मध्यप्रदेश अपडेट

Sports Complex MP: एमपी के इस जिले में बनेगा प्रदेश स्तरीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, 100 करोड़ से बदलेगी खेलों की तस्वीर

Sports Complex MP: मध्यप्रदेश के निमाड़ अंचल के आदिवासी बहुल हरसूद क्षेत्र में खेलों को नई दिशा देने की तैयारी शुरू हो गई है। यहां प्रदेश स्तर के आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के निर्माण की योजना को सरकार की सैद्धांतिक मंजूरी मिल चुकी है। इस परियोजना के साकार होने से ग्रामीण और आदिवासी बच्चों को अपने ही क्षेत्र में उच्च स्तर का प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर मिलेगा, जिससे खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मंच मिलेगा।

खंडवा जिले के हरसूद क्षेत्र में प्रस्तावित यह स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स करीब 100 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य आदिवासी और ग्रामीण अंचल के युवाओं को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें बड़े शहरों की ओर पलायन न करना पड़े। इस कॉम्प्लेक्स के जरिए निमाड़ क्षेत्र की पहचान खेलों के क्षेत्र में मजबूत होगी और प्रदेश स्तर पर नई प्रतिभाएं सामने आ सकेंगी।

सरकारी मंजूरी के बाद तेज हुई तैयारी

सरकार से सैद्धांतिक सहमति मिलने के बाद प्रशासनिक और तकनीकी स्तर पर काम शुरू हो गया है। मध्य प्रदेश बिल्डिंग डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के इंजीनियरों ने हरसूद क्षेत्र के सेल्दामाल इलाके में चिन्हित भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया है। इसके आधार पर विस्तृत परियोजना रिपोर्ट यानी डीपीआर तैयार की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जैसे ही डीपीआर को अंतिम रूप मिलेगा, निर्माण से जुड़ी औपचारिक प्रक्रियाएं शुरू कर दी जाएंगी।

30 एकड़ जमीन का हो चुका आवंटन

स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के लिए कुल 39 एकड़ भूमि प्रस्तावित की गई है। इसमें से 30 एकड़ जमीन का आवंटन पूरा हो चुका है, जबकि शेष 9 एकड़ भूमि के लिए कागजी प्रक्रिया जारी है। अधिकारियों के अनुसार, भूमि से जुड़ी सभी औपचारिकताएं पूरी होते ही परियोजना को जमीन पर उतारने की दिशा में तेजी आएगी।

खेल और प्रशिक्षण की आधुनिक सुविधाएं

प्रदेश स्तरीय इस स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में इनडोर और आउटडोर दोनों तरह के खेलों की सुविधाएं विकसित की जाएंगी। एथलेटिक्स के लिए 400 मीटर का सिंथेटिक ट्रैक बनाया जाएगा। इनडोर खेलों में बैडमिंटन, टेबल टेनिस, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल और स्क्वैश के कोर्ट प्रस्तावित हैं। इसके अलावा कुश्ती, ताइक्वांडो, एरोबिक्स और वेटलिफ्टिंग के लिए अलग-अलग हॉल होंगे।

स्विमिंग और अन्य खेल की प्रैक्टिस

कॉम्प्लेक्स में खिलाड़ियों के लिए इनडोर और आउटडोर दोनों तरह के स्विमिंग पूल बनाए जाएंगे। इसके साथ ही क्रिकेट पिच, लॉन टेनिस कोर्ट, शूटिंग रेंज और हॉकी के लिए टर्फ भी विकसित किया जाएगा। इन सभी सुविधाओं का उद्देश्य खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप अभ्यास का माहौल देना है।

खिलाड़ियों को मिलेगी हर तरह की सुविधाएं

यहां चयनित प्रशिक्षुओं के लिए हॉस्टल की सुविधा और पौष्टिक भोजन की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही उन्हें खेल किट, आधुनिक उपकरण और प्रशिक्षण सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। शिक्षा से जुड़े खर्चों में सहायता और राज्य व राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने के अवसर भी दिए जाएंगे। खिलाड़ियों के मानसिक और शारीरिक विकास के लिए मनोरंजन और अन्य सहायक सुविधाएं भी प्रस्तावित हैं।

युवाओं में नजर आया खासा उत्साह

स्थानीय युवा खिलाड़ियों का कहना है कि इस तरह की सुविधा का इंतजार उन्हें लंबे समय से था। पवन कास्डे का कहना है कि अब उन्हें बड़े स्तर पर अभ्यास करने और प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने का मौका अपने ही क्षेत्र में मिलेगा। वहीं अंजलि सिसोदिया का मानना है कि यह स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगा और खेलों में करियर बनाने का रास्ता खोलेगा।

शासन की मंजूरी के बाद तैयार हो रही डीपीआर

मध्य प्रदेश बिल्डिंग डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के इंजीनियर मयंक राय के अनुसार, शासन की मंजूरी के बाद डीपीआर तैयार की जा रही है और इसके पूरा होते ही टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी। वहीं ट्राइबल विभाग के सहायक आयुक्त संतोष शुक्ला का कहना है कि यह परियोजना आदिवासी क्षेत्र में खेल संस्कृति को मजबूत करेगी, युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर देगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए रास्ते भी खोलेगी।

सोशल मीडिया पर बैतूल अपडेट की खबरें पाने के लिए फॉलो करें-

देश-दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com

उत्तम मालवीय

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button