Action against four usurers: चार सूदखोरों के खिलाफ कार्रवाई: किसानों से मूल से कई गुना ज्यादा वसूल चुके थे रकम, गिरी पुलिस की गाज

बैतूल (Betul Update)। भैंसदेही पुलिस ने एक माह में चार सूदखोरों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया है। इन सूदखोरों द्वारा किसानों को कुछ राशि देकर कई गुना रकम वसूल कर ली गई। इसके बावजूद किसानों से ब्याज की राशि के लिए दबाव बना रहे थे। पुलिस ने इन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
मिली जानकारी के अनुसार भैंसदेही थाने में बरहापुर निवासी किसान श्रीराम पाटनकर ने शिकायत की थी कि उसने खेती-किसानी के कार्य के लिए भैंसदेही निवासी कैलाश उर्फ बबलू मालवीय से 10 हजार रूपए, नन्हा उर्फ रामभजन मालवीय से 10 हजार रूपए, राजेश मालवीय से 5 हजार रूपए, इस तरह तीनों से 25 हजार रूपए कुछ वर्ष पूर्व लिए थे। वह तीनों को अब तक 20 प्रतिशत ब्याज की दर से कर्ज से कई गुना राशि दे चुका है। इसके बावजूद तीनों उस पर लाखों रूपए का कर्ज होना बता रहे है और गाली-गलौज कर रूपए देने का दबाव बना रहे है। इससे वह मानसिक रूप से प्रताडि़त है।
सूदखोरों के विरूद्ध विशेष अभियान चलाकर भैंसदेही थाना प्रभारी सतीश अंधवान एवं थाना स्टाफ ने इन तीनों कैलाश, नन्हा और राजेश मालवीय के खिलाफ धारा 3,4 म.प्र. ऋणियों का संरक्षण अधिनियम 1937 केस दर्ज कर तीनों को गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश किया।
6 हजार देकर वसूले 20 हजार, बाइक रख लेने की भी दी धमकी
इसी तरह भैंसदेही पुलिस ने भैंसदेही के राजेश विजयकर के खिलाफ भी कार्रवाई की है। राजेश विजयकर द्वारा फरियादी बुद्धीराम झाड़े निवासी चिचोलीढाना से कर्ज में दिए 6 हजार रूपए की रकम के बदले 20 हजार रूपए वसूल कर लिए। इसके बावजूद और रूपए नहीं देने पर बाइक रख लेने की धमकी देकर बार-बार मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा था।
- यह भी पढ़ें: पैसे लेकर छोड़ दी रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली, निर्दोष ग्रामीण का बता दिया नाम, सुरक्षा की गुहार लगाने हुआ मजबूर
फरियादी ने पुलिस को शिकायत में बताया था कि कि उसने राजेश विजयकर से खेती किसानी के 6 जुलाई 2021 को 6 हजार रूपए उधार लिए थे। इसके एवज में वह हर माह दो-तीन हजार रूपए दे रहा है। जुलाई से अभी तक ब्याज के 20 हजार रूपये दे दिए है, फिर भी राजेश ब्याज के और 20 हजार रूपये मांग रहा है। रूपए नहीं देने पर बाइक रख लेने की धमकी देकर परेशान कर रहा है।
पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर सूदखोर राजेश पिता प्रहलाद विजयकर निवासी कौड़ीढाना के विरूद्ध धारा- 3, 4 म.प्र. ऋणियों का संरक्षण अधिनियम 1937 के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई की। इस तरह पुलिस ने एक माह के दौरान चार सूदखोरों के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस ने बताया कि भैंसदेही थाने में दर्ज अन्य शिकायतों पर भी शीघ्र कार्रवाई की जाएगी।



