मतदाता जागरूकता पर स्लोगन लिखकर या गीत गाकर जीत सकते हैं 2 लाख तक के इनाम

एक वोट कितना कीमती है, इतिहास इसका उदाहरण रहा है। आपका वोट सिर्फ मशीन की बीप की आवाज नहीं है। यह देश की आवाज बनकर आपका भविष्य निर्धारित करता है। इसी तरह के कुछ स्लोगन लिखकर, पोस्टर बनाकर, क्विज में शामिल होकर या गीत गाकर आप जीत सकते हैं 2 हजार से लेकर 2 लाख तक के पुरुस्कार।
दरअसल, भारत निर्वाचन आयोग (Election Commission of India) द्वारा राष्ट्रीय मतदाता जागरूकता प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इसमें 3 मिनिट के गीत गायन, 1 मिनिट का वीडियो बना कर, पोस्टर डिजाईन करके या फिर क्विज में भाग लेकर शामिल हो सकते हैं। यह जानकारी स्वीप आईकाॅन सारिका घारू ने दी।
सारिका ने बताया कि प्रतियोगिता की थीम ‘मेरा वोट मेरा भविष्य, ताकत एक वोट की’ रखी गई है। इसमें शौकिया, व्यवसायिक एवं संस्थागत श्रेणी में से किसी एक में आप भाग लेकर अपने मौलिक प्रयासों के माध्यम से दो लाख रुपये तक के 89 पुरस्कार जीत सकते हैं। एवं भारत निर्वाचन आयोग का प्रमाण पत्र पा सकते हैं।
प्रतियोगिता में प्रविष्टि ईमेेल द्वारा भेजने की अंतिम तिथि 15 मार्च है। स्वीप आईकाॅन सारिका ने अपील की है कि मध्य प्रदेश अपने वोट की ताकत बताने में देश में सबसे आगे रहे, इसके लिये आप आज ही मतदान का महत्व बताने वाली आपकी रचना को भेजें।
उन्होंने यह भी बताया कि आवेदकों की सुविधा के लिए प्रतियोगिता की वेबसाइट https://ecisveep.nic.in/contest/ पर प्रतियोगिता से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश, नियम एवं शर्ते दी गई हैं। प्रतिभागी 15 मार्च, 2022 तक अपनी प्रविष्टियों को विवरण के साथ मतदाता प्रतियोगिता contest@eci.gov.in पर ईमेल कर सकते हैं। प्रतिभागियों को ईमेल में अपनी प्रतियोगिता और श्रेणी के बारे में स्पष्ट रूप से उल्लेख करना होगा।



