Tiger Movement Betul: बैतूल में टाइगर का मूवमेंट, मक्के के खेत तक पहुंचा बाघ, ग्रामीण दहशत में
Tiger Movement Betul: मध्यप्रदेश का बैतूल जिला सतपुड़ा टाइगर रिजर्व (एसटीआर) से सटा हुआ है। यही कारण है कि यहां पर आए दिन टाइगर समेत अन्य वन्य प्राणी पहुंच जाते हैं। फिलहाल जिले के उत्तर वन मंडल की भौंरा रेंज में भी टाइगर का मूवमेंट है। इससे से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
बताया जाता है कि एसटीआर से सटे गांव सालीमेट में 4 दिन पहले टाइगर के पद चिन्ह नजर आए थे। इसकी सूचना मिलने के बाद वन विभाग ने आसपास के ग्रामों में ग्रामीणों को सतर्क रहने की हिदायत दी है। उन्हें रात में आग जलाने और अनावश्यक रूप से बाहर न घूमने की सलाह देते हुए सतर्कता बरतने को कहा गया है।
मक्के के खेत तक पहुंचा टाइगर
ग्रामवासियों के मुताबिक ग्राम पंचायत सालीमेट के बोडीपानी गांव में टाइगर जंगली सुअरों का पीछा करते हुए मक्के के खेत तक पहुंच गया। किसान लक्ष्मीनारायण यादव और रामभरोसे यादव ने बताया कि खेत में अचानक टाइगर को देख लोग भयभीत हो गए।

घरों के बाहर बंधे रहते हैं मवेशी
इस गांव में यादव समाज के परिवार काफी संख्या में हैं। अधिकांश परिवार गाय-भैंस जैसे पशुधन पालते हैं, जो घरों के बाहर बंधे रहते हैं। ग्रामीण जगदीश यादव का कहना है कि ऐसे में पशुधन पर हमले का खतरा और बढ़ गया है। ग्रामीण खुद के साथ अपने मवेशियों की सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं।
- Read Also: New Fourlane MP: एमपी का यह नेशनल हाईवे होगा फोरलेन, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने दी मंजूरी
वन विभाग को किया गया अलर्ट
वन विभाग के रेंजर बृजेश तिवारी के अनुसार सालीमेट गांव जंगल से लगा हुआ है। इसके पास ही एसटीआर भी है। इसलिए टाइगर का यहां आना स्वाभाविक है। इस बारे में जानकारी मिलते ही टीम को अलर्ट कर दिया गया है और कई जगहों पर पगमार्क भी मिले हैं।
अनाउंसमेंट के जरिए किया सतर्क
उन्होंने बताया कि बाघ की मौजूदगी के मद्देनजर गांवों में अनाउंसमेंट के जरिए ग्रामवासियों को सतर्क किया जा रहा है। ग्रामीणों को खेतों में अकेले न जाने और अपने पशुधन को सुरक्षित स्थानों पर बांधने की सलाह दी गई है। वन विभाग की टीम भी लगातार सर्चिंग कर रही है।
देश-दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें | Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com



