Balram Krishi Mahotsav Betul: बलराम कृषि महोत्सव में सीएम मोहन यादव का बड़ा ऐलान, नई तकनीक अपनाकर बढ़ेगी किसानों की आय
Balram Krishi Mahotsav Betul: CM Mohan Yadav makes a major announcement at the Balram Krishi Mahotsav; farmers' income to rise through the adoption of new technology.

Balram Krishi Mahotsav Betul: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि खेती की नई तकनीकें ही किसानों की समृद्धि का नया द्वार हैं। किसान जितना अधिक नई तकनीकों, आधुनिक कृषि पद्धतियों और शासन की योजनाओं से जुड़ेंगे, उनकी आय उतनी ही बढ़ेगी और खेती अधिक लाभकारी बनेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में उद्यानिकी (बागवानी) फसलों का उत्पादन बढ़ता जा रहा है। बागवानी फसलों के विकास एवं विस्तार में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए देश का पहला पुरस्कार मध्यप्रदेश को मिला है। यह हमारी सरकार की किसानों की जिंदगी को बेहतर बनाने की प्रतिबद्धता का ही परिणाम है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सोमवार को बैतूल में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव को मुख्यमंत्री निवास से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से संबोधित कर रहे थे।
कार्यक्रम में लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्यमंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल, प्रदेश प्रभारी बलराम कृषि महोत्सव कपिल यार्दे, मुलताई विधायक चंद्रशेखर देशमुख, आमला विधायक डॉ योगेश पंडाग्रे, जिला पंचायत अध्यक्ष राजा पंवार, जिला विकास सलाहकार समिति सदस्य सुधाकर पंवार, जिला पंचायत उपाध्यक्ष हंसराज धुर्वे, प्रदेश अध्यक्ष किसान मोर्चा जयपाल सिंह चावडा, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती विमला जावलकर, सरपंच श्रीमती सविता धुर्वे, कप्तान सिंह यादव, अशोक पांसे, राजेंद्र सिंह राजपूत सहित कलेक्टर डॉ.सौरभ संजय सोनवणे, पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहें। अतिथियों ने सर्वप्रथम मां सरस्वती और बलराम जी के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान गीद फाउंडेशन उज्जैन के कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गई।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बैतूल जिले की प्राकृतिक सम्पदा, उपजाऊ भूमि और मेहनतकश किसानों की सराहना करते हुए कहा कि जिस धरती को सूर्यपुत्री मां ताप्ती सहित सात नदियों का आशीर्वाद प्राप्त हो, वहां की उर्वरता और कृषि उत्पादन का कोई मुकाबला नहीं है। उन्होंने कहा कि यह किसानों का अपना कार्यक्रम है। किसान कल्याण एवं सशक्तिकरण के लिए हमारी सरकार प्रतिबद्ध है। हम एग्रीकल्चर सेक्टर में विकास के नये पैमाने लिख रहे हैं। हम जो कहते हैं, वो करके दिखाते हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बैतूल ने मक्का उत्पादन के क्षेत्र में प्रदेश ही नहीं, देश में अपनी अलग पहचान बनाई है। जिले के किसान गेहूं, धान, मक्का और श्रीअन्न जैसी फसलों का उत्कृष्ट उत्पादन कर प्रदेश की खाद्य सुरक्षा को मजबूत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि मध्यप्रदेश आज देश की “फूड बास्केट” के रूप में उभर रहा है तो उसमें बैतूल की उपजाऊ मिट्टी और किसानों की मेहनत का अत्यंत महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा कि किसानों की चिंताओं को कम करने और उनकी समृद्धि को बढ़ाने के उद्देश्य से राज्य सरकार 15 जुलाई से 13 नवंबर तक बलराम कृषि महोत्सव का आयोजन कर रही है। इस दौरान पूरा प्रशासन किसानों के बीच पहुंचकर उन्हें आधुनिक कृषि तकनीकों, नवीन योजनाओं तथा वैज्ञानिक खेती की जानकारी उपलब्ध करा रहा है। मुख्यमंत्री ने किसानों से आह्वान किया कि वे इस महोत्सव का अधिकतम लाभ उठाएं, विशेषज्ञों से संवाद करें, नई तकनीकों को जानें और उन्हें अपनाकर अपनी आमदनी बढ़ाएं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश के किसानों के हित में सरकार द्वारा लिए गए निर्णयों की जानकारी देते हुए कहा कि मूंग उत्पादक किसानों की मांग को देखते हुए उपार्जन के लिए पात्र किसानों की सीमा 25 प्रतिशत से बढ़ाकर 60 प्रतिशत कर दी गई है। हम किसानों की 60 प्रतिशत मूंग खरीदेंगे। स्लॉट बुकिंग की अंतिम तिथि 10 अगस्त तथा मूंग उपार्जन की अंतिम तिथि 20 अगस्त 2026 तक बढ़ा दी गई है। किसानों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए खाद वितरण में लागू ई-टोकन व्यवस्था को भी हमने तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष समर्थन मूल्य के साथ बोनस देकर गेहूं का रिकॉर्ड उपार्जन किया गया है। धान उत्पादक किसानों को 4 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर की अतिरिक्त सहायता दी जा रही है। प्रदेश में पहली बार कोदो-कुटकी की रिकॉर्ड खरीदी करते हुए किसानों को एक हजार रुपये प्रति क्विंटल बोनस भुगतान भी सुनिश्चित किया गया है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बैतूल के दीर्घकालिक विकास के लिए जल संरक्षण और सिंचाई सुविधाओं का विस्तार सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र सरकार के साथ ‘तापी बेसिन मेगा रिचार्ज परियोजना’ के लिए समझौता हस्ताक्षर कर लिया गया है, इससे बैतूल, बुरहानपुर और खंडवा सहित पूरे क्षेत्र में सिंचाई क्षमता और भू-जल संरक्षण को नई मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारी सरकार खेत से बाजार तक पूरी कृषि मूल्य श्रृंखला को मजबूत करने के लिए कार्य कर रही है। फूड प्रोसेसिंग, वेयरहाउसिंग, कोल्ड चेन, ग्रेडिंग, पैकेजिंग, वैल्यू एडिशन तथा कृषि निर्यात को प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि सरकार हर कदम पर उनके साथ खड़ी है और उसका एकमात्र संकल्प है कि किसानों को उनकी मेहनत का पूरा मूल्य मिले तथा खेती वास्तविक अर्थों में लाभ का व्यवसाय बने।
- यह भी पढ़ें : Mini Holland Rupakheda: ‘मिनी हॉलैंड’ बना मध्यप्रदेश का यह गांव, फूलों की खेती से किसानों की बदली तकदीर
महोत्सव में प्रगतिशील किसानों का हुआ सम्मान
बलराम कृषि महोत्सव के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में नवाचार और उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रगतिशील किसानों को मुख्य अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। सम्मानित किसानों में लाखापुर निवासी सरिता उइके को ग्रीन नेटहाउस में सब्जी पौध उत्पादन कर किसानों को पौधे उपलब्ध कराने एवं आजीविका बढ़ाने के लिए, मोरडोंगरी निवासी सुशीला सिरसाम को एकीकृत कृषि प्रणाली, जैविक खेती, वर्मी कम्पोस्ट यूनिट एवं जैविक कीटनाशक एकीकृत कृषि अंतर्गत बैकयार्ड, मुर्गी पालन, मल्टी लेयर पाली मल्चिंग खेती एवं औषधीय पौधों की उन्नत खेती अपनाने के लिए, भैंसदेही निवासी शोभा पाल को पॉलीमल्चिंग, पशुपालन एवं मल्टीलेयर फार्मिंग के माध्यम से किसानों को जोड़ने के लिए सम्मानित किया गया। इसी प्रकार मलकापुर निवासी नवनीत मेहतो को पशुपालन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य, देवगांव निवासी चंद्रभान सिंह चंदेल को उन्नतशील कृषक के रूप में तथा आरुल निवासी भुवेंद्र ओंकर को एमआईडीएच योजना के अंतर्गत पुष्प एवं सब्जी क्षेत्र विस्तार में उल्लेखनीय कार्य करने पर सम्मानित किया गया। इसके अलावा ग्राम जैतापुर निवासी राजीव रोमी वर्मा को आम, अमरूद क्षेत्र विस्तार और उद्यानिकी में उत्कृष्ट कार्य के लिए तथा खेड़ली निवासी आशीष निर्मले को डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना के तहत उन्नत पशुपालन को बढ़ावा देने के लिए सम्मानित किया गया।
मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान
“बलराम कृषि महोत्सव” के दौरान अतिथियों ने रातामाटी की कु.अश्विनी रावत को अंतरराष्ट्रीय कराटे चैंपियन उपलब्धि, गेहुरास निवासी आयुष गांगरे को इसरो में चयन, ग्राम कुमारिया निवासी शिवम खोडके को एमपी बोर्ड कक्षा 10वीं में 98 प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर, जीन निवासी विशाखा धोटे को एमपीपीएससी के माध्यम से सहायक प्राध्यापक इतिहास पद पर चयन, सांवरी निवासी विनय सिंह रघुवंशी को परमाणु ऊर्जा विभाग में वैज्ञानिक सहायक पद पर चयन, साईंखेड़ा निवासी कु.हर्षिता पंवार को नीट यूजी में चयन, खेड़ीकोर्ट निवासी कु.याशिका पंडागरे को जेईई में चयन तथा हिवरखेड़ी निवासी सुमित सिंह सिसोदिया को सब इंस्पेक्टर पद पर चयन होने पर सम्मानित किया गया।
- यह भी पढ़ें : Betul Road Accident: बैतूल-इंदौर हाईवे पर बड़ा हादसा, बेटी और नवजात से मिलकर लौट रहे पिता की सड़क हादसे में मौत
अतिथियों ने विभागीय प्रदर्शनी का किया अवलोकन
बलराम कृषि महोत्सव कार्यक्रम के मुख्य अतिथियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन कर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उत्पादों की जानकारी प्राप्त की। किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग की प्रदर्शनी में उन्होंने कुटकी, रागी, बाजरा, सावा, गडमल सहित जैविक खाद से तैयार उत्पादों एवं जैविक दवाइयों की जानकारी ली। वहीं मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा तैयार सरसों का तेल, प्राकृतिक शहद एवं अन्य स्थानीय उत्पादों का अवलोकन कर उनकी सराहना की। इसके अलावा प्रभारी मंत्री ने उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग, पशुपालन एवं डेयरी विभाग, मत्स्य पालन विभाग, जनजातीय कार्य विभाग, अंत्यावसायी विभाग, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक, भू-अभिलेख विभाग तथा कृषि अभियांत्रिकी विभाग की प्रदर्शनी का भी अवलोकन कर विभागीय गतिविधियों और योजनाओं की जानकारी की।
सोशल मीडिया पर बैतूल अपडेट की खबरें पाने के लिए फॉलो करें-
- हमारे यूट्यूब चैनल पर खबरें देखने के लिए : यहां क्लिक करें
- वाट्सअप चैनल पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक ग्रुप पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक पेज पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- एक्स पर खबरें पाने के लिए: यहां क्लिक करें
देश–दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com


