wild pig attack : मवेशी चरा रहे बुजुर्ग और तेंदूपत्ता तोड़ रही महिला पर जंगली सुअर ने किया हमला, दोनों को कराया अस्पताल में भर्ती

बैतूल। बैतूल जिले के चिचोली क्षेत्र में दो अलग-अलग गांवों में सोमवार सुबह जंगली सुअर (wild pig attack) ने एक बार फिर हमला किया है। इनमें एक महिला एवं पुरुष घायल हो गए। इन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक चिचोली क्षेत्र के बिघवा दुलहारा क्षेत्र में भैंस चरा रहे 65 वर्षीय बुजुर्ग टंटी यादव के ऊपर अचानक नाले में जंगली सुअर ने हमला कर दिया। इस हमले में बुजुर्ग के पैर में बुरी तरह से चोट आई है। बुजुर्ग को चिचोली सीएचसी में प्राथमिक उपचार दिया गया।
इसके अलावा असाडी ग्राम के समीप जंगल में तेंदूपत्ता तोड़ने गई महिला ललिता (सुको) पति मधु परते (50) पर भी जंगली सुअर ने हमला कर दिया। इस हमले में महिला को घुटने में चोट आई है। फिलहाल महिला का इलाज चिचोली सीएचसी में चल रहा है। घटना की जानकारी लगते ही चिचोली रेंज के डिप्टी रेंजर रमेश रावत भी मौके पर पहुंचे।



