Betul blind murder case: युवक के अंधे कत्ल का खुलासा, महिला और नाबालिग गिरफ्तार
Betul blind murder case: मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के रानीपुर थाना क्षेत्र में करीब एक पखवाड़े पहले हुई युवक के अंधे कत्ल का मामला पुलिस ने सुलझा लिया है। इस मामले में पुलिस ने एक महिला और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है। हत्या की वजह यह थी कि मृतक के खेत की फसल आए दिन आरोपी के मवेशी चर लेते थे। इसी को लेकर उनके बीच विवाद होते रहते थे।
पुलिस विभाग बैतूल के जनसंपर्क अधिकारी ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि 6 अगस्त 2025 को रानीपुर पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम ओझाढाना निवासी अमित पिता दिनेश उइके उम्र 22 वर्ष का शव नदी किनारे झाड़ियों में पड़ा हुआ है। जिसके सिर और चेहरे पर गहरे चोट के निशान थे। मृतक की पहचान उसके परिजनों द्वारा की गई। मृतक पैरों के पंजे से विकलांग था। उसकी कुल्हाड़ी से हत्या की गई थी।
विशेष टीम का किया गया गठन
घटनास्थल निरीक्षण के दौरान मामला प्रथम दृष्टया हत्या का पाए जाने पर थाना रानीपुर में बीएनएस की धारा 103 (1), 61 (2) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बैतूल द्वारा विशेष टीम गठित की गई। एसडीओपी सारणी श्रीमती प्रियंका करचाम के निर्देशन में टीम ने कार्यवाही करते हुए तकनीकी विश्लेषण एवं गुप्त सूचना के आधार पर जाँच प्रारंभ की। जिला सीन ऑफ क्राइम मोबाइल यूनिट द्वारा घटनास्थल का सूक्ष्मता से निरीक्षण कर साक्ष्य संकलन की कार्रवाई की गई ।

विवेचना के दौरान यह तथ्य उजागर
प्रारंभिक विवेचना के दौरान यह पाया गया कि मृतक व अपचारी बालक के बीच लंबे समय से खेत की फसल के चराई (खट) को लेकर विवाद चल रहा था। देनवा नदी के किनारे मृतक अमित उइके और उसके परिवार का खेत है। बालक के मवेशी हमेशा उसकी फसल चर लेते थे। इस पर मृतक का परिवार उन मवेशियों को बांध लेते थे। बाद में फसल नुकसान का जुर्माना लेकर उन्हें छोड़ते थे। इससे अपचारी बालक परेशान हो गया था।
महिला ने दी थी हत्या करने की सलाह
अपचारी बालक ने इस बात की जानकारी श्यामवती पति धीरु धुर्वे उम्र 40 वर्ष निवासी रातामाटी थाना रानीपुर को दी। इस पर उसने अपचारी बालक के साथ अमित की हत्या करने की योजना बनाई। उसने अपचारी बालक से कहा कि अब जब ओझाढाना वाले मवेशी पकड़े तो उन्हें जान से खत्म कर देना।
घटना के दिन भी मवेशी ने चरी फसल
घटना दिनांक 5 अगस्त को भी आरोपी बालक का बैल मृतक के खेत में चला गया था। इस पर मृतक अमित ने उसे बांध लिया। इसके बाद बाल अपचारी बैल वापस लेने गया तो दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद के बीच अपचारी बालक ने मृतक के सिर व चेहरे पर कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी। इसके बाद घटना को दुर्घटना दर्शाने के उद्देश्य से लाश को खींचकर देनवा नदी में डाल दिया। यहां शव थोड़ा बहने के बाद झाड़ियों में फंस गया था।
- Read Also: Betul JD inspection: जेडी का औचक निरीक्षण: 16 कर्मचारी नदारद, नोटिस जारी; प्राचार्य पर भी गाज
झाड़ियों में फेंकी कुल्हाड़ी, कपड़े बदले
हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद उसने कुल्हाड़ी वहीं झाड़ियों में फेंक दी और फिर भागकर अपने खेत में स्थित टप्पर में चला गया। यहां अपने कपड़े बदल कर घटना के दौरान पहने कपड़े भी वहीं रख दिए। हालांकि मृतक के चाचा के बेटे ने उसे भागते हुए देख लिया था। पुलिस ने बाल अपचारी और महिला को गिरफ्तार कर लिया है। न्यायालय में पेश करने के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया।
- Read Also: Betul road accident: बैतूल में सड़क हादसे; पिकअप और बाइक की टक्कर से 2 लोगों की दर्दनाक मौत
खुलासे में इनकी रही विशेष भूमिका
इस प्रकरण को सुलझाने में उप निरीक्षक मनोज कुमार उइके, आम्रपाली डाहट, सहायक उप निरीक्षक संत कुमार परतेती, प्रधान आरक्षक रमेश टेकाम, जाकिर खान, महिला आरक्षक प्रमिला, प्रीति भारती, आरक्षक वैभव, राजेंद्र एवं थाना रानीपुर स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
देश-दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें | Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com



