Diwali Bonus 2025: कर्मचारियों को दिवाली का बड़ा तोहफा, डीए बढ़ाने के बाद बोनस का भी ऐलान
Diwali Bonus 2025: केंद्र सरकार के कर्मचारियों पर सरकार की ओर से तोहफों की बौछार जारी है। पहले सरकार ने दशहरा के एक दिन पहले डीए में बढ़ोतरी का तोहफा दिया था। इसके बाद अब कर्मचारियों को बोनस देने का ऐलान किया है। इससे कर्मचारियों की खुशियां दोगुनी हो गई है। वे दिल खोलकर दिवाली का त्योहार मना सकेंगे।
यह कर्मचारी होंगे बोनस के पात्र
वित्त मंत्रालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार यह बोनस ग्रुप सी और गैर-राजपत्रित ग्रुप बी के कर्मचारियों को दिया जाएगा। इन्हें 30 दिन के वेतन के बराबर प्रोडक्टिविटी लिंक्ड बोनस मिलेगा। आदेश में साफ कहा गया है कि यह लाभ केवल उन्हीं कर्मचारियों को दिया जाएगा जिन्होंने साल 2025 में लगातार छह महीने तक सेवा की है। यदि कोई कर्मचारी पूरे साल नौकरी में नहीं रहा तो उसे पूरा बोनस नहीं मिलेगा।
बतौर बोनस कितनी राशि मिलेगी
सरकार ने बोनस की रकम भी घोषित कर दी है। वित्त मंत्रालय ने कहा है कि कर्मचारियों को 6908 रुपये बोनस दिया जाएगा। अगर कोई कर्मचारी पूरे साल सेवा में नहीं रहा है तो उसे प्रो-राटा आधार पर बोनस मिलेगा। इसका मतलब है कि कर्मचारी जितने महीनों तक नौकरी में रहा, उसी अनुपात में उसे बोनस मिलेगा।

यह कर्मचारी भी आएंगे दायरे में
वित्त मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि यह बोनस केवल विभागीय कर्मचारियों तक सीमित नहीं है। जो कर्मचारी केंद्र सरकार के पे स्ट्रक्चर पर काम कर रहे हैं और किसी अन्य प्रकार का बोनस ले रहे हैं, वे भी इस लाभ के दायरे में आएंगे।
इतना ही नहीं केंद्रीय अर्धसैनिक बल यानी सीएपीएफ और सशस्त्र बलों के जवानों को भी इस बोनस का फायदा मिलेगा। इस घोषणा से देशभर में विभिन्न विभागों में कार्यरत कर्मचारियों और सुरक्षाबलों के जवानों में खुशी का माहौल है।
- यह भी पढ़ें : M3M Hurun India Rich List 2025: मुकेश अंबानी सबसे अमीर, अडानी दूसरे स्थान पर, शाहरुख खान भी अरबपति क्लब में
इस तरह की जाएगी बोनस की गणना
सरकार ने बोनस की गणना का फॉर्मूला भी जारी किया है। यह बोनस अधिकतम 7000 रुपये मासिक वेतन पर आधारित होगा। उदाहरण के तौर पर यदि 7000 रुपये को 30 से गुणा करके 30.4 से भाग दिया जाए तो राशि 6907.89 रुपये आती है, जिसे राउंड ऑफ करके 6908 रुपये तय किया गया है। यही रकम कर्मचारियों को बोनस के रूप में मिलेगी।

डीए में तीन प्रतिशत की बढ़ोतरी
बोनस से पहले ही सरकार ने केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनरों को 3 प्रतिशत महंगाई भत्ते की बढ़ोतरी का तोहफा दिया था। इस बढ़ोतरी के बाद डीए 55 प्रतिशत से बढ़कर 58 प्रतिशत हो गया है। डीए में यह बढ़ोतरी 1 जुलाई 2025 से लागू मानी जाएगी। सरकार के इस फैसले से लाखों कर्मचारियों और पेंशनभोगियों की आय में वृद्धि होगी और त्योहारी खर्च को संभालने में सहूलियत मिलेगी।
कर्मचारियों में खुशी का माहौल
त्योहारों से ठीक पहले इस डबल गिफ्ट ने कर्मचारियों के चेहरे पर मुस्कान ला दी है। पहले से बढ़े डीए ने उनके मासिक वेतन को मजबूत किया और अब बोनस की घोषणा ने त्योहारों की तैयारी को और आसान बना दिया है। कई कर्मचारी संगठनों का कहना है कि सरकार का यह फैसला लंबे समय से चली आ रही मांगों को पूरा करने वाला है और इससे कर्मचारियों का मनोबल भी बढ़ेगा।
- यह भी पढ़ें : AI Washing Machine: मार्केट में आई AI वॉशिंग मशीन, कपड़े होंगे और साफ, जानें कीमत व फीचर्स
कितने कर्मचारियों को मिलेगा लाभ
अंदाजा लगाया जा रहा है कि लाखों केंद्रीय कर्मचारी इस फैसले से सीधे लाभान्वित होंगे। इसके साथ ही अर्धसैनिक बलों और सशस्त्र बलों के जवानों को भी बोनस का फायदा मिलेगा। वित्त मंत्रालय का कहना है कि बोनस का भुगतान जल्द से जल्द कर्मचारियों के खातों में किया जाएगा ताकि त्योहारी सीजन में इसका लाभ तुरंत मिल सके।
सोशल मीडिया पर बैतूल अपडेट की खबरें पाने के लिए फॉलो करें-
- वाट्सअप चैनल पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक ग्रुप पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक पेज पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- एक्स पर खबरें पाने के लिए: यहां क्लिक करें
देश-दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com



