Betul Woman Suicide Case: बैतूल में प्रताड़ना से तंग महिला ने की आत्महत्या, पति गिरफ्तार, मामा ससुर की तलाश जारी
Betul Woman Suicide Case: Woman in Betul commits suicide due to harassment; husband arrested, search on for maternal uncle-in-law.

Betul Woman Suicide Case: बैतूल जिले के ग्राम चिखलीमाल में एक महिला द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने मर्ग जांच पूरी होने के बाद बड़ा कदम उठाया है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर महिला के पति और मामा ससुर के खिलाफ आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
मर्ग जांच में सामने आए प्रताड़ना के आरोप
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देश पर जिले में महिला संबंधी अपराधों और घरेलू प्रताड़ना के मामलों की त्वरित जांच एवं वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपूसे तथा एसडीओपी बैतूल सुश्री अन्नपूर्णा सिरसाम के मार्गदर्शन में थाना कोतवाली पुलिस ने ग्राम चिखलीमाल में हुई महिला की आत्महत्या की घटना की विस्तृत जांच की। जांच के बाद आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया गया।
6 जुलाई को हुई थी घटना
पुलिस के अनुसार 6 जुलाई 2026 को सुबह करीब 5:15 बजे ग्राम चिखलीमाल निवासी 32 वर्षीय गंगा बाई यादव, पति बलराम यादव ने अपने घर के कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली थी। घटना की सूचना मिलने पर थाना कोतवाली में मर्ग क्रमांक 103/2026 धारा 194 बीएनएसएस के तहत जांच शुरू की गई।
परिजनों और गवाहों ने बताई प्रताड़ना की कहानी
मर्ग जांच के दौरान मृतिका के परिजनों और अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए गए। जांच में सामने आया कि गंगा बाई यादव का विवाह लगभग 10 वर्ष पहले हुआ था। बीते एक से डेढ़ वर्ष के दौरान उसका पति बलराम यादव, पिता अनिल यादव, उम्र 34 वर्ष, निवासी चिखलीमाल, शराब के नशे में अक्सर पत्नी के साथ गाली-गलौज और मारपीट करता था। परिजनों ने बताया कि लगातार शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना के कारण महिला काफी परेशान रहती थी।
रात में शराब पीकर आता था पति
जांच में यह भी सामने आया कि बलराम यादव देर रात करीब एक से दो बजे शराब पीकर घर लौटता था। यदि पत्नी उसके देर से आने का कारण पूछती थी तो वह उसके साथ मारपीट करता था। इतना ही नहीं, वह महिला को घर से बाहर जाने से रोकता था और बच्चों को भी उनके नाना के घर जाने की अनुमति नहीं देता था।
- यह भी पढ़ें : Betul Theft Case: 10 हजार के इनामी चोर को शाहपुर पुलिस ने दबोचा, 5 लाख की चोरी का मामला सुलझा
मामा ससुर पर भी गंभीर आरोप
जांच के दौरान यह तथ्य भी सामने आया कि आरोपी का मामा जगदीश यादव, निवासी चिखलीमाल, भी महिला के साथ अभद्र व्यवहार करता था। उस पर गाली-गलौज करने, एक बार मारपीट करने तथा महिला पर पति को तलाक देने का दबाव बनाने के आरोप भी लगे हैं।
पति गिरफ्तार, दूसरे आरोपी की तलाश
पुलिस का कहना है कि जांच में एकत्रित साक्ष्यों और बयानों से यह स्पष्ट हुआ कि पति बलराम यादव और मामा ससुर जगदीश यादव द्वारा लगातार की गई प्रताड़ना के कारण ही महिला ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया। इसके आधार पर 29 जुलाई 2026 को थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 637/2026 धारा 108, 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान आरोपी बलराम यादव को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जबकि दूसरे आरोपी जगदीश यादव की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।
- यह भी पढ़ें : Betul Collector Inspection: बैतूल कलेक्टर का औचक निरीक्षण, लापरवाही पर नोटिस, वेतन कटौती और 10 सितंबर की डेडलाइन
पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक देवकरण डेहरिया, उपनिरीक्षक क्षत्रपाल धुर्वे, सहायक उपनिरीक्षक जगदीश रैकवार तथा थाना कोतवाली की पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना आगे भी जारी रहेगी।
सोशल मीडिया पर बैतूल अपडेट की खबरें पाने के लिए फॉलो करें-
- हमारे यूट्यूब चैनल पर खबरें देखने के लिए : यहां क्लिक करें
- वाट्सअप चैनल पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक ग्रुप पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक पेज पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- एक्स पर खबरें पाने के लिए: यहां क्लिक करें
देश–दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com



