
बैतूल। जिले के घोड़ाडोंगरी ब्लॉक के ग्राम धाड़गांव में बीती रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। शादी में आया एक युवक निर्माणाधीन मकान की छत पर सोया था। इस बीच रात करीब ढाई बजे वह छत से गिर गया। जिससे उसकी मौत हो गई। इस हादसे से शादी की खुशियां मातम में बदल गई।
घोड़ाडोंगरी पुलिस चौकी के एएसआई संत कुमार परतेती ने बताया कि सूखाढाना निवासी बलदीश परते (33) धाड़गांव में शादी में आया था। बीती रात निर्माणाधीन मकान की छत से गिर गया। जिससे उसकी मौत हो गई। परिजन उसे घोड़ाडोंगरी अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर घोड़ाडोंगरी पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
गर्मी के सीजन में पंखे और कूलर की सुविधा नहीं होने पर लोग छत पर सो जाते हैं। वहीं शादी वाले घरों में भी मेहमान अधिक होने पर छत पर ही कुछ लोगों को सोना पड़ता है। ऐसे में इस तरह के हादसे हो जाते हैं। पिछले दिनों बैतूल ब्लॉक के ग्रामीण क्षेत्र में भी छत से गिरकर दो लोगों की मौत हो गई थी। वहीं मुलताई क्षेत्र में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था।