Betul Good News: यहां अच्छे अंक लाने वाली किसानों की मेधावी बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए मिली हजारों रुपए की छात्रवृत्ति
Betul Good News: Meritorious daughters of farmers who get good marks here get scholarship of thousands of rupees for higher education

Betul Good News: कलेक्टर अमनबीर सिंह बैंस ने श्रीजी शुगर मिल में मेधावी बेटियों को छात्रवृत्ति वितरण के साथ दिए सफलता के टिप्स बैतूल (Betul Update)। श्रीजी शुगर एंड पावर लिमिटेड सोहागपुर प्रबंधन के द्वारा किसानों की बेटियों की बेहतर शिक्षा के लिए छात्रवृत्ति प्रदान करने का बीड़ा उठाया है। बुधवार को शुगर मिल परिसर में गरिमामय कार्यक्रम में कलेक्टर अमनबीर सिंह बैंस, शुगर मिल के मालिक राजेंद्र गोयल (सेंधवा), वैभव माहेश्वरी (बनखेड़ी), हनुमंत शुगर मिल के संचालक विपिन अग्रवाल, श्रीजी शुगर मिल के संचालक अभिषेक गोयल के हाथों कुल 16 बेटियों को छात्रवृत्ति की राशि के चेक प्रदान किए गए।
इस मौके पर कलेक्टर श्री बैंस ने विद्यार्थियों को सफलता के टिप्स दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी सफल व्यक्ति की जिंदगी को देखेंगे तो आप पाएंगे कि उनकी जिंदगी में सबसे पहला सवाल होता है कि क्यों? आप सबके मन में भी पहला प्रश्न यही होना चाहिए कि ‘क्यों’? यह आपकी जिंदगी में हमेशा मदद करेगा। यदि आपने यह चिंतन कर लिया कि आखिर मुझे यह क्यों बनना है तो फिर आपके काम आसान हो जाएंगे। विद्यार्थियों को अपने जीवन में एक बात हमेशा तय करना चाहिए कि जीवन में आगे बढ़ना है तो हमेशा अपनी प्लानिंग को लांग टर्म रखें। कलेक्टर श्री बैंस ने कहा कि श्रीजी शुगर मिल प्रबंधन द्वारा शिक्षा के लिए जो प्रयास किए जा रहे हैं वे बेहद सराहनीय हैं।

कार्यक्रम में कक्षा 10 वीं में 90 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाली किसानों की बेटियों को छात्रवृत्ति प्रदान की गई। इनमें प्रीति रामकिशोर सरले बडोरा, चंचल पोटफोड़े रेडवा, गामिनी शिवपाल रावत देवठान, नमिता मायवाड़ बैतूल, त्रिशा देवाधे भरकावाडी, माही अनिल शर्मा और पायल सुभाष सातपूते शामिल हैं। इनको 31–31 हजार रूपये के चेक दिए गए।
इसी तरह कक्षा 12 वीं में 85 प्रतिशत से अधिक अंक से उत्तीर्ण होने वालों में बटामा निवासी आशी दीपक गोरखड़े, बडोरा निवासी श्रुति श्याम कुमार दोडके, बैतूल निवासी वैष्णवी मुकेश चौरसिया, खानापुर निवासी साक्षी विकाश पानकर, खेड़ली निवासी वेदैही गौरीशंकर गोचरे, हमलापुर निवासी ईशा मनोज चौरसिया और बाजपुर निवासी ज्योति छेरकी शामिल हैं। इनमें से प्रत्येक को 31–31 हजार रूपये की राशि के चेक प्रदान किए गए।
- Also Read : Khedla Shiv Mandir: पांच माह बाद शिवरात्रि पर भक्तों को दर्शन देंगे भोलेनाथ, सावन मास से जलमग्न थे महादेव
इनके अलावा एमबीबीएस की पढ़ाई करने वाली बेटियां विशाखा चौरसिया और निहारिका दिनेश उईके को 61–61 हजार रूपये की राशि के चेक प्रदान किए गए। श्रीजी शुगर मिल के संचालक अभिषेक गोयल ने बताया कि शुगर मिल के पंजीकृत किसानों में से जिनके द्वारा शुगर मिल में नियमित गन्ना विक्रय किया जाता है, उनका सर्वे करने के बाद पात्र पाए जाने पर बेटियों को उच्च शिक्षा पाने के लिए छात्रवृत्ति से लाभान्वित किया गया है। प्रबंधन द्वारा किसानों के बच्चों को उच्च शिक्षा पाने में किसी प्रकार की कमी ना आए इसके लिए प्रबंधन द्वारा लगातार प्रयास किया जाता रहेगा। छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान और परिवार जन मौजूद थे।(Betul Good News)



