New Trains MP: मध्यप्रदेश को 3 नई रेलगाड़ियों की सौगात, इन शहरों का आसान होगा सफर

New Trains MP: मध्यप्रदेश को रेलवे के क्षेत्र में लगातार दूसरे दिन दूसरी बड़ी सौगात मिली है। आज मध्यप्रदेश को 3 नई रेलगाड़ियों का तोहफा मिला है। इससे कई राज्यों के शहरों तक सफर आसान हो जाएगा। इन ट्रेनों को शुरू करने की घोषणा आज रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रेल परियोजनाओं को लेकर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में की। सीएम डॉ. मोहन यादव गुरुवार प्रेस वार्ता में पन्ना से वर्चुअली जुड़े।


प्रेस कॉन्फ्रेंस में रेल मंत्री श्री वैष्णव ने बताया कि मध्यप्रदेश को जल्द ही तीन नई ट्रेनों की सौगात भी मिलने जा रही है। इनमें पहली ट्रेन रीवा से सतना-जबलपुर होकर पुणे तक चलेगी। दूसरी ट्रेन जबलपुर से रायपुर तक वाया नैनपुर-गोंदिया चलेगी। और तीसरी ट्रेन ग्वालियर से भोपाल व पुणे होकर बंगलुरु शामिल हैं। दो महीने पहले नई दिल्ली से डॉ. अंबेडकर नगर (महू) के लिए नई ट्रेन सेवा शुरू हो चुकी है।

रेल नेटवर्क के विस्तार को गति (New Trains MP)

इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश में रेल सुविधाओं के विकास और रेल नेटवर्क के विस्तार को गति प्रदान करने के लिए डबल इंजन सरकार पूरी तरह संकल्पित भाव से कार्य कर रही है। वर्तमान में देश का स्वर्णिम काल चल रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मानना है कि देश में रेल से अच्छा यातायात का कोई अन्य साधन नहीं है। इस नाते केंद्र सरकार रेलवे स्टेशनों को आधुनिक बनाते हुए प्रदेश में अलग-अलग रेलवे ट्रैक को विस्तार दे रही है।

मल्टी ट्रैकिंग परियोजना को मंजूरी (New Trains MP)

इसी क्रम में आर्थिक मामलों की केंद्रीय मंत्रिमंडलीय समिति ने रतलाम से नागदा के बीच रेलवे मल्टीट्रैकिंग परियोजना को स्वीकृति दी है जो मध्यप्रदेश के लिए बड़ी सौगात है। इससे मालवा अंचल में न सिर्फ रेल कनेक्टिविटी बढ़ेगी बल्कि अर्थव्यवस्था को लाभ होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नई रेल परियोजना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार माना।

प्रतिवर्ष बचेगा 7.5 करोड़ लीटर डीजल (New Trains MP)

रेल मंत्री श्री वैष्णव ने बताया कि रतलाम से नागदा के बीच तीसरी और चौथी रेल लाइन बिछाने से प्रतिवर्ष 7.5 करोड़ लीटर डीजल की बचत होगी। रतलाम-नागदा मल्टीट्रैकिंग परियोजना से पर्यावरण को भी लाभ पहुंचेगा। इससे 38 करोड़ किलोग्राम कार्बन डाइऑक्साइड का उत्सर्जन रोका जा सकेगा। कार्बन उत्सर्जन के लिहाज से देखा जाए तो यह 1.5 करोड़ पेड़ लगाने के बराबर परियोजना है।

सिंहस्थ के लिए ऐसी रेल सुविधाएं (New Trains MP)

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि रेल मंत्रालय ने प्रदेश में प्रारंभ नई रेल परियोजनाओं से बड़ी संख्या में रेल उपयोगकर्ता लाभान्वित होंगे। विश्व धरोहर स्थल खजुराहो तक रेल कनेक्टिविटी बढ़ाने और सिंहस्थ-2028 की दृष्टि से छोटे-छोटे अंडरपास तैयार करना आवश्यक हैं। रेल मंत्री श्री वैष्णव ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव को आश्वस्त करते हुए कहा कि सिंहस्थ के भव्य आयोजन के लिए प्रयागराज की तर्ज पर उज्जैन तक रेल सुविधाओं का विकास कार्य होगा।

बीस लाख नागरिक होंगे लाभान्वित (New Trains MP)

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री श्री मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडलीय आर्थिक मामलों की समिति ने बुधवार को मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र के लिए 2 मल्टीट्रैकिंग परियोजनाओं की मंजूरी दी। परियोजना की अनुमानित लागत 3,399 करोड़ रूपए है। इन मल्टीट्रैकिंग परियोजनाओं के अंतर्गत रतलाम से नागदा के मध्य तीसरी और चौथी लाइन बिछाने का कार्य होगा। वहीं महाराष्ट्र में वर्धा से बल्हारशाह तक चौथी रेल लाइन बिछाई जाएगी।

रेल नेटवर्क का इतना होगा विस्तार (New Trains MP)

इन दोनों मल्टीट्रैकिंग परियोजनाओं के पूर्ण होने पर भारतीय रेल नेटवर्क में लगभग 176 किलोमीटर तक विस्तार होगा। लगभग 784 गांवों में निवासरत 19.74 लाख नागरिकों तक रेलवे संपर्क सुविधा पहुंचेगी। इससे यात्रियों को सुगम एवं निर्बाध यात्रा का लाभ मिलेगा। साथ ही वस्तुओं के परिवहन कार्य को भी गति मिलेगी। (New Trains MP)

देश-दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें | Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com

उत्तम मालवीय

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

For Feedback - feedback@example.com

Related News

Leave a Comment