Betul Collector TL Meeting: बैतूल में अधिकारियों की क्लास, कलेक्टर बोले- शिकायतें खत्म करें, अवैध खनन पर करें कार्रवाई
Betul Collector TL Meeting: Officials reprimanded in Betul; Collector orders resolution of complaints and action against illegal mining.

Betul Collector TL Meeting: बैतूल कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने सोमवार को आयोजित समय-सीमा (टीएल) बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जनहित के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन की विभागवार शिकायतों की समीक्षा करते हुए लोक निर्माण, राजस्व, जल संसाधन, स्कूल शिक्षा, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, वाणिज्यिक कर सहित अन्य विभागों को एक सप्ताह के भीतर अधिकतम शिकायतों का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने शिकायतों के निराकरण में अपेक्षाकृत कम प्रगति पर जनपद पंचायत भैंसदेही, घोड़ाडोंगरी एवं आठनेर को विशेष प्रयास करने के लिए निर्देशित किया।
कलेक्टर डॉ सोनवणे ने सभी एसडीएम एवं खनिज विभाग को जिले में खनन प्रतिबंध संबंधी आदेशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एसडीएम नियमित रूप से फील्ड मॉनिटरिंग करें तथा अवैध खनन, भंडारण एवं परिवहन के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जाए। साथ ही निजी खाद विक्रेताओं की दुकानों का नियमित निरीक्षण कर किसानों को खाद का सुचारू वितरण सुनिश्चित किया जाए तथा अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध एफआईआर सहित सख्त कार्रवाई की जाए।
लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने समय-सीमा से बाहर के मामलों में संबंधित अधिकारियों पर अर्थदंड अधिरोपित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जनसुनवाई एवं समय-सीमा के प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। झल्लार क्षेत्र के राजस्व प्रकरणों में मिलान एवं त्रुटि सुधार कार्य में नायब तहसीलदार झल्लार को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने सभी एसडीएम से अपने-अपने क्षेत्र में शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की सतत मॉनिटरिंग और विकास कार्यों का निरीक्षण करने को कहा।
- यह भी पढ़ें : Betul Mandi Bhav 06 July: बैतूल मंडी भाव 6 जुलाई: सोयाबीन 6901 रुपये, गेहूं की सबसे ज्यादा 6724 बोरी आवक
धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने जिले के चिन्हित 554 ग्रामों में अधोसंरचना विकास एवं शासकीय योजनाओं के शत-प्रतिशत लाभ सुनिश्चित करने के लिए कार्ययोजना तैयार कर प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आगामी निरीक्षण के दौरान इन ग्रामों में योजनाओं के क्रियान्वयन का स्थलीय परीक्षण भी किया जाएगा।
बैठक में लंबित पेंशन प्रकरणों की समीक्षा करते हुए सभी विभागों को उनका शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग को आगामी एक वर्ष में आदर्श आंगनवाड़ी केंद्र विकसित करने का प्रस्ताव तैयार करने तथा खेल विभाग को परंपरागत खेलों के साथ एथलेटिक ट्रैक विकसित करने का प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए।
- यह भी पढ़ें : MP Police eHRMS e-Leave Module: अब छुट्टी के लिए नहीं लगाने होंगे चक्कर, MP Police ने शुरू किया eHRMS ई-लीव सिस्टम
जिला खनिज प्रतिष्ठान मद की आगामी पाँच वर्षीय कार्ययोजना के सम्बन्ध में जिला खनिज अधिकारी द्वारा प्रस्तुतीकरण दिया गया। इस दौरान कलेक्टर ने जिला शिक्षा केंद्र, आईसीडीएस, सामाजिक न्याय, पशुपालन, नगरीय निकाय, जल संसाधन, एमपीईबी, ऊर्जा, वाटरशेड विकास एवं भौतिक अधोसंरचना सहित संबंधित विभागों को जनहित से जुड़े उल्लेखनीय एवं स्थायी प्रभाव वाले कार्य प्रस्तावित करने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना एवं समग्र शिक्षा अभियान की भी विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने शिक्षा विभाग को चिन्हित कमियों में शीघ्र सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में जिले की पर्यटन विकास कार्ययोजना पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर सभी विभागों के जिला अधिकारी, सभी एसडीएम एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
सोशल मीडिया पर बैतूल अपडेट की खबरें पाने के लिए फॉलो करें-
- हमारे यूट्यूब चैनल पर खबरें देखने के लिए : यहां क्लिक करें
- वाट्सअप चैनल पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक ग्रुप पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक पेज पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- एक्स पर खबरें पाने के लिए: यहां क्लिक करें
देश–दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com



