Multai road controversy: दो साल से अधूरी सड़क, गड्ढों के बीच से सफर मजबूरी, इस बदहाली के लिए फिर क्या सम्मान करें?
Multai road controversy: मुलताई। बैतूल जिले के मुलताई नगर का एक प्रमुख मार्ग परमंडल चौराहा से ड्रीमलैंड सिटी तक का कार्य पिछले दो वर्षों से अधूरा पड़ा है। गड्ढों की भरमार वाली इस सड़क से गुजरने के बाद ही कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने क्षेत्रीय विधायक को “निकम्मा” बताया था। इसे लेकर अब दोनों पार्टियां आमने-सामने हैं।
गौरतलब है कि लगभग डेढ़ करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली इस करीब एक किलोमीटर लंबी सड़क को लोक निर्माण विभाग ने अक्टूबर 2023 में प्रशासकीय स्वीकृति दी थी, लेकिन निर्माण अधूरा छोड़ देने से लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है।
गड्ढों में तब्दील हो चुकी पूरी सड़क
बरसात के चलते मार्ग गड्ढों में तब्दील हो चुका है। स्थिति यह है कि वाहन चालकों को मजबूरी में इसी क्षतिग्रस्त मार्ग से होकर गुजरना पड़ता है। विभाग द्वारा कोई वैकल्पिक मार्ग भी उपलब्ध नहीं कराया गया है, जिससे आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है।
विधायक को ठहराया था जिम्मेदार
मुलताई नगर आगमन पर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी भी इसी क्षतिग्रस्त मार्ग से होकर पहुंचे। उन्होंने सड़क की इस बदहाली के लिए स्थानीय विधायक चंद्रशेखर देशमुख को जिम्मेदार ठहराया। इसके बाद कांग्रेस ने भाजपा के जनप्रतिनिधियों पर जमकर निशाना साधा। वहीं भाजपा ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि सड़क निर्माण में देरी की जिम्मेदारी उनकी सरकार की कार्यप्रणाली पर भी है। इस मुद्दे पर नगर की राजनीति गरमा गई है।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष भी आए दूसरे मार्ग से
कुछ माह पूर्व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के नगर आगमन के समय भी यही स्थिति बनी हुई थी। फोरलेन से मुख्य मार्ग की खराब स्थिति के कारण उन्हें बिरुल बाजार चौराहे से होकर नगर लाया गया। उस समय भी विभाग ने सड़क की मरम्मत कराने की जहमत नहीं उठाई थी। नागरिकों का कहना है कि यदि विभाग और जनप्रतिनिधि गंभीर रहते तो कम से कम अस्थाई मरम्मत कार्य जरूर कराया जा सकता था।
बार-बार शुरू होकर बंद हुआ कार्य
जानकारी के मुताबिक ठेकेदार ने निर्माण कार्य की शुरुआत तो की, लेकिन बीच में ही कार्य बंद कर दिया। बाद में दोबारा कार्य प्रारंभ किया गया, फिर कुछ ही दिनों में सड़क को खोदकर काम रोक दिया गया। इस तरह से अब तक सड़क अधूरी ही पड़ी हुई है।
विभाग का दावा: सितंबर से शुरू होगा काम
लोक निर्माण विभाग के उपयंत्री डीआर करमकार ने बताया कि सड़क का कार्य संभवत: सितंबर से शुरू होगा। पहले नाली निर्माण किया जाएगा और उसके बाद सड़क का शेष निर्माण कार्य किया जाएगा।
लोग इन्हें मान रहे बदहाली का जिम्मेदार
इस बीच स्थानीय लोग विभाग और जनप्रतिनिधियों की लापरवाही को जिम्मेदार मान रहे हैं। उनका कहना है कि लंबे समय से सड़क की दुर्दशा बनी हुई है, लेकिन सुधार को लेकर न तो ठोस कदम उठाए जा रहे हैं और न ही अस्थाई इंतजाम किए जा रहे हैं। डेढ़ करोड़ रुपए की लागत वाली यह एक किलोमीटर सड़क राजनीतिक खींचतान और विभागीय उदासीनता की भेंट चढ़ गई है, जबकि इसकी सबसे बड़ी कीमत आम जनता को भुगतनी पड़ रही है।
देश-दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें | Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com



