Diesel Theft Racket: टोल प्लाजा पर खड़े वाहनों से डीजल चुराने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, पुलिस ने की ताबड़तोड़ छापेमारी
Diesel Theft Racket: Interstate gang stealing diesel from vehicles parked at toll plazas busted; police conduct a series of rapid raids.

Diesel Theft Racket: घोड़ाडोंगरी टोल प्लाजा पर खड़े ट्रकों से डीजल चोरी करने वाले गिरोह का रानीपुर पुलिस ने पर्दाफाश करने में सफलता हासिल की है। गिरोह के 4 सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। इनसे चोरी का 670 लीटर डीजल बरामद किया गया है। आरोपियों का नेटवर्क टोल प्लाजा से लेकर गांवों तक फैला था। मुख्य आरोपी के खिलाफ लूट, डकैती एवं चोरी के आधा दर्जन से अधिक मामले पंजीबद्ध हैं।
पुलिस ने बताया कि 12 अक्टूबर को फरियादी राजकिशोर दुबे, निवासी ग्राम मुरैठा, जिला मऊगंज ने थाना रानीपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह घोड़ाडोंगरी स्थित डीबीएल टोल प्लाजा पर ट्रक चलाता है। विगत 7 अक्टूबर की शाम ट्रक में डीजल भरवाकर टोल प्लाजा पर खड़ा किया था। अगले दिन सुबह ट्रक के डीजल टैंक का ताला टूटा मिला तथा टैंक में डीजल नहीं था। जांच करने पर लगभग 180 लीटर डीजल चोरी होना पाया गया, जिसकी कीमत करीब 20 हजार रुपये है। रिपोर्ट पर थाना रानीपुर में धारा 305(सी) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

संदिग्ध वाहन से पकड़े गए चार आरोपी
विवेचना के दौरान पुलिस द्वारा घटनास्थल के आसपास तथा बस स्टैंड एवं टोल प्लाजा क्षेत्र में जानकारी एकत्र की गई। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सालीढाना रोड पर बांसपुर गेट के पास भूरे रंग की महिंद्रा जायलो कार में कुछ संदिग्ध व्यक्ति घूम रहे हैं। सूचना पर रानीपुर पुलिस एवं घोड़ाडोंगरी चौकी के स्टाफ ने तत्काल मौके पर पहुंचकर संदिग्ध वाहन को रोका और उसकी तलाशी ली।
इन आरोपियों को किया गया गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में आरोपी शिवबालक पिता जोगी मर्सकोले (27), विकास पिता मिलाप उइके (22), राजेश पिता नंदलाल अहाके (22) और अनिल पिता प्यारे मर्सकोले (40) सभी निवासी ग्राम डुलारा को गिरफ्तार किया है। इनमें से आरोपी अनिल मर्सकोले के विरुद्ध थाना रानीपुर में वर्ष 2010 में चोरी, आठनेर में वर्ष 2022 में चोरी, थाना छोटी ग्वालटोली इंदौर में वर्ष 2015 में चोरी का तथा थाना शाहपुर में वर्ष 2024 में धारा 309(4), 309(6) का अपराध पंजीबद्ध है।
वाहन से मिलीं डीजल से भरी 8 केन
वाहन की तलाशी के दौरान पीछे के हिस्से में डीजल से भरी 8 केन मिलीं। इनमें 5 केन लगभग 50 लीटर तथा 3 केन लगभग 55 लीटर क्षमता की थीं। आरोपियों से पूछताछ करने पर वाहन चालक विकास उइके ने पांडरा टोल प्लाजा तथा शाहपुर, बैतूल एवं मुलताई क्षेत्र में डीजल चोरी की घटनाओं में संलिप्तता बताई। पुलिस ने लगभग 415 लीटर डीजल, जिसकी कीमत करीब 41 हजार 500 रुपये है, जब्त किया।
- यह भी पढ़ें : Athernar Murder Case: बैतूल के आठनेर में सनसनीखेज मामला: मामूली विवाद में बुजुर्ग की हत्या, पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र को दबोचा
अन्य स्थानों से भी बरामद चोरी का डीजल
आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने ग्राम बटकीडोह निवासी सुखरंजन सरकार के घर से 75 लीटर डीजल तथा ग्राम सातलदेही, गोलीपुरा निवासी मुकेश यादव के घर के सामने स्थित दुकान के बाजू के स्टॉक रूम से 180 लीटर डीजल बरामद किया। इस प्रकार विभिन्न स्थानों से कुल लगभग 670 लीटर डीजल जब्त किया गया। आरोपियों से डीजल चोरी की अन्य घटनाओं तथा चोरी के डीजल के क्रय-विक्रय के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
इस पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी रानीपुर बबीता धुर्वे, चौकी प्रभारी घोड़ाडोंगरी आशीष कुमरे सहित थाना रानीपुर एवं चौकी घोड़ाडोंगरी के पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सोशल मीडिया पर बैतूल अपडेट की खबरें पाने के लिए फॉलो करें-
- हमारे यूट्यूब चैनल पर खबरें देखने के लिए : यहां क्लिक करें
- वाट्सअप चैनल पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक ग्रुप पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक पेज पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- एक्स पर खबरें पाने के लिए: यहां क्लिक करें
देश–दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com



