराने वाली महिलाओं के परिजन किसी भी अज्ञात व्यक्ति के फोन पर विश्वास न करें। यदि कोई फोन पर स्वयं को डॉक्टर या अस्पताल का कर्मचारी बताकर इलाज, ऑपरेशन या सीजर डिलीवरी के नाम पर पैसे मांगता है, तो तुरंत सतर्क हो जाएं।

किसी भी अज्ञात व्यक्ति द्वारा भेजे गए क्यूआर कोड पर बिना पूरी पुष्टि के ऑनलाइन भुगतान बिल्कुल न करें। अस्पताल में उपचार संबंधी किसी भी प्रकार के आधिकारिक भुगतान की मांग होने पर सीधे संबंधित चिकित्सक या अस्पताल प्रबंधन से मिलकर उसकी सत्यता की जांच करें। यदि आपके साथ किसी भी प्रकार की ऑनलाइन धोखाधड़ी होती है, तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर अपनी शिकायत दर्ज कराएं अथवा अपने नजदीकी पुलिस थाने से संपर्क करें ताकि समय पर उचित कार्रवाई की जा सके।

सोशल मीडिया पर बैतूल अपडेट की खबरें पाने के लिए फॉलो करें-

देश–दुनिया की ताजा खबरें (Hindi  News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi  News) के लिए सर्च करें betulupdate.com

उत्तम मालवीय

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

Related Articles

Back to top button