Thief Arrested : सोने के जेवर बेचने के कर रहा था प्रयास, पकड़ा और पूछताछ की तो निकला चोरी का आरोपी, हजारों का माल भी हुआ बरामद

बैतूल जिले के घोड़ाडोंगरी नगर में स्थित बजरंग कॉलोनी में प्रोफेसर के घर हुई चोरी के मामले का रविवार को घोड़ाडोंगरी पुलिस (थाना सारनी) ने खुलासा किया। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। वहीं चोरी के माल को भी बरामद कर लिया है। आरोपी सोने के जेवर बेचने का प्रयास कर रहा। उसी बीच संदेह होने पर धरा गया।
पुलिस ने बताया कि 20 दिसंबर 2021 को घोड़ाडोंगरी के बजरंग कॉलोनी में प्रोफेसर प्रदीप पंद्राम के घर में दिनदहाड़े चोरी हुई थी। फरियादी प्रोफेसर की रिपोर्ट पर धारा 454, 380 के तहत अज्ञात आरोपी पर अपराध कायम कर विवेचना में लिया गया। थाना प्रभारी रत्नाकर हिंगवे के मार्गदर्शन में चोरी का खुलासा करने के लिए पुलिस चौकी प्रभारी नेपाल सिंह ठाकुर, एएसआई संत कुमार परतेती, प्रधान आरक्षक भजन लाल चौहान आरक्षक सतीश वाडीवा, विकास और मुकेश की टीम गठित की गई।
विवेचना के दौरान आसपास एवं क्षेत्र के लोगों से पूछताछ की गई। टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि सारणी क्षेत्र में एक व्यक्ति सोने के जेवर बेचने का प्रयास कर रहा है। सूचना मिलने पर संदेह के आधार पर आरोपी युवक को हिरासत में लिया गया।
युवक से पूछताछ की गई। पूछताछ पर आरोपी कुलदीप पिता शिवकुमार पाटिल (19) निवासी वार्ड 2, सुपर डी, सारणी द्वारा कान्हावाडी रोड घोड़ाडोंगरी निवासी प्रोफेसर के घर ताला तोड़कर घर में घुसकर अलमारी से सोने चांदी के जेवर एवं नकदी रुपए चोरी, अन्य कागजात चोरी करना कबूल किया। आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर चोरी का माल, सोने का मंगलसूत्र और चांदी की पायल कुल कीमत करीब 28000 रुपये बरामद की गई। वहीं आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।



