Betul Double Murder Case: बैतूल में डबल मर्डर से सनसनी: युवती को गड्ढे में गाड़ा, छिंदवाड़ा के विशेष सशस्त्र बल के जवान की पत्थर मारकर हत्या
Betul Double Murder Case: मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में एक ही दिन में हत्या के 2 सनसनीखेज मामले सामने आए हैं। एक मामले में जहां युवती की हत्या कर उसे गड्ढे में गाड़ दिया वहीं दूसरे मामले में छिंदवाड़ा के विशेष सशस्त्र बल के जवान की सिर पर पत्थर मार कर हत्या कर दी गई। दोनों ही घटनाएं मुलताई थाना क्षेत्र की है। इन घटनाओं से क्षेत्र में सनसनी फैली है।
पहली सूचना वलनी ग्राम से मिली
शुक्रवार को थाना मुलताई की पुलिस चौकी मासोद के अंतर्गत ग्राम वलनी से सूचना मिली कि एक खेत में अज्ञात शव या कंकाल दिखाई दे रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मुलताई नरेन्द्र सिंह परिहार पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और क्षेत्र को सुरक्षित किया गया। शव अत्यधिक क्षत-विक्षत अवस्था में था। कुत्तों द्वारा नोचे जाने और सड़-गल जाने के कारण तत्काल पहचान संभव नहीं हो पा रही थी।
मौके से जुटाए भौतिक-वैज्ञानिक साक्ष्य
घटनास्थल पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार सीन ऑफ क्राइम टीम को बुलाया गया। पुलिस अधीक्षक बैतूल वीरेन्द्र जैन के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मुलताई शिवकुमार सिंह के पर्यवेक्षण में निरीक्षक आबिद अंसारी द्वारा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया। इस दौरान आवश्यक भौतिक और वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए गए।
कुत्तों ने बाहर निकाल लिया था शव
जांच में यह तथ्य सामने आया कि खेत के पास लगभग तीन फीट गहरा, दो फीट चौड़ा और साढ़े पांच फीट लंबा एक कच्चा गड्ढा खोदा गया था, जो कब्र जैसा प्रतीत हो रहा था। इसी गड्ढे में शव को दफनाया गया था। गड्ढा अधिक गहरा नहीं होने के कारण कुत्तों ने शव को बाहर निकाल लिया, जिससे अवशेष खेत में फैल गए।
टी शर्ट से हुई पहचान, दर्ज है गुमशुदगी
शव के पास पड़ी टी-शर्ट, समीज और लंबे बालों के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि शव किसी महिला का है। आसपास के ग्रामीणों और गांव की महिलाओं से पूछताछ की गई, जिसके बाद शव की पहचान हुई। मृतिका के परिजनों ने 19 जनवरी 2026 को थाना मुलताई में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। तभी से उसकी तलाश की जा रही थी।
- यह भी पढ़ें : Betul Road Accident: बैतूल में भीषण सड़क हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से दो युवकों की मौत, जांच में जुटी पुलिस
हत्या के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने इस मामले को गंभीर मानते हुए विशेष जांच टीम का गठन किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के कारणों और इसमें शामिल आरोपियों की पहचान के लिए हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
हरदौली में नाले में पड़ा था युवक का शव
एक दूसरे मामले में इसी दिन थाना मुलताई को एक और सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम हरदौली के पास श्मशान घाट के किनारे नाले में एक व्यक्ति का शव संदिग्ध अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और प्रारंभिक जांच की। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर घटनास्थल को सुरक्षित कर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया।
पहचान छिपाने के लिए फेंका नाले में
सीन ऑफ क्राइम एक्सपर्ट द्वारा किए गए निरीक्षण में यह सामने आया कि मृतक के सिर पर पत्थर से गंभीर चोटें पहुंचाई गई थीं। इससे यह स्पष्ट हो गया कि यह एक हत्या का मामला है और शव को पहचान छिपाने के उद्देश्य से नाले में फेंका गया था।
सोशल मीडिया के जरिए हो सकी शिनाख्त
स्थानीय लोगों से मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया गया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। मृतक के कपड़ों में पुलिस जैकेट, पैंट और टोपी शामिल थीं, जिससे उसके पुलिस विभाग से जुड़े होने की आशंका हुई। इसके बाद पुलिस द्वारा मृतक के फोटो सोशल मीडिया और पुलिस विभाग के आंतरिक समूहों में साझा किए गए।
- यह भी पढ़ें : MP Wheat Procurement: एमपी में गेहूं MSP खरीदी के लिए पंजीयन 7 फरवरी से, किसानों को मिलेगा 2585 रुपये भाव
छह जनवरी को आया था छुट्टी पर
इन प्रयासों के बाद मृतक की पहचान आरएस सरयाम के रूप में हुई, जो छिंदवाड़ा निवासी था और आठवीं बटालियन विशेष सशस्त्र बल में पदस्थ था। वह वर्तमान में उमरिया स्थित ई कंपनी में कार्यरत था और 6 जनवरी 2026 को अवकाश पर आया था। इसके बाद वह ड्यूटी पर वापस नहीं लौटा था।
जल्द की जाएगी आरोपियों की पहचान
मामले में हत्या का अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है। दोनों ही प्रकरणों की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बैतूल द्वारा विशेष जांच दल गठित किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही दोनों मामलों में आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी और घटनाओं के पीछे के कारणों को सार्वजनिक किया जाएगा।
- यह भी पढ़ें : Betul Accident News: बैतूल में दो घटनाओं से सनसनी, हाईवे हादसे में युवक की मौत, तालाब में मिला अज्ञात शव
सोशल मीडिया पर बैतूल अपडेट की खबरें पाने के लिए फॉलो करें-
- हमारे यूट्यूब चैनल पर खबरें देखने के लिए : यहां क्लिक करें
- वाट्सअप चैनल पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक ग्रुप पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक पेज पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- एक्स पर खबरें पाने के लिए: यहां क्लिक करें
देश-दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com





