Mp News: सीएम शिवराज ने फिर गिराई दो अफसरों पर निलंबन की गाज, बोले- कुचल दिया जाएगा माफिया और सत्ता के दलालों को

Mp News:मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Chief Minister Shivraj Singh Chouhan) ने कहा है कि अधिकारी पूरे समर्पण के साथ सरकारी योजनाओं को नीचे तक पहुँचाये। अब सरकार भोपाल से नहीं, चौपाल से चल रही है। गाँव-गाँव और वार्ड-वार्ड में मुख्यमंत्री जन-सेवा शिविर लगाए गए, जिनमें अधिकारी और जन-प्रतिनिधियों ने पहुँच कर जनता की समस्याओं का समाधान किया और पात्र व्यक्तियों को शासकीय योजनाओं से जोड़ने का काम किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने अधिकारियों से कहा कि यह जनता की अदालत है- आपको यहाँ बेइज्जत करने नहीं जानकारी देने बुलाया जा रहा है। जनता के कार्य तत्परता के साथ समय पर किए जाएँ।
मुख्यमंत्री श्री चौहान शुक्रवार को छिन्दवाड़ा जिले के बिछुआ में मुख्यमंत्री जन-सेवा अभियान स्वीकृति-पत्र वितरण कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर ही एक हजार करोड़ रूपये से अधिक के विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान में प्रदेश में लगाए गए शिविरों में विभिन्न 38 शासकीय योजनाओं में 83 लाख नये हितग्राहियों के नाम जोड़े गये हैं। इन सभी को शिविर लगा कर स्वीकृति-पत्र वितरित किये जा रहे हैं। इन सभी हितग्राहियों को अगले माह से योजना का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा। प्रदेश की धरती पर माफिया और सत्ता के दलालों को कुचल दिया जाएगा। गरीब का राशन खाने वालों को हथकड़ी लगा कर जेल भेजा जाएगा। जिले के एक ब्लॉक में राशन वितरण में गड़बड़ी की शिकायत पर कलेक्टर को जाँच कर कड़ी कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
इन अफसरों को किया गया निलंबित
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि सरकार अच्छा कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को पुरस्कृत करेगी और लापरवाही तथा गड़बड़ करने वालों को छोड़ेगी नहीं। उन्होंने कार्य में लापरवाही बरतने पर छिन्दवाड़ा के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एवं बिछुआ के मुख्य नगरपालिका अधिकारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के पटवारी, पंचायत सचिव और सीईओ जनपद पंचायत को अच्छा कार्य करने के लिये बधाई दी।
समस्याओं के निदान में न हो विलंब
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं के निराकरण में बिल्कुल विलंब न किया जाये। उन्होंने ग्राम हर्रई में ट्रांसफार्मर विलंब से बदलने पर अप्रसन्नता व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि खराब ट्रांसफार्मर 3 दिन के अंदर बदल दिए जाने चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि छिन्दवाड़ा सिंचाई कॉम्पलेक्स में पाईपलाइन डाले बिना अगर भुगतान हुआ, तो मैं छोड़ूगा नहीं।
धर्मांतरण और लव जिहाद नहीं चलेगा
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने पेसा एक्ट की जानकारी देते हुए बताया कि यह किसी के खिलाफ नहीं है, सभी के लिये लाभकारी है। अब कोई जनजातीय भाई की जमीन नहीं हड़प पाएगा। यदि गलत तरीके से जमीन हड़प ली गई है तो ग्राम सभा को उसे वापस लेने का अधिकार होगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने तल्ख शब्दों में कहा कि मैं मध्यप्रदेश की धरती पर धर्मांतरण का कुचक्र एवं लव जिहाद नहीं चलने दूँगा। यह लव नहीं केवल जिहाद है।
जो अधिकारी-कर्मचारी अच्छा काम करेंगे हम उसकी पीठ थप थपाएंगे और जो गड़बड़ करेगा उस पर कार्रवाई करेंगे।
मुझे शिकायत मिली थी,इसलिए मैं छिंदवाड़ा CMHO को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर रहा हूं।बिछुआ के CMO को भी मैं सस्पेंड करता हूं। जनता की सेवा करना चाहिए: CM#मुख्यमंत्री_जन_सेवा_MP pic.twitter.com/KWGTPPkZ6y
— Chief Minister, MP (@CMMadhyaPradesh) December 9, 2022
एफआईआर की मिलेगी जानकारी
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि ग्राम में मनरेगा में कराये जाने वाले कार्य ग्राम सभा तय करेगी। मस्टर रोल ग्राम सभा में रखा जाएगा। गाँव से मजदूर बाहर ले जाने और बाहरी व्यक्ति के ग्राम में आकर रहने की अनुमति ग्राम सभा से लेनी होगी। आँगनवाड़ी, स्कूल, स्वास्थ्य केन्द्र, छात्रावास आदि के संचालन की मॉनिटरिंग भी ग्राम सभा कर सकेगी। मछुआरों को तालाबों के जल प्रबंधन का अधिकार होगा। गाँव के छोटे-मोटे झगड़े अब ग्राम की शांति एवं विवाद निवारण समिति निपटा सकेगी। पुलिस द्वारा की गई एफआईआर की जानकारी ग्राम सभा को देनी होगी।
बलात्कारियों को फांसी की सजा
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश पहला राज्य है जहाँ बेटियों के प्रति दुराचार करने वालों को फाँसी की सजा का प्रावधान किया गया है। प्रदेश में लाड़ली लक्ष्मी योजना- एक और दो संचालित हैं। प्रसन्नता की बात है कि जिन लाड़लियों को मैंने गोद में खिलाया है वे कॉलेज में प्रवेश ले चुकी है। उनकी कॉलेज की पढ़ाई का खर्च भी शिवराज मामा उठायेगा।
- Also Read: Maruti ने घटा दिए Alto, WagonR और S-Presso के दाम, दोबारा नहीं मिलेगा ऐसा मौका, फटाफट खरीद रहे लोग
छींद का मुकुट पहनाकर स्वागत
प्रारंभ में मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कन्याओं का पूजन किया और जनजातीय समाज के विशिष्ट व्यक्तियों और पुजारियों का सम्मान भी किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान का छिन्दवाड़ा के प्रतीक छींद का मुकुट पहना कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम के पहले मुख्यमंत्री श्री चौहान का जनजातीय कलाकारों द्वारा पारंपरिक स्वागत किया गया। श्री चौहान ने जनजातीय कलाकारों के साथ गेड़ी सेला नृत्य भी किया। स्वागत भाषण पूर्व विधायक रमेश द्विवेदी ने दिया।



