Ulti Dast Se Maut : उल्टी-दस्त से बालिका की मौत, प्रशासनिक और स्वास्थ्य अमला पहुंचा, प्रभावित वार्डों में पानी की सप्लाई रोकी
▪️ उत्तम मालवीय, बैतूल
vomiting diarrhea : बैतूल जिले के बैतूल बाजार नगर में उल्टी-दस्त से एक 15 वर्षीय किशोरी की मौत का मामला सामने आया है। इसके साथ ही यहां दर्जनों लोग उल्टी-दस्त से पीड़ित है। यह जानकारी मिलने पर मंगलवार शाम को प्रशासनिक अधिकारी स्वास्थ्य अमले के साथ बैतूल बाजार पहुंचे। यहां पर स्वास्थ्य दल को कड़ी निगरानी रखने को कहा है। साथ ही प्रभावित वार्डों में नगर परिषद की पानी की सप्लाई बंद कर दी है। यहां केन से पानी पहुंचाया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बीते एक सप्ताह से बैतूल बाजार के भवानी वार्ड और मालवीय वार्ड के रहवासियों को उल्टी-दस्त डायरिया की शिकायत चल रही है। बताया जाता है कि बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक यहां उल्टी-दस्त का शिकार हो रहे हैं। यहां लगभग 45 लोगों के पीड़ित होने की बात कही जा रही है। स्थानीय लोगों में उस समय दहशत फैल गई जब एक किशोरी की उल्टी-दस्त से मौत हो गई।
बताते हैं कि मालवीय वार्ड निवासी रविंद्र गिलहरे की 15 वर्षीय बेटी रवीना को सोमवार रात से उल्टी-दस्त हो रहे थे। परिजन उसे बैतूल जिला अस्पताल लाए थे। वह अस्पताल तक पहुंच पाती, उसके पहले ही उसकी मौत हो गई। उल्टी-दस्त से किशोरी की मौत के बाद नगरवासियों में दहशत फैल गई। घटना की जानकारी कलेक्टर अमनबीर सिंह बैंस को मिलने पर उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों और स्वास्थ्य विभाग की टीम बैतूल बाजार भिजवाई।
मंगलवार शाम को यहां एसडीएम रीता डेहरिया, तहसीलदार प्रभात मिश्रा, मुख्य नगर पालिका अधिकारी अक्षत बुंदेला, उपयंत्री सुभाष शर्मा, डॉ. समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी प्रकाश तिवारी, संजय वर्मा, भूपेंद्र पवार, नीतू वर्मा, सुनील पवार ने पीड़ित लोगों और वार्डवासियों से मुलाकात की। उन्होंने सावधानी बरतने की सलाह दी। इधर आशा कार्यकर्ता भी वार्डों में घूमकर दवाएं वितरित कर रही हैं।
अब यह बरती जा रही सतर्कता
बालिका की मौत के बाद अलर्ट हुए प्रशासन द्वारा अब वार्डों में स्वास्थ्य विभाग की टीम भेजकर घर-घर पीड़ितों की जांच कराई जा रही है। इसी तरह नगर परिषद द्वारा सप्लाई किए जाने वाले पानी के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। अभी संक्रमित इलाकों में नल से सप्लाई किए जाने वाले पानी को पीने से मना कर दिया गया है। नगर परिषद द्वारा इन दोनों वार्डों में पीने के लिए आरओ वाटर वितरित किया जा रहा है। अन्य नागरिकों को भी पेयजल को उबालकर पीने की सलाह दी गई है।
परिषद और विभाग कटघरे में
जिला मुख्यालय से मात्र 6 किलोमीटर दूर बैतूल बाजार नगर स्थित है। इसके बावजूद इतने दिनों से उल्टी-दस्त का प्रकोप वहां है। उसके बावजूद उस पर काबू नहीं पाया जा सका। इसी के चलते वहां एक बालिका की असमय ही जान चली गई। इसके चलते नगर परिषद बैतूल बाजार और स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लग रहे हैं। लोगों का कहना है कि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जाते तो यह नौबत नहीं आती।
बैतूल बाजार में एक बालिका की उल्टी-दस्त से मृत्यु और कुछ लोगों के पीड़ित होने की सूचना मिली थी। कलेक्टर साहब द्वारा प्रशासनिक अधिकारियों और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर भिजवाई गई थी। सभी मरीजों की कड़ी निगरानी रखी जा रही है। गंभीर मरीजों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराने के निर्देश दिए हैं। प्रभावित वार्डों में पानी की सप्लाई रोक दी गई है। वहां केन से आरओ का पानी भेजा जा रहा है।
प्रभात मिश्र, तहसीलदार, बैतूल



