Online attandance : आज से मध्यप्रदेश के स्कूलों में बच्चों की भी ऑनलाइन लगेगी हाजरी, स्कूल शिक्षा विभाग ने विकसित किया तंत्र, व्यवस्था लागू करने आदेश किए जारी
अब आज से मध्यप्रदेश के सभी स्कूलों में छात्र-छात्राओं की हाजरी ऑनलाइन (student attendance online) लगेगी। स्कूल शिक्षा विभाग (school education department) ने इसके लिए ऑनलाईन अटेन्डेन्स सिस्टम (OAS) विकसित कर लिया है। इसके साथ ही इस व्यवस्था को लागू करने के लिए सभी कलेक्टरों को पत्र भी जारी कर दिया है। इस व्यवस्था का उद्देश्य बच्चों की उपस्थिति की मॉनिटरिंग और कम उपस्थिति वाले बच्चों को चिन्हित कर उनकी उपस्थिति बढ़ाना है।
स्कूल शिक्षा विभाग के उप सचिव प्रमोद सिंह द्वारा इस संबंध में जारी पत्र में कहा गया है कि मप्र में शिक्षा के अधिकार अधिनियम के अंतर्गत शाला जाने योग्य बच्चों का शाला में नामांकन, शाला में उपस्थिति एवं गुणवत्ता युक्त शिक्षा प्रदाय करने का प्रावधान है। वर्तमान में प्रदेश शासन के द्वारा शिक्षा को प्राथमिकता में लेते हुये अध्ययनरत बच्चों की शैक्षणिक गुणवत्ता में उपलब्धि हेतु सतत प्रयास किये जा रहे हैं।
अध्ययनरत बच्चों में गुणवत्ता उपलब्धि के लिये यह आवश्यक है कि बच्चे शाला में नियमित रूप से उपस्थित हो। वर्तमान में शाला में आने वाले बच्चों की दैनिक उपस्थिति की मॉनिटरिंग हेतु कोई व्यवस्था नहीं है। अतः विभाग द्वारा एक ऐसा तंत्र विकसित किया गया है, जिससे छात्रों की राज्य, जिला एवं विकासखंड स्तर पर दैनिक मॉनिटरिंग की जा सके। इस सिस्टम को हाजरी ऑनलाईन अटेन्डेन्स सिस्टम के नाम से जाना जायेगा।
इस सिस्टम का मुख्य उद्देश्य छात्रों की दैनिक उपस्थिति हेतु सिस्टम विकसित कर छात्रों की औसत उपस्थिति सुनिश्चित करते हुये गुणवत्ता युक्त शिक्षा को प्रभावी बनाना, कमजोर उपस्थिति वाले छात्रों की जानकारी एकत्रित कर कारणों का अध्ययन करते हुये युक्तियुक्त समाधान तैयार करना और मॉनिटरिंग तंत्र को प्रभावी एवं उत्तरदायी बनाना है।
- यह भी पढ़ें… आधा दर्जन बीआरसी की प्रतिनियुक्ति की गई समाप्त, मूल विभाग में भेजा, इतने ही नए नियुक्त, तीन एपीसी भी पदस्थ
ऐसे लागू किया जाएगा OAS
विभाग द्वारा हाजरी ऑनलाईन अटेन्डेन्स सिस्टम के लिये मोबाईल एप तैयार किया गया है। एम-शिक्षामित्र एप्प (m-shikshamitra app) को प्ले स्टोर (play store) से डाउनलोड/अपडेट करके हाजरी मॉडयूल के माध्यम से प्रदेश के कक्षा 1 से 12 तक के समस्त शासकीय विद्यालयों के प्राचार्य/प्रधानाध्यापक/संस्था प्रभारी बच्चों/शिक्षकों की उपस्थिति दर्ज कर सकेंगे। उस स्कूल में पदस्थ शिक्षकों, प्रधानाध्यापक एवं प्राचार्य की जानकारी HRMIS से उपलब्ध होगी। एप्प में शालावार कर्मचारियों को जोड़ने या हटाने के लिये DDO से संर्पक कर जानकारी अपडेट की जा सकेगी।
ऑफलाइन भी काम करेगा यह एप
प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों में समान्यतः मोबाईल नेटवर्क की उपलब्धता नहीं होने के कारण मोबाईल एप को इस तरह डिजाईन किया गया है जिससे इसे ऑफलाईन उपयोग किया जा सके यूजर नेटवर्क एरिया में आने पर डेटा स्वतः अपलोड हो सकेगा।
- यह भी पढ़ें… NMCMSS : सरकार ने बढ़ाई इस महत्वपूर्ण छात्रवृत्ति के लिए आवेदन की आखरी तारीख, हर साल मिलती है 12 हजार की स्कॉलरशिप
एप के माध्यम से दैनिक रूप से की जाने वाली गतिविधियां शाला के प्राचार्य / प्रधानाध्यापक, शाला में पदस्थ शिक्षक एवं बच्चे प्रतिदिन हाजरी मॉडयूल एप के माध्यम से शाला प्रारंभ होने के एक घंटे के अन्दर छात्रों की उपस्थिति दर्ज करेंगे। इससे बच्चों की शाला में प्रतिदिन उपस्थिति ज्ञात हो सकेगी। साय: 5 बजे के बाद बच्चों की उपस्थिति दर्ज नहीं की जा सकेगी। एप पर कक्षावार शाला में दर्ज बच्चों की जानकारी समग्र शिक्षा पोर्टल पर दर्ज नामांकन अनुसार उपलब्ध होगी।
मोबाईल एप की यह है उपयोगिता
हाजरी ऑनलाईन अटेन्डेन्स सिस्टम का डेस बोर्ड अलग से होगा। जिससे प्रतिदिन साप्ताहिक एवं मासिक उपस्थिति का जिलेवार, विकासखंडवार, संकुलवार डेटा प्राप्त कर उसकी समीक्षा करते हुये कमजोर उपस्थिति वाले जिलों/विकासखंडों के लिये प्रभावी निर्णय लिये जा सकेंगे।
- यह भी पढ़ें…Education system : महज 46 बच्चों पर 3 शिक्षक, फिर भी नहीं हो रही ढंग की पढ़ाई, पालक स्कूल से ले गए अपने बच्चे
कमजोर उपस्थिति वाली शालाओं को चिन्हित कर शिक्षा विभाग के क्षेत्रीय अधिकारियों एवं स्थानीय निकायों के सहयोग से उपस्थिति बढ़ाने हेतु प्रयास किये जा सकेगे। उपस्थिति के आधार पर गुणवत्ता युक्त शिक्षा की उपलब्धि स्तर का भी विश्लेषण किया जा सकेगा। दैनिक उपस्थिति के आधार पर मध्यान्ह भोजन योजना की भी प्रभावी मॉनिटरिंग की जा सकेगी।
यहां हुई थी पायलट प्रोजेक्ट के रूप में लागू
राज्य शिक्षा केन्द्र के अनुसार सत्र 2022-23 के लिये दिनांक 29.08.2022 से जिला शाजापुर, छिंदवाड़ा एवं बड़वानी जिले में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में यह व्यवस्था शुरू की गई थी जो कि अत्यधिक सफल रही। अतः प्रदेश के कक्षा 1 से 12 तक के समस्त शासकीय विद्यालयों के प्राचार्य/प्रधानाध्यापक/संस्था प्रभारी दिनांक 11/10/2022 से प्रतिदिन विद्यालय में पदस्थ शिक्षक एवं छात्रों की शत प्रतिशत उपस्थिति एप के माध्यम से दर्ज कराना सुनिश्चित करें।



