Betul Road Accident: बैतूल में दो बड़े सड़क हादसे: ट्रैक्टर-ट्रॉली और बोलेरो पलटी, 2 की मौत, कई घायल
Betul Road Accident: Two major road accidents in Betul: Tractor-trolley and Bolero overturned, 2 dead, several injured

Betul Road Accident: बैतूल जिले में सोमवार रात दो अलग-अलग सड़क हादसों ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। एक ओर श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई, तो दूसरी ओर शादी में जा रही बोलेरो वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गई। दोनों घटनाओं में दो लोगों की जान चली गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। प्रशासन और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया।
ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से एक की मौत
पहला हादसा मोहदा थाना क्षेत्र में रात करीब 8 बजे खेरा-कुनखेरी हनुमान मंदिर के पास हुआ। यहां श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। ट्रॉली में लगभग 35 लोग सवार थे, जिनमें महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे शामिल थे। सभी लोग गुप्तवाड़ा में पूजा-अर्चना कर अपने गांव लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि मोड़ पर वाहन का संतुलन बिगड़ने से यह हादसा हुआ। इस दुर्घटना में भोडिलावा निवासी 90 वर्षीय बुकला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 25 लोग घायल हुए हैं।

घायलों को अस्पताल पहुंचाने में जुटी टीम
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और मोहदा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। डायल 112 के पायलट गोविंद बिल्लोरे, प्रधान आरक्षक सचिन माहोरे और एसआई रामस्वरूप रघुवंशी ने घायलों को तुरंत भीमपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। कुछ घायलों को ग्रामीणों की मदद से निजी वाहनों से भी अस्पताल ले जाया गया। गंभीर स्थिति को देखते हुए रात 2 बजे तक 13 घायलों को बैतूल जिला अस्पताल रेफर किया गया।
- यह भी पढ़ें : Betul Cow Explosion Case: बैतूल के शाहपुर क्षेत्र में दर्दनाक घटना, विस्फोटक खाने से 11 गोवंश घायल, 3 की मौत
अस्पताल में बढ़ाई गई चिकित्सा व्यवस्था
घटना के बाद बैतूल जिला अस्पताल में इलाज के लिए अतिरिक्त डॉक्टरों की व्यवस्था की गई। अन्य घायलों का उपचार भीमपुर में जारी है। मृतक बुकला का पोस्टमार्टम भीमपुर में कराया जाएगा। घायलों में कृष्णा (14), रामबाई (50), बीसराम (50), ईश्वर (24), फुलवती (3), जयश्री (30), कली (30), अर्जुन (25), उर्मिला (30), रेखा (30), शिवराम (40), तुलसीराम (28) और लोधी (60) शामिल हैं। इनमें कुछ को फ्रैक्चर और कुछ को अंदरूनी चोटें आई हैं।

आमला क्षेत्र में बोलेरो पलटने से एक की मौत
दूसरी घटना आमला क्षेत्र के बोरी-बेलोंड घाट में सामने आई, जहां एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि सभी लोग महाराष्ट्र से सारणी में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे।
- यह भी पढ़ें : Betul Murder Case: बैतूल में सनसनीखेज हत्या, गला दबाकर युवक की ली जान, खेत में विवाद बना मौत की वजह
घाट क्षेत्र में बढ़ रहे हादसे
हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम और पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बोरी-बेलोंड घाट की सड़क घुमावदार और ढलान वाली है, जिसके कारण यहां अक्सर इस तरह के हादसे होते रहते हैं।
सोशल मीडिया पर बैतूल अपडेट की खबरें पाने के लिए फॉलो करें-
- हमारे यूट्यूब चैनल पर खबरें देखने के लिए : यहां क्लिक करें
- वाट्सअप चैनल पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक ग्रुप पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक पेज पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- एक्स पर खबरें पाने के लिए: यहां क्लिक करें
देश–दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com



