Attack on congress: जीतू पटवारी की टिप्पणी पर भड़के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, दिया करारा जवाब
Attack on congress: भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी द्वारा बैतूल जिले के मुलताई से भाजपा के तीसरी बार के विधायक चंद्रशेखर देशमुख को लेकर अमर्यादित शब्द कहने पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। पटवारी ने यह टिप्पणी कल बैतूल जिले के मुलताई में की थी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा देश के साथ मध्यप्रदेश में पिछड़ा वर्ग को दिए जा रहे सम्मान से कांग्रेस पार्टी और उसके नेता बौखला गए हैं। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी द्वारा भाजपा के वरिष्ठ विधायक के लिए अमर्यादित भाषा का प्रयोग कांग्रेस की हताशा का प्रतीक है। जीतू पटवारी ने एक जनप्रतिनिधि नहीं मध्यप्रदेश के समूचे पिछड़े वर्ग का अपमान किया है।
कांग्रेस को सबक सिखाएगी जनता
राजनीति में मतभेद स्वाभाविक हैं, किंतु अशोभनीय भाषा का प्रयोग करना लोकतांत्रिक परंपराओं की अवहेलना और राजनीतिक मर्यादाओं का हनन है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी का अमर्यादित शब्द कांग्रेस पार्टी के गिरते राजनीतिक स्तर को दिखाता है। कांग्रेस पार्टी और उसके नेता पटवारी द्वारा जिस तरह से पिछड़ा वर्ग का अपमान किया जा रहा है, मध्यप्रदेश की जनता इसका सबक कांग्रेस को जरूर सिखाएगी।
कांग्रेस के गिरते स्तर को दिखाता है बयान
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी और उसके नेता प्रदेश में अपनी खोई हुई लोकप्रियता और जनाधार से बौखलाकर कभी न्यायपालिका, अधिकारियों तो कभी जनप्रतिनिधियों पर अमर्यादित भाषा का प्रयोग करते हैं।
- Read Also: Biggest Flyover MP: एमपी के इस शहर में बना सबसे बड़ा फ्लाई ओवर; 1100 करोड़ की लागत, 7 किमी लम्बा
चंद्रशेखर देशमुख सम्मानित जनप्रतिनिधि
भाजपा विधायक चंद्रशेखर देशमुख प्रदेश के सम्मानित जनप्रतिनिधि हैं। समूचे बैतूल जिले के सभी समाज वर्ग के लोग उनका बहुत सम्मान करते हैं। समूचा बैतूल जिला विधायक श्री देशमुख के प्रति आदर का भाव रखता है। विधायक श्री देशमुख अपना पूरा जीवन, दलितों, वंचितों और पिछड़े वर्ग के साथ समाज के हर वर्ग की सेवा को समर्पित किया है। जनता की सेवा के तत्पर श्री देशमुख जैसे जनप्रतिनिधि का अपमान कर कांग्रेस मध्यप्रदेश के समूचे पिछड़ा वर्ग समाज को अपमानित कर रही है।
पिछड़े वर्ग का आगे बढ़ना नहीं आ रहा रास
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा से पिछड़ा वर्ग को अपमानित करने का कार्य किया है। कांग्रेस पार्टी अपनी लगातार हार और जनसमर्थन खोने की हताशा में अब व्यक्तिगत कटाक्ष और अपमानजनक शब्दों का सहारा लेने लगी है। मध्यप्रदेश में कांग्रेस शासनकाल के दौरान हमेशा पिछड़े वर्ग की आवाज दबाई जाती रही है। कांग्रेस पार्टी ने पिछड़े वर्ग को हमेशा हाशिये पर रखा है।
- Read Also: Betul Proof Range News: बैतूल में प्रूफ रेंज की खबर से मचा हड़कंप: ग्रामीणों में विस्थापन का डर
भाजपा ने ओबीसी से बनाए चार मुख्यमंत्री
भाजपा ने मध्यप्रदेश में चार-चार मुख्यमंत्री पिछड़ा वर्ग से बनाए हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा जिस प्रकार से पिछड़ा वर्ग के कल्याण के लिए कार्य किया जा रहा है, पिछड़ा वर्ग को सम्मान दिया जा रहा है, उससे कांग्रेस पार्टी और उसके नेता बौखलाए हुए हैं।
कांग्रेस के लिए ओबीसी सिर्फ वोट बैंक
पिछड़ा वर्ग का अपमान कांग्रेस पार्टी की सोच और मानसिकता को स्पष्ट करता है। कांग्रेस के लिए पिछड़ा वर्ग सिर्फ वोट बैंक मात्र रह गए है। कांग्रेस द्वारा लगातार जिस तरह से पिछड़ा वर्ग को अपमानित किया जा रहा है, मध्यप्रदेश की जनता कांग्रेस पार्टी को जरूर सबक सिखाएगी।
देश-दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें | Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com



