EPFO Higher Pension: EPFO ने बढ़ाई समय सीमा, अब दिसंबर तक किया जा सकेगा उच्च वेतन पर पेंशन के लिए सैलरी का ब्योरा अपलोड
EPFO Higher Pension, EPFO, DTC pension News 2023,EPFO Higher Pension Latest News in Hindi, Pension latest News

EPFO Higher Pension: (नई दिल्ली)। ईपीएफओ द्वारा उच्च वेतन पर पेंशन के लिए विकल्प/संयुक्त विकल्प के सत्यापन के लिए आवेदन जमा करने के लिए पहले एक ऑनलाइन सुविधा उपलब्ध कराई गई थी। यह सुविधा सर्वोच्च न्यायालय के दिनांक चार नवंबर, 2022 के आदेश के अनुपालन में पात्र पेंशनभोगियों/सदस्यों के लिए थी।
यह सुविधा 26 फरवरी, 2023 को शुरू की गई थी और इसे केवल तीन मई, 2023 तक उपलब्ध रहना था। इसके बाद कर्मचारियों के प्रतिवेदन पर विचार करते हुए, पात्र पेंशनभोगियों/सदस्यों को आवेदन दाखिल करने के लिए पूरे चार महीने का समय प्रदान करने के लिए समय सीमा 26 जून, 2023 तक बढ़ा दी गई थी।
पात्र पेंशनभोगियों/सदस्यों (EPFO Higher Pension) को होने वाली किसी भी कठिनाई को दूर करने के लिए 15 दिनों का अंतिम अवसर दिया गया। तदनुसार, कर्मचारियों द्वारा विकल्प/संयुक्त विकल्प के सत्यापन के लिए आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 11 जुलाई, 2023 तक बढ़ा दी गई थी। 11 जुलाई, 2023 तक पेंशनभोगियों/सदस्यों से विकल्प/संयुक्त विकल्प के सत्यापन के लिए 17.49 लाख आवेदन प्राप्त हुए हैं।
नियोक्ताओं और नियोक्ता संघों से प्राप्त प्रतिवेदनों के मद्देनजर, जिसमें आवेदक पेंशनभोगियों/सदस्यों के वेतन विवरण अपलोड करने के लिए समय अवधि बढ़ाने का अनुरोध किया गया था। इसके अलावा नियोक्ताओं को वेतन विवरण इत्यादि 30 सितंबर, 2023 तक ऑनलाइन जमा करने के लिए तीन महीने की अतिरिक्त अवधि भी दी गई थी।
अब, नियोक्ताओं और नियोक्ता संघों से फिर से कई प्रतिवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें आवेदक पेंशनभोगियों/सदस्यों के वेतन विवरण अपलोड करने के लिए और समय अवधि बढ़ाने का अनुरोध किया गया है। उल्लेखनीय है कि 29 सितंबर, 2023 तक विकल्प/संयुक्त विकल्प के सत्यापन के लिए 5.52 लाख आवेदन अभी भी नियोक्ताओं के पास लंबित हैं।
अतः अनुरोध पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया गया है और केंद्रीय न्यासी बोर्ड के अध्यक्ष ने नियोक्ताओं के लिए वेतन विवरण आदि जमा करने के लिए समय 31 दिसंबर, 2023 तक बढ़ा दिया है। अब 31 दिसंबर तक वेतन विवरण अपलोड किए जा सकेंगे।



