Accident On Bhopal Highway: भोपाल-नागपुर नेशनल हाईवे पर हादसा, मशहूर लोक गायक की मौत
Accident On Bhopal Highway: Accident on Bhopal-Nagpur National Highway, death of famous folk singer

Accident On Bhopal Highway (बैतूल)। भोपाल-नागपुर नेशनल हाईवे पर बैतूल जिले के शाहपुर ब्लॉक मुख्यालय पर मंगलवार सुबह एक भीषण हादसा हो गया। यहां एक अनियंत्रित बोलेरो वाहन ने पैदल जा रहे जयस के प्रदेश उपाध्यक्ष और मशहूर आदिवासी लोक गायक को टक्कर मार दी। घटना में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही पूरे शाहपुर में शोक की लहर छा गई।
जानकारी के अनुसार शाहपुर ब्लॉक मुख्यालय पर लोक सेवा केंद्र के सामने बोलेरो ने पैदल जा रहे जयस के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं आदिवासी लोक गायक मुकेश धुर्वे को टक्कर (Accident On Bhopal Highway) मार दी। जिससे मुकेश की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बोलेरो में सवार दो युवक भी घायल हो गए। बताया जा रहा है कि मुकेश धुर्वे पिता छोटेलाल धुर्वे पैदल सड़क किनारे जा रहे थे। इसी दौरान शाहपुर की ओर आ रही बोलेरो एमपी-04/सीटी-8352 ने धुर्वे को जोरदार टक्कर मार दी। इससे मुकेश धुर्वे की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि बोलेरो में सवार विवेक शुक्ला एवं अनूप मालवी भी घायल हो गए।
घटना की जानकारी लगते ही शाहपुर थाना प्रभारी एबी मर्सकोले तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। घायल दोनों युवकों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही शाहपुर नगर एवं जयस के कार्यकर्ता सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहपुर पहुंच गए। शाहपुर पुलिस द्वारा घटना की जांच की जा रही है। घटना की जानकारी लगते ही स्वतंत्रता दिवस का कार्यक्रम समाप्त कर एसडीएम एवं तहसीलदार भी घटनास्थल पर पहुंचे थे।



