MP Police Result: मध्यप्रदेश पुलिस आरक्षक बैंड परीक्षा का फाइनल रिजल्ट जारी, जानें चयन और परिणाम की पूरी जानकारी
MP Police Result: Final result of the Madhya Pradesh Police Constable (Band) exam released; get full details on the selection process and results.

MP Police Result: मध्यप्रदेश पुलिस में आरक्षक (बैंड) के पदों पर भर्ती के लिए आयोजित वर्ष 2026 की परीक्षा का अंतिम परिणाम जारी कर दिया गया है। अभ्यर्थी अपना रिजल्ट एमपी ऑनलाइन की वेबसाइट iforms.mponline.gov.in पर जाकर देख सकते हैं। परीक्षा से जुड़ी विस्तृत जानकारी और परिणाम का विवरण मध्यप्रदेश पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट mppolice.gov.in पर उपलब्ध कराया गया है।
24 जून से 6 अगस्त तक हुई परीक्षा
आरक्षक (बैंड) के रिक्त पदों पर सीधी भर्ती के लिए चयन प्रक्रिया के तहत परीक्षा का आयोजन भोपाल में किया गया था। यह परीक्षा 24 जून 2026 से शुरू होकर 6 अगस्त 2026 तक चली। भर्ती परीक्षा में शामिल होने के लिए कुल 39,468 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था। परीक्षा के अलग-अलग चरणों में सफल उम्मीदवारों को आगे की चयन प्रक्रिया में शामिल किया गया।
बैंड टेस्ट में 1271 अभ्यर्थी सफल
भर्ती प्रक्रिया में बैंड टेस्ट महत्वपूर्ण चरण था। इस परीक्षा में सफल उम्मीदवारों की सूची पुलिस विभाग ने 12 अगस्त 2026 को जारी की थी। जारी सूची के अनुसार कुल 1,271 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के अगले चरण के लिए योग्य पाया गया था। इसके बाद चयन प्रक्रिया को पूरा करने के लिए इन उम्मीदवारों के इंटरव्यू कराए गए।
23 अगस्त तक हुए साक्षात्कार
पुलिस विभाग की ओर से चयनित अभ्यर्थियों के साक्षात्कार का आयोजन भोपाल में किया गया। यह प्रक्रिया 20 अगस्त से शुरू होकर 23 अगस्त 2026 तक चली। इसके बाद बैंड टेस्ट और इंटरव्यू में उम्मीदवारों को मिले अंकों को मिलाकर अंतिम परिणाम तैयार किया गया। इसमें 87 प्रतिशत मुख्य भाग को शामिल किया गया है, जिसमें 14 प्रतिशत ओबीसी पद भी शामिल हैं।
591 पदों की जगह 560 का चयन
भर्ती प्रक्रिया के तहत 87 प्रतिशत मुख्य भाग में 591 पदों के लिए अंतिम चयन सूची तैयार किया जाना निर्धारित था। हालांकि ईडब्ल्यूएस वर्ग में निर्धारित पदों की संख्या के मुकाबले आवश्यक योग्यता रखने वाले उम्मीदवार पर्याप्त संख्या में नहीं मिले। इसी वजह से इस चरण में 591 के बजाय 560 पदों के लिए चयन सूची जारी की जा रही है।
- यह भी पढ़ें : mp police constable: मध्य प्रदेश पुलिस में सरकारी नौकरी पाने का मौका, ऐसे करें कॉन्स्टेबल पद के लिए आवेदन
समान अंक वालों में उम्र से तय हुई वरिष्ठता
जिन अभ्यर्थियों के अंक समान रहे हैं, उनके बीच वरिष्ठता तय करने के लिए उनकी आयु को आधार बनाया गया है। भर्ती नियमों में दिए गए प्रावधानों के अनुसार होमगार्ड सैनिक और पूर्व सैनिक श्रेणी में पर्याप्त योग्य उम्मीदवार उपलब्ध नहीं होने के कारण इन वर्गों के लिए निर्धारित रिक्तियों को उसी श्रेणी के पात्र ओपन उम्मीदवारों से भरा गया है।
तकनीकी गलती मिलने पर परिणाम में बदलाव संभव
पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि परिणाम जारी होने के बाद यदि किसी प्रकार की तकनीकी या अन्य त्रुटि सामने आती है तो उसमें आवश्यक संशोधन करने का अधिकार विभाग के पास रहेगा। इसके अलावा यह परीक्षा परिणाम मध्यप्रदेश हाईकोर्ट की जबलपुर और ग्वालियर खंडपीठ में लंबित विभिन्न याचिकाओं के अंतिम फैसले के अधीन रहेगा। इनमें जबलपुर में लंबित WP No. 34780/2026 और 34308/2026 तथा ग्वालियर खंडपीठ में लंबित WP No. 35153/2026 और 36173/2026 शामिल हैं।
सोशल मीडिया पर बैतूल अपडेट की खबरें पाने के लिए फॉलो करें-
- हमारे यूट्यूब चैनल पर खबरें देखने के लिए : यहां क्लिक करें
- वाट्सअप चैनल पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक ग्रुप पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक पेज पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- एक्स पर खबरें पाने के लिए: यहां क्लिक करें
देश–दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com



