Bhopal-Nagpur National Highway : सुखतवा में शुरू हुआ नेशनल हाईवे से यातायात, स्कूल-कॉलेजों में आज और कल रहेगी छुट्टी, कलेक्टर ने जारी किए आदेश

बैतूल (Betul Update)। जिले में एक और जहां लगातार बारिश जारी है वहीं संभाग में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी भी दी गई है। इन हालातों में बच्चों का स्कूल जाना बेहद खतरनाक हो सकता है। इसके मद्देनजर जिले की सभी शैक्षणिक संस्थाओं में मंगलवार (16 अगस्त) और बुधवार (17 अगस्त) का अवकाश घोषित किया गया है। कलेक्टर अमनबीर सिंह बैंस ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं। उधर भोपाल-नागपुर नेशनल हाईवे से मंगलवार सुबह यातायात शुरू हो गया है।
डीपीसी सुबोध शर्मा ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि गत दिवस से जारी अनवरत बारिश एवं मौसम विभाग द्वारा आगामी दिवस के लिए भारी बारिश की चेतावनी (heavy rain alert) के संदर्भ में कलेक्टर श्री बैंस द्वारा जिले की सभी शैक्षणिक संस्थाओं के लिए 16 एवं 17 अगस्त 2022 के लिए अवकाश घोषित किया गया है।
सभी संस्था प्रमुख ध्यान दें और पालकों को सूचित किया जाए कि इन परिस्थितियों में बच्चे शाला न आएं। एक जिम्मेदार शिक्षक, लोकसेवक को शाला के लिए निश्चित करें कि यदि कोई छात्र-छात्रा शाला पहुंचते हैं तो उन्हें वापस सुरक्षित घर पहुंचाने की व्यवस्था करें।
उल्लेखनीय है कि जिले में रविवार रात से ही लगातार बारिश हो रही है। इसके चलते जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। लोग अपने घरों में कैद होकर रह गए है। दूसरी ओर मौसम विभाग ने 16 अगस्त तक जारी मौसम पूर्वानुमान में नर्मदापुरम संभाग में कहीं-कहीं भारी से अति भारी (heavy to very heavy) और कहीं-कहीं अत्यधिक भारी वर्षा (very heavy rain) की चेतावनी दी है।

सुखतवा पुल से शुरू हुआ यातायात
भोपाल-नागपुर नेशनल हाईवे पर सुखतवा में कल दिन भर हाइवे बंद रहा। मंगलवार सुबह 6.45 बजे यहां से यातायात शुरू हो गया है। सोमवार दोपहर 12 बजे से यहां ट्रैफिक बंद था। केसला थाना में पदस्थ एएसआई अनिल शर्मा ने बताया कि आज सुबह 6.45 बजे से सुखतवा पुल से यातायात शुरू हो गया है। पुल पर बाढ़ होने के कारण यहां दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगी थी। अब इन वाहनों को निकाला जा रहा है।

शाहपुर में हाईवे पर यह है स्थिति
भारी बारिश से जिले की कई नदियां भी उफान पर हैं। माचना नदी में भी लगातार बाढ़ की स्थिति है। शाहपुर में माचना नदी का जल स्तर रात भर से पुल से करीब एक फीट नीचे बना है। वहां अभी भी वही स्थिति है। ऐसे में जल स्तर थोड़ा भी बढ़ने पर भोपाल-नागपुर हाईवे पर यातायात बंद हो सकता है।




