बैतूल अपडेट

Betul Crime: मंगलसूत्र से मोबाइल तक लूट की वारदातों का खुलासा, सारणी पुलिस ने बरामद किया लूट का सामान

Betul Crime: Robbery cases ranging from Mangalsutras to mobile phones solved; Sarni police recover the stolen items.

Betul Crime: मंगलसूत्र से मोबाइल तक लूट की वारदातों का खुलासा, सारणी पुलिस ने बरामद किया लूट का सामान
Betul Crime: मंगलसूत्र से मोबाइल तक लूट की वारदातों का खुलासा, सारणी पुलिस ने बरामद किया लूट का सामान

Betul Crime: बैतूल जिले में सारणी पुलिस ने मंगलसूत्र और सोने की चेन लूटने के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। महिला का मंगलसूत्र लूटने के मामले में पुलिस ने 3 बाल अपचारियों सहित आधा दर्जन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं एक वृद्धा की सोने की चेन लूटने के मामले में एक बाल अपचारी सहित 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से मंगलसूत्र और चेन बरामद करने के साथ ही घटना में प्रयुक्त स्कूटी भी बरामद की गई है।

पुलिस ने बताया कि 21 सितंबर को सुमन पंडाग्रे निवासी पाथाखेड़ा द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि वह एबी टाइप ऑफिसर कॉलोनी से काम करके पैदल घर जा रही थीं। शिव मंदिर के पास पहुंचने पर पीछे से स्कूटी पर आए तीन लड़कों ने उनके गले में पहने मंगलसूत्र पर झपट्टा मारकर मंगलसूत्र एवं उसमें लगे सोने के मोती छीन लिए और मौके से फरार हो गए। रिपोर्ट पर थाना सारणी में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

नीलम ने उकसाया था लूट के लिए

पुलिस ने 3 बाल अपचारियों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में सामने आया कि नीलम बिंदवारी द्वारा उन्हें चोरी और लूट के लिए उकसाया गया। बाल अपचारियों ने 21 सितंबर को महिला के गले से मंगलसूत्र एवं सोने के मोती झपटने तथा लूटा गया सामान नीलम बिंदवारी को देने की जानकारी दी।

15 हजार में बेच दिया मंगलसूत्र

यह बात भी सामने आई कि लूटा गया मंगलसूत्र एवं मोती आगे वैष्णवी एवं एक बाल अपचारी के माध्यम से आलोक सिखदार को लगभग 15 हजार रुपये में बेचे गए। पुलिस द्वारा इन सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों से मंगलसूत्र एवं 4 सोने के मोती कीमत 40 हजार, एक कान की बाली कीमत 600 रुपये और घटना में प्रयुक्त स्कूटी जब्त की गई।

इन आरोपियों को किया गिरफ्तार

मामले में आलोक पिता श्यामू सिखदार उम्र 38 वर्ष निवासी कालीमाई मेन रोड शोभापुर, वैष्णवी पिता शोकेश मंडल उम्र 19 वर्ष निवासी बाजार मोहल्ला कालीमाई पाथाखेड़ा और नीलम पति सुमित बिंदवारी उम्र 36 वर्ष निवासी बाजार मोहल्ला कालीमाई और तीन बाल अपचारियों को गिरफ्तार किया गया।

वृद्धा का दबाया मुंह और खींच ली सोने की चेन

पाथाखेड़ा में दुकान बंद कर घर जा रही वृद्धा की सोने की चेन झपटने वाले 2 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। 14 सितंबर की रात्रि 9 बजे आजाद नगर पाथाखेड़ा निवासी 62 वर्षीय महिला अपनी दुकान बंद कर घर जा रही थीं। रास्ते में दो युवकों ने पीछे से आकर उनका मुंह दबाया तथा गले में पहनी सोने की चेन खींच ली। महिला द्वारा चेन को पकड़ लेने पर चेन का पिछला हिस्सा टूट गया, जिसे आरोपी लेकर फरार हो गए।

इस बीच मंगलसूत्र मामले में पकड़े गए एक बाल अपचारी से पूछताछ में उसने 14 सितंबर को अपने साथी राहुल उर्फ कटप्पा के साथ सोने की चेन झपटने की जानकारी दी। बाल अपचारी द्वारा दी गई सूचना के आधार पर पुलिस ने राहुल उर्फ कटप्पा पिता बबलू मौली, उम्र 20 वर्ष, निवासी अम्बेडकर नगर पाथाखेड़ा, हाल निवासी तहसील के पास, पुरानी इटारसी, जिला नर्मदापुरम को चिन्हित कर 28 सितंबर को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से घटना में झपटी गई सोने की चेन का टुकड़ा बरामद किया गया।

महिला और युवती ने युवक से छीना मोबाइल, दी धमकी

सारणी पुलिस ने युवक से मोबाइल छीनकर धमकी देने वाली महिला और उसकी बेटी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने लूटा गया मोबाइल बरामद कर 4 माह पुराने मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने बताया कि फरियादी शहनबाज उर्फ सन्नी, उम्र 38 वर्ष, निवासी एमक्यू 391 क्लब कॉलोनी शोभापुर द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि 15 मई को वह कालीमाई बाजार के पास से जा रहा था। इसी दौरान नीलम बिंदवारी एवं उसकी पुत्री मुस्कान मिलीं। दोनों ने उसके पास से वीवो कंपनी का मोबाइल फोन, कीमत लगभग 21 हजार 500 रुपये, छीन लिया तथा मोबाइल वापस मांगने पर धमकी देने लगी।

रिपोर्ट पर थाना सारणी में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान पुलिस द्वारा आरोपी नीलम पति सुमित बिंदवारी उम्र 36 वर्ष और मुस्कान पिता सुमित बिंदवारी उम्र 20 वर्ष दोनों निवासी बाजार मोहल्ला, कालीमाई पाथाखेड़ा को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से फरियादी से छीना गया वीवो कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया गया। प्रकरण को सुलझाने में थाना प्रभारी जयपाल इनवाती, उप निरीक्षक मनोज उईके, आरडी बर्मन, प्रधान आरक्षक मनोज डेहरिया, श्रीराम उईके तथा आरक्षक रवि मोहन, राकेश करपे, सुभाष मंडलोई, मोहित भाटी, जितेन्द्र मोरे, मोनू उईके, वर्षा नागले एवं लक्ष्मी कश्यप की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

सोशल मीडिया पर बैतूल अपडेट की खबरें पाने के लिए फॉलो करें-

देश–दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com

उत्तम मालवीय

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

Related Articles

Back to top button