Betul Crime News: हरकतों से थे परेशान, इसलिए जिन्होंने दिया जन्म उन्हीं माता-पिता ने उतार दिया था मौत के घाट, आरोपी गिरफ्तार

▪️ अंकित सूर्यवंशी, आमला
Betul Crime News: बैतूल जिले के आमला थाना (Amla Police Station) क्षेत्र के ससाबड़ गांव में हुए युवक के अंधे कत्ल का खुलासा (blind murder exposed) हो गया है। इस मामले में मृतक के परिजन ही कातिल निकले हैं। जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मृत युवक की हरकतों से त्रस्त होकर उसे जन्म देने वाले माता-पिता को ही उसे मौत के घाट उतारने को मजबूर होना पड़ा था।
आमला टीआई संतोष पंद्रे ने बताया कि विगत 13 अक्टूबर 2022 को सूचनाकर्ता कुसुम बिंझवे पति अभिराम बिंझवे उम्र 55 वर्ष निवासी ससाबड़ ने सूचना दी थी कि उसका बेटा संतोष बिंझवे उम्र 28 साल का शव उसके घर के पीछे की ओर पड़ा हुआ है। उसके गले पर धारदार हथियार से चोट के निशान हैं। घटना की सूचना पर थाना आमला में मर्ग प्रकरण कायम कर जाँच में लिया गया। शव पंचायतनामा उपरांत मृतक संतोष बिंझवे का शव का पोस्टमार्टम सीएचसी आमला में कराया गया। डॉक्टर द्वारा दी गई पीएम रिपोर्ट में मृतक संतोष बिंझवे को गले मे तेज धारदार हथियार से मारकर हत्या करना बताया गया। इस पर प्रकरण में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 302, 201 का कायम कर विवेचना मे लिया गया।

विवेचना टीम गठित कर घटना एवं मृतक संतोष बिंझवे से संबंधित प्रत्येक पहलुओं पर सूक्ष्मता से विवेचना की गई। साथ ही तकनीकि साक्ष्य भी एकत्र किये गये। मृतक के माता-पिता आपस में विरोधाभाषी कथन दे रहे थे। मृतक के पिता अभिराम के शरीर पर कुछ चोट के निशान भी पाये गये थे। हत्या से संबंधित सभी संभावनाओं पर विवेचना करने के उपरांत यह तथ्य स्पष्ट हो गया कि मृतक संतोष बिंझवे की हत्या उसके परिजनों द्वारा ही की गई है। घटना के वक्त मृतक के घर में उसके पिता अभिराम और माँ कुसुम बिंझवे के अतिरिक्त अन्य कोई और नहीं था। मृतक के माता–पिता को तलब कर नियमानुसार पूछताछ की गई।
दोनों कभी कुछ, कभी कुछ बताकर गुमराह करने का प्रयास भी किये। हालांकि विवेचना में आये तकनीकि साक्ष्य के आधार पर जब बारीकी से पूछताछ की गई तो मृतक के पिता अभिराम बिंझवे ने जुर्म स्वीकार कर बताया कि उनका बेटा संतोष बिंझवे का व्यवहार अच्छा नहीं रहा है। वह कई सालों से उनके साथ शराब पीकर मारपीट करता आ रहा था। अभी तक करीबन 8–10 बार मारपीट कर चोंट पहुँचा चुका है। विगत 25 सितंबर 2022 को भी मृतक ने अपने पिता अभिराम को शराब पीकर कुल्हाड़ी मार दिया था। जिससे उसका दाहिना कान कट गया था। इस कारण वह अहमदाबाद काम करने भाग गया था। पूर्व में एक बार हाथ भी तोड़ दिया था।
10 अक्टूबर 2022 को संतोष बिंझवे अहमदाबाद से वापस ससाबड़ आया तो घर में बैग रखकर आमला में अपने चचेरे भाई राजेश के घर में रहने चला गया। उसके बाद फिर 12 अक्टूबर 2022 की शाम 7 बजे करीब घर आया तो शराब पीने के लिये पैसे मांगने लगा। मना करने पर लकड़ी से माता-पिता दोनों के साथ मारपीट किया। जिससे पिता अभीराम के चेहरे एवं पसली मे चोट लग गई थी।
फिर माँ कुसुम बाई के द्वारा 100 रूपये देने पर दोस्तों के साथ शराब पीने चला गया। इसके बाद रात करीबन 10.30 बजे संतोष बिंझवे नशे की हालत में घर वापस आया तो फिर से गंदी-गंदी गालियां देकर माता-पिता के साथ मारपीट करने लगा। नशे की हालत में चूल्हे के पास लेटकर अनाप शनाप बड़बड़ाने लगा तो पिता अभिराम ने घर में रखी कटार से उसका गला काट दिया और खून न बहे इसलिये उसी का एक जींस का पेंट निकालकर गले में मजबूती से कस दिया।

रात करीबन 1 बजे पिता अभिराम ने मृतक संतोष के दोनों पांव पकड़ा और माँ कुसुम बाई ने उसके दोनों हाथ पकड़े और पीछे के दरवाजे से निकालकर लाश को धीरे-धीरे खींचते हुये घर के पीछे की तरफ ढलान में कच्ची रोड़ के किनारे तक लेकर गये और लाश को फेंक दिया। इसके बाद अभीराम ने मृतक के गले में बाँधा हुआ जींस का पेंट खोलकर रायमुनईया की घनी झाड़ियों के अंदर फेंक दिया और वापस अपने घर चले गये।
मृतक के पिता अभिराम को यह शक हो गया था कि माता-पिता को उसका बेटा संतोष कभी भी जान से मार सकता है तथा घर बेच कर भाग सकता है। इसलिये घटना दिनाँक को मौका देखकर कटारनुमा चाकू से गले पर मारकर हत्या कर दिया और किसी को पता न चले इसलिये शव को झाड़ियों में ले जाकर पत्नी की मदद से फेंक दिया।
आरोपी पिता अभीराम बिंझवे द्वारा दी गई जानकारी के आधार निशानदेही से मृतक संतोष बिंझवे के गले में बाँधा गया जींस का पेंट खून लगा हुआ तथा घटना में प्रयुक्त एक तेज धारदार लोहे की कटारनुमा चाकू अभिराम बिंझवे के घर के मण्ढा के ऊपर दीवाल से बरामद करने में पुलिस को सफलता मिली है। आरोपी अभिराम बिंझवे और कुसुम बिंझवे को आज गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है।



