Betul murder case: विवाद से शुरू हुई खौफनाक वारदात, पहले मारपीट फिर पुलिया से फेंककर युवक की हत्या, पिता-पुत्र गिरफ्तार
Betul murder case: एक मामूली कहासुनी ने खौफनाक रूप ले लिया। देर रात हुए विवाद के बाद एक युवक को बेरहमी से मारकर पुलिया से नीचे नदी में फेंक दिया गया। पुलिस के लिए यह मामला शुरू में अंधी हत्या जैसा था, लेकिन गहन जांच, तकनीकी साक्ष्यों और सतत प्रयासों के चलते पुलिस ने कुछ ही समय में पूरे घटनाक्रम का खुलासा कर दिया और पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
पुलिस को मिली थी यह सूचना
थाना आठनेर क्षेत्र के अंतर्गत 20 जनवरी 2026 को बैतूल रोड स्थित सावंगी नदी की मांडवी पुलिया के नीचे एक युवक का शव पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही थाना आठनेर पुलिस हरकत में आई और तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। घटनास्थल को सुरक्षित किया गया और वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। प्रारंभिक तौर पर मृतक की पहचान नहीं हो सकी।
जांच के दौरान हुई युवक की शिनाख्त
जांच के दौरान मृतक की पहचान राजेश आज़ाद के रूप में हुई। मृतक के परिजन कृष्णा आज़ाद की सूचना पर थाना आठनेर में मर्ग क्रमांक 05/26 धारा 194 बीएनएसएस दर्ज कर जांच शुरू की गई। शव का निरीक्षण, पंचनामा और अन्य वैधानिक कार्यवाही पूरी कर पुलिस ने हत्या के कारणों और आरोपियों तक पहुंचने के लिए साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया तेज कर दी।
विशेष जांच दल का किया गठन
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बैतूल के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी भैंसदेही के मार्गदर्शन में एक विशेष जांच दल गठित किया गया। सीन ऑफ क्राइम विशेषज्ञ की मौजूदगी में घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण किया गया। मौके से भौतिक साक्ष्य जुटाए गए, फोटोग्राफी कराई गई और तकनीकी पहलुओं की भी जांच की गई, जिससे घटना की कड़ी को जोड़ने में मदद मिली।
पिता-पुत्र से हुआ था विवाद
जांच में मिले साक्ष्यों और प्रत्यक्षदर्शियों के कथनों के आधार पर थाना आठनेर में अपराध क्रमांक 19/26 धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया गया। विवेचना आगे बढ़ने पर पुलिस को पता चला कि 19 और 20 जनवरी 2026 की मध्यरात्रि लगभग 1:30 बजे मृतक राजेश आज़ाद का नारायण खंडाइट और उसके पुत्र ओम खंडाइट से विवाद हुआ था।
- यह भी पढ़ें : MP Bhavantar Payment: किसानों को मिलेगी बड़ी सौगात, खाते में आएंगे 200 करोड़, फसलों को नुकसान का सर्वे भी होगा
विवाद के बाद हत्या की वारदात
विवाद के दौरान आरोपियों ने राजेश आज़ाद के साथ मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद दोनों आरोपियों ने उसे मोटरसाइकिल पर बैठाया और मांडवी जोड़ पुलिया तक ले गए। वहां हत्या की नीयत से राजेश को पुलिया से नीचे फेंक दिया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। हत्या के बाद आरोपियों ने घटना को दुर्घटना का रूप देने का प्रयास किया।
हिरासत में लेकर की पूछताछ
संदेह के आधार पर पुलिस ने मांडवी निवासी नारायण खंडाइट उम्र 55 वर्ष और उसके पुत्र ओम खंडाइट उम्र 27 वर्ष को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा और बिना नंबर की एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल बरामद की गई। इसके बाद दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
- यह भी पढ़ें : MP Rural Housing CSEB: कम लागत, ज्यादा मजबूती: मध्यप्रदेश में नए तरीके से बनेंगे पीएम ग्रामीण आवास
पुलिस अधीक्षक ने की टीम की प्रशंसा
इस अंधे कत्ल का सफल और त्वरित खुलासा करने पर पुलिस अधीक्षक बैतूल ने थाना आठनेर पुलिस टीम की सराहना की। अधिकारियों ने टीम के समन्वित प्रयास, सूझबूझ और प्रभावी विवेचना की प्रशंसा करते हुए इसे एक उल्लेखनीय कार्यवाही बताया। इस पूरे प्रकरण में निरीक्षक विजय सिंह ठाकुर सहित जांच दल के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका महत्वपूर्ण रही।
सोशल मीडिया पर बैतूल अपडेट की खबरें पाने के लिए फॉलो करें-
- हमारे यूट्यूब चैनल पर खबरें देखने के लिए : यहां क्लिक करें
- वाट्सअप चैनल पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक ग्रुप पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक पेज पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- एक्स पर खबरें पाने के लिए: यहां क्लिक करें
देश-दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com





