खबर का असर : शाहपुर मंडी में मंगलवार से शुरू होगी खरीदी, दो दिन खुलेगी, किसानों को मिलेगी राहत
• नवील वर्मा, शाहपुर
बैतूल जिले के शाहपुर में स्थित मंडी में मंगलवार से खरीदी शुरू की जाएगी। यहां मंगलवार और गुरुवार को मक्का की खरीदी की जाएगी। शाहपुर मंडी के शुरू होने से क्षेत्र के किसानों को बड़ी राहत मिलेगी। अब उन्हें अपनी उपज बेचने के लिए बैतूल या इटारसी जाने को मजबूर नहीं होना पड़ेगा।
‘बैतूल अपडेट’ ने एक दिन पहले 27 अक्टूबर को ही यह मुद्दा ‘दो साल से बंद पड़ी है शाहपुर उप मंडी, औने-पौने दाम में व्यापारियों को उपज बेचने को मजबूर क्षेत्र के किसान‘ शीर्षक से समाचार प्रकाशित कर प्रमुखता से उठाया था। किसानों की इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए कृषि उपज मंडी बडोरा (बैतूल) प्रबंधन ने आगामी मंगलवार से ही यह शाहपुर उप मंडी शुरू करने का निर्णय लिया है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए मंडी इंस्पेक्टर रामनाथ इवने ने बताया कि शाहपुर उप मंडी में मंगलवार से खरीदी शुरू की जाएगी। यहां मंगलवार और गुरुवार को मक्का खरीदी की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस बार बारिश का मौसम देर तक रहा, इसलिए अभी तक खरीदी शुरू नहीं की जा सकी थी। उल्लेखनीय है कि किसानों की मांग पर शाहपुर में उप मंडी स्वीकृत तो हो गई और वहां शेड वगैरह भी बना दिया गया है, लेकिन वहां खरीदी कभी-कभार ही होती है। अभी पिछले करीब 2 साल से शाहपुर उप मंडी बंद पड़ी थी।
इससे किसानों को अपनी कृषि उपज के वाजिब दाम भी नहीं मिल पा रहे थे। ऐसे में बड़े किसानों को अपनी उपज लेकर बैतूल या इटारसी जाना पड़ता था, लेकिन छोटे किसान ऐसा भी नहीं कर पाते थे। इन हालातों में उन्हें गांव में आने वाले व्यापारियों को ही अपनी उपज औने-पौने दामों में बेचना पड़ता था। यही कारण है कि किसान जल्द से जल्द शाहपुर मंडी शुरू किए जाने की मांग कर रहे थे।

