Murder : पत्नी की हत्या कर जमीन में गाड़ा शव, फिर आत्महत्या करने खुद ने पी लिया जहर

बैतूल जिले के आमला ब्लॉक से एक सनसनीखेज खबर सामने आ रही है। बताया जाता है कि यहां एक व्यक्ति ने पहले अपनी पत्नी की हत्या कर दी। हत्या के बाद उसका शव जमीन में गाड़ दिया। इसके बाद खुद भी जहरीला पदार्थ पीकर आत्महत्या की कोशिश की। उसे पहले आमला और फिर बैतूल जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घटना नीमझिरी गांव की बताई जा रही है। हालांकि इस पूरे मामले की पुष्टि नहीं हो पाई है।
पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक इस संबंध में शुक्रवार शाम को पुलिस को सूचना मिली थी। परिजनों की सूचना पर पुलिस व 100 डायल मौके पर पहुँची। बताया जाता है कि नीमझिरी गांव में आरोपी सालिकराम उईके ने उसकी पत्नी गुलसो बाई की आपसी विवाद के चलते मारपीट कर हत्या कर दी। इसके बाद घर के पीछे शव दफना दिया। यही नहीं घटना के बाद उसने खुद भी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। जिसके चलते उसे पहले आमला सीएचसी में भर्ती कराया गया। गंभीर हालत होने से उसे जिला अस्पताल रैफर किया है।
इस पूरे मामले में एक बात यह भी सामने आ रही है कि आरोपी की दो पत्नियां थीं। इनमें से एक कल किसी शादी में गई थी। वहीं बच्चे और परिवार के अन्य सदस्य बोडखी में रहते हैं। गांव में दोनों पत्नियां और पति ही रहता था। घटना के समय वह दोनों ही घर पर थे। इसके चलते अन्य किसी को कोई जानकारी नहीं है। दूसरी ओर जहर पीने से आरोपी भी कुछ बताने की स्थिति में नहीं है। इससे पुलिस को भी अधिक जानकारी नहीं मिल पाई है।
Murder & Rape : चरित्र संदेह पर पत्नी का गला रेत कर हत्या : इधर चाचा ने किया भतीजी के साथ दुष्कर्म
परिजनों की सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुँची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। बताते हैं कि इस मामले में पुलिस ने तहसीलदार को सूचना दी है। रात होने के कारण अब आज सुबह शव जमीन से बाहर निकाला जाएगा। घटना की पुष्टि के लिए आमला टीआई संतोष पंद्रे से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने किन्हीं कारणों से मोबाइल रिसीव नहीं किया। इससे घटना की पुष्टि नहीं हो पाई है।



