MP Weather Alert: मध्यप्रदेश के 23 जिलों में आज झमाझम बारिश, कई सिस्टम एक्टिव
MP Weather Alert: इन दिनों कई सिस्टम एक्टिव होने से मध्यप्रदेश में कई जिलों में भारी बारिश का दौर चल रहा है। आज बुधवार को भी प्रदेश के 23 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी मौसम विभाग ने दी है। आने वाले कुछ दिनों तक यूं ही बारिश का दौर जारी रहेगा। इधर बैतूल में अभी तक 666.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की जा चुकी है।
मौसम केंद्र भोपाल द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार वर्तमान में मानसून ट्रफ दीव, सूरत, नंदूरबार, अमरावती, दक्षिण आंतरिक ओडिशा पर निम्र दाब क्षेत्र के केंद्र से होकर पूर्व-दक्षिण-पूर्व की ओर पूर्व मध्य बंगाल की खाड़ी तक माध्य समुद्र तल से 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर विस्तृत है।
एक ऊपरी हवा का चक्रवातीय परिसंचरण पूर्वोत्तर अरब सागर और संलग्र गुजरात पर माध्य समुद्र तल से 5.8 और 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई के मध्य सक्रिय है। इसी तरह विरूपक हवाओं का क्षेत्र (शियर जोन) भारतीय क्षेत्र में 20 अंश उत्तरी अंक्षाश के साथ माध्य समुद्र तल से 3.1 और 4.5 किलोमीटर की ऊंचाई के बीच अवस्थित है। इन्हीं कारणों से बारिश लगातार हो रही है।

आज इन जिलों में होगी भारी बारिश (MP Weather Alert)
मौसम विभाग ने बुधवार को नीमच, मंदसौर, रतलाम, झाबुआ, अलीराजपुर, धार, बड़वानी, खरगोन, बुरहानपुर, खंडवा, हरदा, सीहोर, रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, जबलपुर, सिवनी, डिंडौरी, मंडला और बालाघाट जिलों में भारी बारिश होने का यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 64.5 से 115.5 मिलीमीटर तक बारिश हो सकती है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन और ग्वालियर में हल्की बारिश होने के आसार है।

गुरुवार को इन जिलों के लिए अलर्ट (MP Weather Alert)
मौसम विभाग ने गुरुवार को भी कई जिलों में भारी होने का यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार कल बैतूल, पांढुर्णा, छिंदवाड़ा, नर्मदापुरम, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडोरी और अनूपपुर में भारी बारिश हो सकती है। इन जिलों में भी 64.5 से 115.5 मिलीमीटर तक बारिश हो सकती है। वहीं अन्य जिलों में भी बारिश का मौसम बना रहेगा।
मंगलवार को यहां जमकर बरसे बदरा (MP Weather Alert)
इससे पहले मंगलवार को प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश का दौर रहा। इंदौर में 9 घंटे में ढाई इंच से ज्यादा पानी बरस गया। वहीं, राजधानी भोपाल में शाम को तेज बारिश का दौर चला। रायसेन और नर्मदापुरम में आधा इंच बारिश हुई। बैतूल, गुना, ग्वालियर, खरगोन, पचमढ़ी, उज्जैन, दमोह, मंडला, सिवनी में भी बारिश हुई।
बैतूल में अभी तक 666.5 मिमी वर्षा (MP Weather Alert)
बैतूल जिले में अभी भी काफी बारिश की दरकार है। जिले की औसत वर्षा 1083.9 मिमी है तथा जिले में अभी तक 666.5 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है। गत वर्ष इस अवधि तक 760.5 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई थी। जिले में 20 अगस्त 2025 को प्रात: 8 बजे समाप्त 24 घंटों के दौरान 30.3 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है।
24 घंटे में भीमपुर में सबसे ज्यादा (MP Weather Alert)
अधीक्षक भू-अभिलेख बैतूल ने बताया कि 20 अगस्त 2025 को प्रात: 8 बजे तक तहसील बैतूल में 2.8, घोड़ाडोंगरी में 39.0, चिचोली में 8.0, शाहपुर में 30.0, मुलताई में 11.0, प्रभात पट्टन में 16.2, आमला में 38.0, भैंसदेही में 47.0, आठनेर में 35.2. तथा भीमपुर में 76.0 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है।
- Read Also: MP News Today: सीएम मोहन यादव का खुला ऐलान- लव जिहादियों और ड्रग माफिया को एक-एक कर लगाएंगे ठिकाने
मध्यप्रदेश में बारिश की यह स्थिति (MP Weather Alert)
मध्य प्रदेश में इस सीजन में अब तक औसत 32 इंच बारिश हो चुकी है। अब तक 26.1 इंच पानी गिरना था। इस हिसाब से 5.9 इंच पानी ज्यादा गिर चुका है। प्रदेश की सामान्य बारिश औसत 37 इंच है। यानी, अब तक 86 प्रतिशत पानी गिर चुका है। (MP Weather Alert)
देश-दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें | Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com



