Political News: भाजपा विधायक 10% कमीशन लेकर देते थे अपनी निधि, जनाक्रोश रैली में पूर्व मंत्री सुखदेव पांसे ने लगाया आरोप

▪️ राकेश अग्रवाल, मुलताई
कांग्रेस की जन आक्रोश यात्रा आज मुलताई पहुंची। यहां मुलताई विधायक और पूर्व मंत्री सुखदेव पांसे ने भाजपा के पूर्व विधायक चंद्रशेखर देशमुख और भाजपा के मंडल अध्यक्ष पर गंभीर आरोप लगाए। श्री पांसे ने कहा कि विधायक निधि देने से पहले यह लोग 10% प्रतिशत कमीशन लेते थे। क्षेत्र के सरपंचों से इन्होंने कमीशन लेकर ही विधायक निधि दी है।

विधायक श्री पांसे ने कहा है कि उन्होंने जो काम किए है, भाजपाई उसे अपना काम बात कर झूठा श्रेय ले रहे हैं। जबकि क्षेत्र की जनता जानती है कि मुलताई में ट्रेनों के स्टापेज सहित बाईपास और हाईवे का निर्माण किसने करवाया है। उन्होंने दावा किया है कि इस बार मुलताई क्षेत्र में भाजपा का सुपड़ा साफ हो जाएगा।

इधर भाजपा के मंडल अध्यक्ष गणेश साहू ने विधायक के इस आरोप का खंडन किया है। उन्होंने कहा कि विधायक ने 5 साल में कोई काम नहीं करवाया। इसलिए अभी झूठे आरोप लगाकर भाजपा को बदनाम कर रहे हैं। जबकि नगर पालिका में भारी कमीशनखोरी कर ठेकेदारों को लाभ पहुंचाने का काम किया जा रहा है।

मंगलवार बाजार में आयोजित जन आक्रोश सभा में पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, प्रदीप जैन, पूर्व विधायक डॉ. पीआर बोडख़े, पूर्व प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि कमल सोनी, पूर्व ब्लाक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष संजय यादव, हॉजी शमीम खान, ब्लाक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जगदीश परिहार, प्रभात पटटन ब्लॉक अध्यक्ष डॉ. विजय देशमुख, मासोद ब्लाक अध्यक्ष मिश्रीलाल धाकड़, किशोर परिहार, सुमित शिवहरे सहित अन्य नेता शामिल हुए।

विधायक पांसे ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने मुलताई की 300 करोड़ की योजना बुधनी ले गए। जबकि मुलताई का हक मारा गया है। वहीं मुलताई को जिला भी नहीं बनाया जा रहा है, जिससे कि मुलताई के लोगों में आक्रोश है।

उन्होंने कहा कि विधायक रहते चंद्रशेखर देशमुख में क्षेत्र में कोई काम नहीं किया और विधायक निधि बांटने में भी 10% कमीशन वसूल किया है।जिसमें उनके साथ भाजपा के मंडल अध्यक्ष दिया करते थे। क्षेत्र के पूरे सरपंच उनकी 10% कमीशन मांगने की आदत से परेशान थे और इस चुनाव में उन्हें सबक सिखाया जाएगा।