Jan Vishwas Camp Betul: कलेक्टर सोनवणे के शिविर में ग्रामीणों को बड़ी राहत, अतिक्रमण पर FIR और लापरवाही पर ब्लैकलिस्ट के निर्देश
Jan Vishwas Camp, Betul: Major relief for villagers at Collector Sonawane's camp; directives issued for FIRs against encroachment and blacklisting for negligence.

Jan Vishwas Camp Betul: बैतूल में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को जनपद पंचायत बैतूल के ग्राम गोराखार में क्लस्टर स्तरीय जनविश्वास शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने ग्रामीणों की समस्याएं ध्यानपूर्वक सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही निराकरण कराया। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को अपनी शिकायतों के निराकरण के लिए दूर नहीं जाना पड़े, इसी उद्देश्य से प्रत्येक शुक्रवार को उनके नजदीकी क्षेत्रों में मुख्यमंत्री जनविश्वास शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के साथ उनके त्वरित निराकरण की कार्रवाई सुनिश्चित कर रहे हैं।
शिविर में पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन, वन मंडल अधिकारी अरिहंत कोचर सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। क्लस्टर स्तरीय शिविर में रक्तदान शिविर भी आयोजित किया गया, जिसमें नागरिकों द्वारा 11 यूनिट रक्तदान किया गया और बी वन के प्राप्त आवेदनों का निराकरण कर आवेदकों को वितरित किए गए।
ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर कराया निराकरण
ग्राम बोरिकास के विस्थापित ग्रामीण गोलू उईके, पिंटू उईके सहित अन्य ग्रामीणों की प्लॉट आवंटन संबंधी समस्या पर कलेक्टर ने जल संसाधन विभाग को शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। ग्राम गोराखार की सीमा धुर्वे को राशन नहीं मिलने की समस्या का समाधान करते हुए राशन मित्र एप में उनका नाम जोड़ा गया।
ग्राम खड़ला और सावंगा में अवैध शराब की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने राजस्व, पुलिस एवं आबकारी विभाग को प्रभावी कार्रवाई करने तथा संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध बाउंड ओवर की कार्रवाई के निर्देश दिए। ग्राम के दशरथ खातरकर की फौती नामांतरण, वृद्धा गीता गवांडे की कल्याणी पेंशन एवं जगदेव चढ़ोकार के आधार कार्ड नहीं बनने की समस्या का भी मौके पर ही निराकरण कराया गया।

ग्राम सरंडई में नल-जल योजना के निर्माण के बाद क्षतिग्रस्त सड़क की समस्या पर कलेक्टर ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को सड़क की मरम्मत प्राथमिकता से शीघ्र कराने के निर्देश दिए। ग्राम गोराखार में स्ट्रीट लाइट की समस्या के निराकरण के लिए ऊर्जा विभाग को निर्देशित किया गया।
14 सितंबर तक सड़क निर्माण पूर्ण करने के निर्देश
ग्राम सावंगा में स्कूल एवं आंगनवाड़ी के पास सड़क नहीं होने की समस्या पर कलेक्टर ने संबंधित विभाग को 14 सितंबर तक अनिवार्य रूप से निर्माण कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए। वहीं खड़ला से सावंगा तक सड़क निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।
उप स्वास्थ्य केंद्र निर्माण में लेटलतीफी पर सख्त कार्रवाई
ग्राम सेलगांव में उप स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण लंबे समय से लंबित पाए जाने पर कलेक्टर ने निर्माण कार्य में ठेकेदार द्वारा की जा रही लेटलतीफी पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को संबंधित ठेकेदार को ब्लैक लिस्ट करने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। ग्राम में राशि उपलब्ध होने के बावजूद प्राथमिक विद्यालय की मरम्मत की धीमी गति पर भी कलेक्टर ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित इंजीनियर एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर अनिवार्य रूप से मरम्मत कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
खाद वितरण में समस्या पर भी दिए निर्देश
ग्राम गोराखार के नंदू धुर्वे के जाति प्रमाण पत्र तथा ग्राम अमदर की रेखा कनाते की राशन कार्ड संबंधी समस्या का निराकरण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि जाति प्रमाण पत्र के अभाव में कोई भी पात्र हितग्राही शासन की योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं होना चाहिए। ई-टोकन के माध्यम से खाद नहीं मिलने की शिकायत पर भी कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की और उप संचालक कृषि को समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शिविर में सुनील पवार, विवेक शुक्ला सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
- यह भी पढ़ें : Betul Latest News: स्वरोजगार योजनाओं पर कलेक्टर सख्त, पात्र हितग्राहियों को समय पर ऋण देने के निर्देश
अतिक्रमण हटाने में बाधा डालने वालों पर एफआईआर
कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने ग्राम पंचायत सेहरा पहुंचकर ग्रामीणों से आत्मीय संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने कलेक्टर डॉ सोनवणे को बताया कि ग्राम में अतिक्रमण हटाने के दौरान सरपंच एवं दल के साथ अतिक्रमणकर्ताओं द्वारा मारपीट की गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने तहसीलदार को शासकीय कार्य में बाधा डालने वाले संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने तथा बाउंड ओवर की कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा कलेक्टर डॉ.सोनवणे ने तहसीलदार को ग्राम में अतिक्रमणकर्ताओं को चिन्हित कर नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि नियमानुसार कार्रवाई पूरी करने के बाद आवश्यक पुलिस बल की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इस दौरान ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम की सड़कों पर डंपर तेज गति से चलते हैं, जिससे सड़के क्षतिग्रस्त हो रही हैं। साथ ही ग्राम के अंदर भी डंपरों की तेज रफ्तार से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। कलेक्टर ने मामले में लोक निर्माण विभाग के संबंधित अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
- यह भी पढ़ें : MP Board Exam 2027: 10वीं-12वीं की बोर्ड परीक्षा की तारीखें जारी, यहां देखें पूरा टाइम टेबल
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सेहरा का किया निरीक्षण
कलेक्टर डॉ.सोनवणे ने ग्राम सेहरा स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं एवं शैक्षणिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने कक्षा 10वीं का निरीक्षण कर विद्यार्थियों को दी जा रही शिक्षा की जानकारी ली। उन्होंने कक्षा में विद्यार्थियों की दर्ज संख्या के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा शिक्षक से विद्यार्थियों को जेईई एवं नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराए जाने के संबंध में जानकारी ली।
उन्होंने प्राचार्य से विद्यालय में पेयजल एवं शौचालय की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। साथ ही विद्यार्थियों को डिजिटल माध्यम से शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए ऑनलाइन सब्सक्रिप्शन तथा विद्यालय के विद्यार्थियों के जेईई एवं नीट परीक्षाओं में चयन संबंधी जानकारी भी प्राप्त की। कलेक्टर ने विद्यालय की जीव विज्ञान, भौतिकी एवं रसायन विज्ञान प्रयोगशालाओं के साथ आईसीटी लैब का भी निरीक्षण किया।
सोशल मीडिया पर बैतूल अपडेट की खबरें पाने के लिए फॉलो करें-
- हमारे यूट्यूब चैनल पर खबरें देखने के लिए : यहां क्लिक करें
- वाट्सअप चैनल पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक ग्रुप पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक पेज पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- एक्स पर खबरें पाने के लिए: यहां क्लिक करें
देश–दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com



