Betul Crime News : बोरदेही क्षेत्र से आए बैतूल और बेखौफ होकर चुरा ले गए साढ़े तीन लाख की चारोली
Betul Crime News: Betul came from Bordehi area and stole three and a half lakh charoli fearlessly

Betul Crime News : बैतूल शहर में चोर-उचक्के आए दिन अपने बुलंद हौसलों का प्रदर्शन करते रहते हैं। अब तो दूरदराज के ग्रामीण अंचलों से भी जिला मुख्यालय पर आकर आरोपी कारनामे दिखाने लगे हैं। ऐसे ही एक मामले में बोरदेही थाना क्षेत्र से 4 आरोपी पिछले दिनों बैतूल आए और यहां की एक दुकान से 3.50 लाख रुपये की चारोली (चिरोंजी) चुरा कर एक लोडिंग ऑटो में भर कर ले गए। हालांकि यह चारों आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ चुके हैं।
इस संबंध में जानकारी देते हुए बैतूल गंज थाना प्रभारी एबी मर्सकोले ने बताया कि विगत 11 मार्च 2023 को फरियादी सुरेश कुमार पिता कन्हैया राठौर उम्र 65 वर्ष निवासी गांधी नगर गंज बैतूल ने रिपोर्ट की कि 4 मार्च 2023 की दरमियानी रात में उनकी दुकान में चोरी हो गई। उनकी वन उपज चारोली (चिरोंजी) ग्रेन मर्चेन्ट की दुकान बाबू चौक गंज बैतूल में है। वहां से 310 किलोग्राम चारोली (चिरोंजी) जिसकी कीमत 3,50,000 रुपये है, कोई अज्ञात चोर चोरी कर ले गया है। उक्त रिपोर्ट पर थाना गंज बैतूल में धारा 457, 380 भादंवि के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।।
प्रकरण में थाना प्रभारी एबी मर्सकोले द्वारा उप निरीक्षक रवि शाक्य के नेतृत्व में अज्ञात आरोपियों की पतारसी हेतु टीम तैयार की गई। विवेचना के दौरान घटनास्थल के आसपास के सीसीटीव्ही फुटेज देखने पर पाया गया कि चारोली चोरी करने वाले चोरों द्वारा एक नीले रंग की तीन पहिया की आपे लोडिंग ऑटो का उपयोग कर चारोली चुरा कर लेकर गए हैं। उक्त लोडिंग ऑटो की शिनाख्त कर प्रकरण में चार आरोपियों को थाना बोरदेही क्षेत्र के ग्राम बामला, ग्राम इटावा और ग्राम बिजोरी से 14 मार्च को गिरफ्तार किया गया हैं।

इन आरोपियों को किया गया गिरफ्तार
इस मामले में पुलिस ने आरोपी गजानंद उर्फ आनंद गोहे पिता कन्हैया गोहे उम्र 27 वर्ष निवासी ग्राम बामला थाना बोरदेही, ब्रजेश पिता बिनोरी पन्दराम उम्र 27 वर्ष निवासी ग्राम इटावा थाना बोरदेही, निलेश यदुवंशी पिता लखन यदुवंशी उम्र 23 वर्ष निवासी ग्राम बिजोरी थाना बोरदेही एवं रोहित बिहारे पिता प्रेम बिहारे उम्र 23 वर्ष निवासी ग्राम बिजोरी थाना बोरदेही जिला बैतूल को गिरफ्तार किया है।

साढ़े सात लाख का मशरूका जब्त
उक्त प्रकरण में आरोपियों से चुराई कुल 310 किलोग्राम चारोली (चिरोंजी) एवं घटना में प्रयुक्त वाहन नीले रंग की लोडिंग ऑटो कीमत करीब 4,00,000 रुपये जब्त किया गया है। आरोपियों से कुल 7,50,000 रुपये का मशरुका जब्त किया गया हैं। टीआई श्री मर्सकोले ने बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।।
कार्यवाही में इनकी रही विशेष भूमिका
उपरोक्त कार्यवाही में निरीक्षक एबी मर्सकोले, उप निरीक्षक रवि शाक्य, आदित्य करदाते, सहायक उप निरीक्षक उमेश बिल्लारे, प्रधान आरक्षक अशोक तिवारी, मयूर, आरक्षक नितीन, संदीप, हितूलाल, सचिन, कमलेश, सैनिक अमित और बंडू की सराहनीय भूमिका रही।



